बलरामपुर-रामानुजगंज आगामी धान खरीदी सत्र को पूरी तरह सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में प्रशासनिक अधिकारी लगातार जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों का मैदानी दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में, उप संचालक पंचायत एवं जिला अंकेक्षक ने आज जनपद पंचायत वाड्रफनगर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बड़का गांव स्थित उपार्जन केंद्र और गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
पर्याप्त बारदाने और उपकरणों की जांच
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, इस केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए 15,000 नए और 1,200 पीडीएस बारदाने पहले ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक शासकीय दस्तावेजों का गहन आकलन किया।
धान में नमी की जांच के लिए आर्द्रता मापी (मॉइस्चर मीटर) और तौल की सटीकता के लिए माप-तौल यंत्रों की विशेष रूप से जांच की गई।
परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को सख्त निर्देश दिए गए।
अन्य केंद्रों का भी हुआ निरीक्षण
बड़का गांव के अलावा प्रशासनिक टीम ने चेरा, डिंडो और डुमरपान उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर भी चल रही तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मियों को निर्देशित किया कि किसानों को खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसलिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरी कर ली जाएं।

