बलरामपुर/रामानुजगंज। जिले में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में प्रवेशित छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड बलरामपुर के सेजेस जरहाडीह में साइकिल वितरण के दौरान गुणवत्ता संबंधी मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर तथा संबंधित विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण एवं निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण साइकिलें ही उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से दो दिवस के भीतर उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा साइकिलों की गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। ऐसे में योजना के तहत वितरित होने वाली साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की सख्ती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब संबंधित अधिकारियों के जवाब और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

