Tue. Nov 17th, 2026

छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार।

छत्तीसगढ़,से एक बेहद संवेदनशील, झकझोर देने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ शिक्षा के मंदिर को कलंकित करते हुए एक शिक्षक पर 6 साल की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके में भारी रोष व्याप्त है और सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जब शिक्षण संस्थानों में ही मासूम सुरक्षित नहीं हैं, तो अभिभावक अपने बच्चों को कहाँ भेजें।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। पीड़िता 6 साल की मासूम बच्ची स्कूल में पढ़ने जाती थी। आरोप है कि स्कूल के शिक्षक ने उसे और कक्षा के एक अन्य बच्चे को बहला-फुसलाकर किसी अन्य कमरे में ले गया और वहाँ बच्ची के साथ अश्लील हरकत को अंजाम दिया।
जब डरी-सहमी मासूम घर लौटी, तो उसने रोते हुए अपनी आपबीती अपनी दादी को बताई। बच्ची की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार वालों ने बिना एक पल गंवाए समझदारी दिखाते हुए तुरंत गांव के प्रमुख लोगों को इसकी जानकारी दी और ‘डायल 112’ पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और बच्ची की दादी को औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए घरघोड़ा थाना भेजा।
थाना पहुँची पीड़िता की दादी के लिखित आवेदन पर घरघोड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक अजय कुमार भट्ट के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 दर्ज किया। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 तथा पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 8 एवं 12 के तहत गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और लंबी पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से विवेचना की जा रही है।
लोगों का कहना है कि इस घटना ने समाज के माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खींच दी हैं। सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘मिशन शक्ति’ जैसे बड़े-बड़े दावों के बीच इस तरह की घटनाएं व्यवस्था की पोल खोलती नजर आ रही हैं। जब स्कूल जैसे पवित्र स्थानों पर बच्चों को पढ़ाने वाले ही उनके रक्षक की बजाय भक्षक बन जाएं, तो समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना कैसे बचेगी।अब जरूरत इस बात की है कि ऐसे दरिंदों को स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि भविष्य में इस तरह की घिनौनी हरकत करने से पहले कोई भी कांप उठे।

Related Post