अनूपपुर/बिजुरी। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को कथित रूप से गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 2 किलो 345 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रान्त मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में की गई।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ठाकुर बाबा धाम (लोहसरा) के पास बरगद के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा लेकर बैठा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम साक्षियों के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस का कहना है कि मौके पर एक व्यक्ति काला बैग लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह बैग सहित झाड़ियों की ओर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
बैग की तलाशी में मिला गांजा
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम बबलू बेनिया (44 वर्ष), पिता निलंबर बेनिया, मूल निवासी बक्सी तुलसी पाली, थाना जूनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा तथा वर्तमान निवासी वार्ड क्रमांक 07, पड़रीपानी, बिजुरी बताया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास मौजूद काले बैग की तलाशी लेने पर उसमें हरी सूखी पत्तियां, डंठल एवं बीजयुक्त पदार्थ मिला। आरोपी ने इसे गांजा बताया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर पन्नी एवं टेप सहित कुल वजन 2 किलो 345 ग्राम पाया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर बरामद गांजे को विधिवत सील कर अपने कब्जे में लिया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20(b) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश करते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में बिजुरी पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।

