Wed. Aug 12th, 2026

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, चालक फरार।

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत भोदर क्षेत्र से अवैध लकड़ी से भरा एक ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वन विभाग की टीम को देखकर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वन अमले ने ट्रक को कब्जे में लेकर लकड़ी की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र की टीम ने ग्राम पंचायत रूपपुर सहित भोदर क्षेत्र में निगरानी और घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एक ट्रक वहां पहुंचा। वन विभाग की टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन टीम को देखते ही चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद वन अमले ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी बरामद हुई। प्रारंभिक तौर पर जब्त लकड़ी चंदन जैसी दिखाई देने वाली कत्थे की लकड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि लकड़ी की वास्तविक प्रजाति और उसकी वैधता की पुष्टि वन विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही ट्रक के दस्तावेजों और लकड़ी से संबंधित वैध कागजात की भी जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान और तलाश के लिए भी वन विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग का कहना है कि वन संपदा के अवैध कटान और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही जब्त लकड़ी की मात्रा, प्रजाति और पूरे नेटवर्क से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Related Post