Fri. Oct 23rd, 2026

February 2025

जल परीक्षण प्रयोगशाला में विभिन्न पदों की भर्ती

बलरामपुर ,कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी ने जानकारी दी है कि उपखण्डीय जल परीक्षण प्रयोगशाला रामानुजगंज एवं वाड्रफनगर के संचालन हेतु दैनिक वेतन भोगी में कार्य करने के लिए सहायक रसायनज्ञ, प्रयोगशाला सहायक एवं सफाई कर्मी के 1-1 पदों की आवश्यकता है। सहायक रसायनज्ञ के पद के लिए बी.एस.सी. एवं कम्प्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा, प्रयोगशाला सहायक के लिए 12वीं विज्ञान समूह एवं कम्प्यूटर तथा सफाई कर्मी के लिए 5वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उक्त पदों के लिए वॉक इन इंटरव्यू 06 मार्च 2025 को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बलरामपुर, पानी टंकी रोड दहेजवार में प्रातः 11 बजे से साक्षात्कार लिया जाएगा।

अबुझमाड़ मैराथन पंजीयन कि प्रक्रिया जारी

अबुझमाड़ मैराथन पंजीयन कि प्रक्रिया जारी

नारायणपुर जिले में पारंपरिक महोत्सव को ध्यान में रखकर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस नारायणपुर, भिलाई स्टील प्लांट, जायसवाल निको इंडस्ट्रीज लिमिटेड तथा अन्य संस्थानों के सहयोग से अबुझमाड़ महोत्सव-अबुझमाड़ पीस हॉफ मैराथन 2025 का आयोजन 02 मार्च 2025 को प्रातः 05.30 बजे से आयोजित किया जाना है। उक्त आयोजन में राज्य एवं देश-विदेश के लगभग 15-16 हजार धावकों द्वारा सहभागिता प्रदान किया जावेगा। उक्त आयोजन जिसके लिए वेबसाईट रन अबुझमाड़ डॉट ईन में पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। अबुझमाड़ मैराथन में पंजीयन कराने वाले धावकों के लिए पंजीयन शुल्क 299 रुपये निर्धारित किया गया है। उक्त मैराथन दौड़ में विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। जिसके तहत ओपन हाफ मैराथन महिला एवं पुरुष (21 कि.मी.) में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 01 लाख 50 हजार, द्वितीय 01 लाख, तृतीय 75 हजार, चतुर्थ एवं पंचम 50 हजार तथा 6वें से 10वें स्थान तक 10-10 हजार रुपये पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार ओपन जिला हाफ मैराथन महिला एवं पुरुष (21 कि.मी.) में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 01 लाख, द्वितीय 75 हजार, तृतीय 50 हजार, चतुर्थ एवं पंचम 10 हजार तथा 6वें से 10वें स्थान तक 05-05 हजार रुपये पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। दौड़ ओपन महिला एवं पुरूष (10 कि.मी.) में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 15 हजार, द्वितीय 10 हजार, तृतीय 08 हजार, चतुर्थ एवं पंचम 10 हजार तथा दौड़ ओपन महिला में (05 कि.मी.) में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 10 हजार, द्वितीय 07 हजार, तृतीय 05 हजार, चतुर्थ एवं पंचम 01-01 हजार रुपये पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

लापरवाह प्रभारी अधीक्षिका निलंबित

बलरामपुर, जिले में आश्रम/छात्रावासों में निवासरत छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा शारीरिक विकास के देखरेख एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराये जाने की जिम्मेदारी अधीक्षिका की होती है, परन्तु पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा परिसर राजपुर की प्रभारी अधीक्षिका श्रीमती जेरमिना कुजूर (प्रधान पाठक) के द्वारा कक्षा 10वीं में अध्ययनरत व छात्रावास निवासरत छात्रा का देखरेख व संरक्षण उचित प्रकार से नहीं किया गया। जिसके कारण उक्त छात्रा का प्रेम संबंध स्थापित हो गया, जिससे छात्रा गर्भवती हो गई। प्रभारी अधीक्षिका कुजूर द्वारा अपने पदीय दायित्वों को सम्यक रूप से पालन नहीं किया गया, जो अधीक्षिकीय पदीय दायित्व के निर्वहन में प्रभारी अधीक्षिका के घोर लापरवाही को दर्शाता है।
श्रीमती कुजूर का उक्त कृत्य छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 के सर्वथा विपरीत होने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम-1966 के नियम 9 (1) (क) में वर्णित प्रावधानों के तहत निलंबित किया गया है। श्रीमती कुजूर का निलंबन अवधि में मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचन्द्रपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में श्रीमती जेरमिना कुजूर, को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

क्या अब होगी अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई कलेक्टर

बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने अवैध खनन पर लगातार कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त फर्मों एवं लोगों के विरूद्ध आवश्यक रूप से कार्यवाही करें। उन्होंने जांच कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर क्रेशर प्लांट सील करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने जांच में सभी वाहनों में बिना पीटपास के खनिज परिवहन करने के कारण अवैध खनिज परिवहन पर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.एन. पाण्डेय, श्री प्रमोद गुप्ता, सर्व अनुविभागीय अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

रामानुजगंज उपाध्यक्ष पद के लिए कयासों का दौर तेज।

रामानुजगंज नगर पालिका चुनाव संपन्न होने के बाद अब नगर में उपाध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। विभिन्न राजनीतिक समीकरणों और गुटबाज़ी के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि इस पद पर कौन काबिज होगा। हालाँकि, उपाध्यक्ष पद की दौड़ में कई प्रत्याशियों के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार, नवनिर्वाचित पार्षद शीला जायसवाल इस रेस में सबसे आगे मानी जा रही हैं।

