सूरजपुर। जिले में एक सरकारी शिक्षिका और उनके 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर गांव में सड़क किनारे छात्र का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान होने पर पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो वहां उसकी मां का शव भी बरामद हुआ। मां-बेटे की मौत से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह महावीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के पास ग्रामीण सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक के शरीर पर चोट के कई निशान थे। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई गई कि युवक की हत्या करने के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया होगा। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण शव को विश्रामपुर स्थित मॉर्च्युरी भेज दिया गया था।
बाद में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेट के रूप में हुई। पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
छात्र की पहचान होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है। इसके बाद पुलिस सुजल के घर पहुंची, लेकिन मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। उसकी मां के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी।
स्थिति संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मृतक परिवार के परिचितों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया गया। घर के अंदर बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेट का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया।
जानकारी के मुताबिक, रजनी बरेट बेलटिकरी के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। पति की मृत्यु के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ रहती थीं। मां-बेटे की मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चाओं का माहौल है।
सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि मृतक महिला और युवक मां-बेटे थे। महिला शिक्षिका थीं, जबकि उनका बेटा पढ़ाई कर रहा था। दोनों मूल रूप से बालाघाट क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि मां-बेटे की हत्या किसने की, वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या वजह थी और छात्र का शव घर से दूर सड़क किनारे कैसे पहुंचा। इन सवालों के जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
शिक्षिका मां और 12वीं के छात्र बेटे की दोहरे हत्याकांड से दहला महावीरपुर

