Tue. Sep 1st, 2026

तीन बच्चों की मां ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

13 साल की शादी के बाद प्रेम संबंध बना हत्या की वजह,एक लाख रुपये की सुपारी का आरोप

चिनियां/ झारखंड के चिनियां थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले हुए सड़क हादसे के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में यह घटना कथित तौर पर सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पति की सुनियोजित हत्या की साजिश निकली है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और हत्या को अंजाम देने के लिए पिकअप चालक को एक लाख रुपये की सुपारी दी।

मृतक की पहचान बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के श्रीकांत रवि के रूप में हुई है। करीब 13 वर्ष पहले उसकी शादी झारखंड के देवीगंज निवासी मनीषा से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, मनीषा का मोहम्मद हसन नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध था। हसन रामानुजगंज में मोबाइल की दुकान चलाता था और कुछ समय तक श्रीकांत के घर में किराए पर भी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कथित रूप से नजदीकियां बढ़ीं।

प्रेम संबंध की जानकारी के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, श्रीकांत को पत्नी के कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। पुलिस का दावा है कि मनीषा और मोहम्मद हसन साथ रहना चाहते थे और इसी कारण श्रीकांत को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

फोन कर बुलाया, रास्ते में पिकअप ने मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन मनीषा ने फोन कर श्रीकांत को चिनियां बुलाया था। श्रीकांत बाइक से चिनियां के लिए निकला। इसी दौरान बरवाहा मोड़ के पास एक पिकअप ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना था।

मां के बयान से बदली जांच की दिशा

श्रीकांत की मां शांति देवी को घटना को लेकर शुरू से ही संदेह था। उन्होंने पुलिस को बहू के कथित प्रेम संबंध और परिवार में चल रहे विवाद की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की। जांच में पुलिस को कथित तौर पर हादसे के पीछे हत्या की साजिश के सुराग मिले।

एक लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए पिकअप चालक प्रवेज अंसारी को एक लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि तय योजना के तहत पिकअप से श्रीकांत की बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी गई, ताकि घटना सड़क हादसे जैसी दिखाई दे।

तीन गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश

रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के अनुसार, पुलिस ने जांच के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक की पत्नी मनीषा,  हसन अंसारी और घटना के समय पिकअप में सवार परवेज अंसारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में दो अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों पर लगे आरोप पुलिस जांच पर आधारित हैं। मामले में अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय के बाद ही मानी जाएगी।

Related Post