Sat. Oct 24th, 2026

ताजा खबरें

शालेय शिक्षक संघ की बड़ी जीत, धरने से पहले ही मानी गईं मांगें।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के प्रखंड रामचंद्रपुर में शालेय शिक्षक संघ के लिए यह दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से ठीक पहले ही शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया। एरियर्स राशि के भुगतान का आदेश जारी हुआ, वहीं वर्षों से कार्यालय विकासखंड रामचंद्रपुर में संलग्न लेखापाल को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एकतरफा कार्यमुक्त कर दिया गया। इस निर्णय से शिक्षकों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे संघ की बड़ी जीत बताया। धरना स्थल पर एकत्रित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विक्ट्री साइन के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह सकारात्मक और उत्सवपूर्ण नजर आया। प्रदर्शन से पूर्व एमएस मचवादमर में पदस्थ शिक्षिका बीना मंडावी ने आरोप लगाते हुए बताया कि संलग्न लेखापाल द्वारा उन्हें एक विशेष बैंक में खाता खुलवाने का दबाव बनाया जा रहा था और ऐसा न करने पर वेतन रोकने की धमकी दी जाती थी। साथ ही उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने को विवश किया जा रहा था।

इस गंभीर मुद्दे को छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चौबे ने संज्ञान में लेते हुए मजबूती से शिक्षिका का साथ दिया। महिला कार्यकारिणी ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती सिम्मी गुप्ता एवं कार्यकारी महिला ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती विभा कश्यप ने भी विभाग के समक्ष शिक्षकों की समस्याएं स्पष्ट रूप से रखीं और चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। शिक्षकों की एकजुटता और दबाव का ही परिणाम रहा कि जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यालय से संलग्नीकरण समाप्त कर लेखापाल सूर्य प्रताप कुशवाहा को एकतरफा रिलीव कर दिया। इस निर्णय की सूचना मिलते ही धरना स्थल पर पहुंच रही भीड़ में खुशी की लहर दौड़ गई। आज के कार्यक्रम में विकासखंड की लगभग सभी शालाओं से शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चौबे, सिम्मी गुप्ता, विभा कश्यप सहित बड़ी संख्या में संघ पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। शिक्षकों ने इसे संगठन की एकजुटता और संघर्ष की जीत बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

 

सरगुजा ओलंपिक का आयोजन युवाओं और महिलाओं को मिलेगा खेल मंच।

बलरामपुर खेल प्रतिभा को पहचान कर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने सरगुजा ओलंपिक 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में कुल 12 खेलों के खेल प्रतियोगिताएं विकासखंड जिला एवं संभाग स्तर पर आयोजित किए जायेंगे। प्रतियोगिता में 12 खेलों में एथलेटिक्स 100, 200, 400 मीटर लंबी कूद, ऊंची कूद शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, रिले रेस, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो खो, वॉलीबॉल, बास्केटबाल, रस्साकशी केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए, जिला स्तर पर हॉकी एवं कुश्ती की प्रतियोगिता की जानी है। ओलंपिक खेल आयु वर्ग अनुसार दो वर्गों में आयोजन किया जाएगा जिसमें जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष एवं सीनियर वर्ग में 17 से अधिक उम्र के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। खेल में शामिल होने वाले प्रतिभागी 25 जनवरी तक https://rymc.cg.gov.in/sargujaolympicw@wz  दिए गए लिंक में आवेदन कर सकते हैं।

एरियर्स सहित अन्य मांगों को लेकर शालेय शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के विकासखंड रामचंद्रपुर का शिक्षा विभाग इन दिनों शिक्षकों के असंतोष को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है। शालेय शिक्षक संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एरियर्स सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शिक्षा विभाग के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो 21 जनवरी 2026 को बीईओ कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। शिक्षक संघ का कहना है कि पिछले दो वर्षों से अधिक समय से पदोन्नत प्रधान पाठक, एलबी संवर्ग के शिक्षक तथा नवीन नियुक्त सहायक शिक्षकों का एरियर्स भुगतान लंबित पड़ा हुआ है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उन्हें उनके देय राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे शिक्षकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। संघ ने कहा कि आर्थिक संकट के कारण कई शिक्षक परेशानियों का सामना कर रहे हैं, बावजूद इसके विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कार्यालय में संलग्न बाबू को लेकर भी शिक्षकों में भारी रोष है। संघ का आरोप है कि राज्य स्तर से उक्त बाबू को हटाने के आदेश जारी होने के बावजूद वह अब भी कार्यालय में कार्यरत है और अधिकांश समस्याओं की जड़ वही है। संघ का मानना है कि एरियर्स भुगतान सहित अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में जानबूझकर देरी की जा रही है। शिक्षक संघ ने पूर्व में दिए गए ज्ञापनों का हवाला देते हुए कहा कि यदि इस बार भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि बीईओ कार्यालय का घेराव एवं अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से प्रदीप चौबे, राज वैभव सिंह, संजय यादव, नंद गुप्ता, सिम्मी गुप्ता, विभा कश्यप, नीमा गुप्ता, ममता ठाकुर, माइकेला लकड़ा, साधना एक्का, ममता मिंज, माधुरी साहू, कमल नयनी, सोनिया ओयमा सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

