Sat. Oct 24th, 2026

शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में योग शिविर एवं एकता दौड़ का आयोजन।

रामानुजगंज। शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में रामानुजगंज स्थित 12वीं बटालियन परिसर में पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा के सहयोग से योग शिविर एवं एकता दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों, कर्मचारियों, सैनिकों और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ समाज में अनुशासन, भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योगाभ्यास से हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने योगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके पश्चात एकता दौड़ आयोजित की गई, जिसमें बटालियन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं योग साधकों ने सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और आपसी सहयोग का वातावरण देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा की संचालिका आरती वाजपेयी ने बताया कि रामानुजगंज में कनहर नदी के तट पर स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से निःशुल्क योग कक्षा संचालित की जाती है। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 9 मार्च 2019 को योगगुरु डॉ. पवन सिंघल के निर्देशन में मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से हुई थी। वर्तमान में अशोकनगर, ग्वालियर, भोपाल और खुरई सहित छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं के माध्यम से लोगों को नियमित योगाभ्यास, शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

आरती वाजपेयी ने कहा कि योग साधकों और 12वीं बटालियन के अधिकारियों-कर्मचारियों का एक साथ योगाभ्यास एवं एकता दौड़ में शामिल होना गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि आपसी सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।

वहीं, 12वीं बटालियन के सेनानी दौलत राम पोर्ते ने बताया कि शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में आयोजित एकता दौड़ के माध्यम से उनके बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाता है। ऐसे कार्यक्रम पुलिस बल में अनुशासन, समर्पण, एकजुटता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम में सेनानी दौलत राम पोर्ते, लियोस कुजूर, सहायक सेनानी गोविंद राम मिंज, रूपनाथ, राम भगत, भारत भूषण गिरी, कंपनी कमांडर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और सैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को नमन करते हुए एकता, सद्भावना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ हुआ। पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा एवं 12वीं बटालियन का यह संयुक्त आयोजन समाज में सकारात्मक सोच, नियमित योगाभ्यास और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने वाला रहा।

Related Post