बलरामपुर, रामानुजगंज खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिले में इस बार कुल 54 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की जाएगी, जिनमें 49 पूर्व से संचालित तथा 5 नवीन केंद्र शामिल हैं। अपर कलेक्टर ने सभी केंद्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने टोकन व्यवस्था सुचारू रखने, किसानों को प्रक्रिया संबंधी जानकारी समय पर देने तथा विकासखंड स्तर पर ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए। धान के अवैध परिवहन और कोचियों-बिचौलियों पर रोक के लिए प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट स्थापित कर सतत निगरानी रखने को भी कहा गया।
खाद्य अधिकारी ने समिति प्रबंधकों से प्रारंभिक तैयारियों की बिंदुवार जानकारी ली और केंद्रों में सुगम पहुंच मार्ग, चबूतरे व फड़ का समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, किसानों के लिए छायादार विश्राम स्थल, जल निकासी तथा सुरक्षा व्यवस्था समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। तौल कांटों व बाटों का सत्यापन, कंप्यूटर, प्रिंटर, विद्युत व्यवस्था, बारदाना, सूचना पटल, प्राथमिक उपचार पेटी, सीसीटीवी कैमरे, धान की स्टैकिंग तथा टोकन ऐप की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की धान खरीदी गाइडलाइन का विस्तृत जानकारी भी दिया गया।
बैठक में फसल सर्वे, एग्रीस्टेक पोर्टल में किसान पंजीयन, एकीकृत पोर्टल में डाटा कैरी फॉरवर्ड, विगत वर्ष के धान के उठाव एवं कस्टम मिलिंग की समीक्षा की गई। अधिकारियों को धान फसल का भौतिक सत्यापन करने तथा शेष किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन शीघ्र कराकर उनके नॉमिनी की जानकारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर. एस. लाल, खाद्य अधिकारी श्री विनय कुजूर, सहायक पंजीयक श्री सुरेश कुमार पैंकरा, जिला विपणन अधिकारी सुश्री प्रीतिका पूजा केरकेट्टा, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी के.पी. मिश्रा सहित खाद्य निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

