Fri. Oct 30th, 2026

कृषि मंत्री के उपस्थिति में मनेगा ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’

बलरामपुर: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आगामी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से देश के करोड़ों किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इस खास अवसर को देश भर में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले में भी जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले का मुख्य कार्यक्रम 30 अक्टूबर (शुक्रवार) को सुबह 9 बजे से स्थानीय ऑडिटोरियम भवन, बलरामपुर में आयोजित किया जाएगा। इस राज्य व जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम और सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज होंगे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते और सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा संयुक्त रूप से करेंगी।

जिला मुख्यालय के अलावा विकासखंड स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य संबोधन और किस्त जारी होने की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण (वेबकास्ट के माध्यम से) इन सभी स्थानों पर दिखाया जाएगा।

प्रशासन और कृषि विभाग ने क्षेत्र के सभी कृषक बंधुओं और ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विकासखंड या जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर योजना का लाभ उठाएं।

Related Post