जानकारों का कहना है कि शीला जायसवाल के उपाध्यक्ष बनने की संभावना इसलिए भी प्रबल मानी जा रही है क्योंकि उनके पति मुकेश जायसवाल का नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के साथ घनिष्ठ संबंध है। यह समीकरण उनके पक्ष में मजबूत आधार बना सकता है। नगर की राजनीति पर नज़र रखने वालों का मानना है कि इस गठजोड़ से शीला जायसवाल को अन्य दावेदारों की तुलना में बढ़त मिल सकती है।

हालांकि, इस पद के लिए अन्य दावेदार भी जोर-आजमाइश कर रहे हैं और यह देखना रोचक होगा कि अंतिम निर्णय किसके पक्ष में जाता है। नगरवासियों की भी इस चुनाव पर पैनी नजर है, क्योंकि उपाध्यक्ष पद नगर के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि रामानुजगंज नगर परिषद का अगला उपाध्यक्ष कौन होगा।

 

पदीय गरिमा के विपरीत कार्य करने पर प्रभारी प्राचार्य निलंबित

बलरामपुर जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वाड्रफनगर में आयोजित विदाई समारोह में संस्था के प्रभारी प्राचार्य श्री रामनाथ नायक, मूल पद व्याख्याता (एल.बी.) के द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील गानों पर डांस (नृत्य) करने संबंधी खबर मीडिया में वायरल हुई थी। मीडिया में वायरल खबर को संज्ञान में लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा स्वयं विद्यालय में पहुंचकर विद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं की उपस्थिति में वायरल खबर के संबंध में जांच की गई। जांच में वायरल खबर की पुष्टि हुई है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री नायक के द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील गानों पर डांस (नृत्य) करना पदीय गरिमा के विपरीत एवं अनुशासनहीनता है, जिसके कारण विभाग की छवि धूमिल हुई है । श्री रामनाथ नायक, प्रभारी प्राचार्य का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। अतः छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के उपनियम (1) के अन्तर्गत संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय के द्वारा श्री रामनाथ नायक, प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता एल.बी.), को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज नियत किया गया है। निलंबन अवधि में संबंधित को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को दिया गया प्रमाण पत्र

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में जनपद पंचायत राजपुर, कुसमी एवं शंकरगढ़ में 17 फरवरी को मतदान संपन्न हुआ। जिसके तहत जिला पंचायत सदस्य हेतु हुए मतदान के लिए आज संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ व  रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की उपस्थिति में सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशानुसार रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के द्वारा नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
पहले चरण में हुए जिला पंचायत सदस्य के मतगणना में जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-09 से निर्वाचित सदस्य कुमारी संजीता, क्षेत्र क्रमांक-10 से निर्वाचित सदस्य श्रीमती हिरामुनी निकुंज, क्षेत्र क्रमांक-11 से निर्वाचित सदस्य श्रीमती गीता पैकरा, क्षेत्र क्रमांक-12 से निर्वाचित सदस्य श्री सिद्धनाथ पैकरा, क्षेत्र क्रमांक-13 से निर्वाचित सदस्य श्री रविप्रताप मरावी तथा क्षेत्र क्रमांक-14 से निर्वाचित सदस्य श्रीमती अनार सिंह को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती तोमर, ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दी है।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री आर.एन. पाण्डेय, उप संचालक पंचायत सुश्री स्टेला खलखो, मास्टर ट्रेनर व प्राचार्य शासकीय नवीन महाविद्यालय बलरामपुर प्रो. एन.के. देवांगन, निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-अधिकारी सहित सहित प्रत्याशी एवं जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

97 वर्षीय फूलो देवी ने किया मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान विकासखण्ड बलरामपुर के मतदान केन्द्र सुर्रा में एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली, जहां पोते ने अपनी बुजुर्ग दादी को मतदान कराने गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंचा। जहां बुजुर्ग दादी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत दूसरे चरण में आज 20 फरवरी को मतदान हुआ है। जहां मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। बुजुर्ग मतदाता भी अपनी मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पहुंचे। बलरामपुर जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से ही शुरू हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्गों का भी हौसला बुलंद है. जहां मतदान केंद्र सुर्रा क्रमांक-47 में पोते ने बुजुर्ग दादी फूलोदेवी को गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंचा जहां 97 वर्षीय फूलो देवी ने मतदान कर खुशियां जाहिर की।

मतदान कर लोकतंत्र में निभाई अपनी भूमिका

बलरामपुर,त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 में युवाओं ने मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भूमिका निभाई।  युवा मतदाता देवजीत सिंह, मधुसूदन सिंह एवं त्रिभुवन नाग ने अपने मतदान में पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। तीनों मतदाताओं ने मतदान के बाद कहा कि देश के लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका होती है और एक बेहतर लोकतंत्र के निर्माण के लिए युवाओं को अपने मताधिकार उपयोग अवश्य करना चाहिए। युवा मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से इस बार का चुनाव और भी खास हो गया है। पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं के लिए प्रशासन के द्वारा खास जागरूकता अभियान चलाया गया था।

अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का किया निरीक्षण

बलरामपुर कलेक्टर एवं एसपी ने जिले के अंतरराज्यीय सीमा स्थित विभिन्न चेक पोस्टों का निरीक्षण किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश बार्डर पर स्थित जांच नाका, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित तुगवां जांच नाका का निरीक्षण कर आम निर्वाचन की तैयारी का जायजा लिया।
उन्होंने चेकपोस्ट पर तैनात कर्मचारियों की जानकारी लेते हुए उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। साथ ही कर्मचारियों को नियमित रूप से जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को रात्रि समय सतर्कता से ड्यूटी करने को कहा।इसके लिए चेकपोस्ट पर जिले में प्रवेश करने वाले सभी गाड़ियों की अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए।