Sun. Jun 7th, 2026

पदीय गरिमा के विपरीत कार्य करने पर प्रभारी प्राचार्य निलंबित

बलरामपुर जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वाड्रफनगर में आयोजित विदाई समारोह में संस्था के प्रभारी प्राचार्य श्री रामनाथ नायक, मूल पद व्याख्याता (एल.बी.) के द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील गानों पर डांस (नृत्य) करने संबंधी खबर मीडिया में वायरल हुई थी। मीडिया में वायरल खबर को संज्ञान में लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा स्वयं विद्यालय में पहुंचकर विद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं की उपस्थिति में वायरल खबर के संबंध में जांच की गई। जांच में वायरल खबर की पुष्टि हुई है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री नायक के द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील गानों पर डांस (नृत्य) करना पदीय गरिमा के विपरीत एवं अनुशासनहीनता है, जिसके कारण विभाग की छवि धूमिल हुई है । श्री रामनाथ नायक, प्रभारी प्राचार्य का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। अतः छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के उपनियम (1) के अन्तर्गत संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय के द्वारा श्री रामनाथ नायक, प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता एल.बी.), को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज नियत किया गया है। निलंबन अवधि में संबंधित को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

Related Post

You Missed

अवैध ईंधन भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पेट्रोल-डीजल जब्त बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में अवैध ईंधन भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर तहसील शंकरगढ़ क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाते हुए प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से संग्रहित एवं परिवहन किए जा रहे पेट्रोल और डीजल को जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शंकरगढ़ श्री अनमोल विवेक टोप्पो के नेतृत्व में तहसीलदार शंकरगढ़ तथा खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर जांच की। जांच के दौरान कुल पांच मामलों में पेट्रोल एवं डीजल के अवैध भंडारण और परिवहन की पुष्टि होने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 52 लीटर पेट्रोल एवं 105 लीटर डीजल जब्त किया। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से ईंधन का भंडारण और परिवहन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे जनसुरक्षा को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा है कि जिले में आवश्यक वस्तुओं के सुचारु एवं नियमबद्ध वितरण को सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। अवैध भंडारण, कालाबाजारी, परिवहन और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध रूप से पेट्रोल, डीजल अथवा अन्य आवश्यक वस्तुओं का भंडारण या परिवहन किया जा रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने तथा जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।