आकांक्षा टोप्पो पर एफआईआर की मांग: क्या भाजपा में डर या राजनीतिक का हिस्सा।

रामानुजगंज। सोशल मीडिया पर सक्रिय आकांक्षा टोप्पो द्वारा प्रदेश के मंत्री राम विचार नेताम के खिलाफ कथित विवादित बयान और ऑडियो क्लिप साझा किए जाने के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है, जिसके चलते आज रामानुजगंज थाना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि आकांक्षा टोप्पो जानबूझकर मंत्री राम विचार नेताम की छवि धूमिल करने और राजनीतिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के कथित अपशब्द और विवादित पोस्ट समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं दूसरी ओर, सूत्रों के माने तो आकांक्षा टोप्पो ने अपने बचाव में कहा है कि उन्होंने जो भी साझा किया है, वह जनहित से जुड़ा मामला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल किया है, जिसमें कथित तौर पर एक किसान और मंत्री राम विचार नेताम के बीच फोन पर हुई बातचीत सुनाई दे रही है। आकांक्षा का दावा है कि इस बातचीत में किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं और जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है।
इस पूरे मामले पर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है कि क्या भाजपा की यह एफआईआर मांग वास्तव में कानून-व्यवस्था का मामला है या फिर विपक्षी आवाजों को दबाने की कोशिश। कई सामाजिक कार्यकर्ता इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं, जबकि भाजपा इसे मंत्री की प्रतिष्ठा और गरिमा से जोड़कर देख रही है।
फिलहाल पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज करने पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है और मामले की जांच की बात कही है। इस विवाद ने रामानुजगंज की स्थानीय राजनीति को गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

तकनीकी सहायक एवं एमटीएस पदों की पूर्ति हेतु निविदा आमंत्रित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में होने वाले भारत की जनगणना-2027 कार्य के लिए के समस्त तहसीलों एवं नगरीय निकायों में तकनीकी सहायक हेतु कुल 19 कार्मिकों तथा एम.टी.एस. (चतुर्थ श्रेणी) 01 कार्मिक की माह फरवरी 2026 से जून-2027 तक कुल 17 माह की अवधि के लिए एजेन्सी के माध्यम से नियुक्ति किया जाना है। इस हेतु इच्छुक पंजीकृत फर्मों/प्लेसमेंट एजेंसी/लेबर सप्लायर/कॉन्ट्रैक्टर /रजिस्टर एनजीओ से 30 जनवरी 2026 को अपरान्ह 03.00 बजे तक बन्द लिफाफे में दर कार्यालय कलेक्टर में आमंत्रित किया गया है। प्राप्त निविदा 30 जनवरी 2026 को शाम 4 बजे खोला जायेगा। निविदा की शर्ते, निविदा का प्रारूप आदि विस्तृत जानकारी के लिए जिले की वेबसाईट  www.balrampur.cg.gov.in एवं कार्यालय के सूचना पटल में अवलोकन किया जा सकता है।

तातापानी महोत्सव 2026 में पवन पाण्डेय की शानदार प्रस्तुति,

तातापानी के मेला पिया’ पर झूमे दर्शक।

बलरामपुर/रामानुजगंज। जिले के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध तातापानी महोत्सव 2026 में क्षेत्रीय लोक कलाकार पवन पाण्डेय ने अपनी धमाकेदार और ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जहां उनके लोकप्रिय गीत ‘तातापानी के मेला पिया’ पर हजारों दर्शक झूमते नजर आए। पूरे परिसर में तालियों की गड़गड़ाहट और दर्शकों की उत्साही आवाजें गूंजती रहीं, जिससे माहौल पूरी तरह संगीतमय हो गया।

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने पवन पाण्डेय की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कई दर्शकों ने कहा कि उनकी गायकी में क्षेत्र की मिट्टी की खुशबू और स्थानीय संस्कृति की जीवंत झलक साफ दिखाई देती है, जो सीधे लोगों के दिलों को छू जाती है। लोगों ने इसे इस वर्ष के तातापानी महोत्सव की सबसे यादगार प्रस्तुतियों में से एक बताया।

इस अवसर पर पवन पाण्डेय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यदि उन्हें पर्याप्त समय और मंच मिले, तो वे तातापानी महोत्सव जैसे बड़े आयोजन में और भी बेहतर, रचनात्मक एवं विशिष्ट प्रस्तुति दे सकते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जिले और क्षेत्र के कलाकारों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता सिर्फ उन्हें उचित अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन देने की है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर चिंता भी जताई कि अक्सर स्थानीय कलाकारों को पर्याप्त समय नहीं दिया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा बाहरी नामचीन ग्रुपों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि क्षेत्रीय कलाकारों को हाशिए पर रखा जाता है। उन्होंने इसे स्थानीय कला और संस्कृति के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता भी इसका कारण बनती है। अंत में पवन पाण्डेय ने जिला कलेक्टर राजेंद्र कटारा का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में तातापानी महोत्सव और अन्य सांस्कृतिक आयोजनों में स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर और प्रोत्साहन मिलेगा, ताकि वे अपनी कला के माध्यम से जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

तातापानी महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 667 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात ।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के प्रसिद्ध तातापानी महोत्सव में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 667 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन/शिलान्यास किया। इसमें 323 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत के 140 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 343 करोड़ 61जज लाख रुपये की लागत के 71 विकास कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 25 स्टॉलों का अवलोकन किया। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी गई। ट्राइबल फूड स्टॉल में आदिवासी व्यंजनों ने सभी को आकर्षित किया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसे नवाचारों ने जनजागरूकता का संदेश दिया।

प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक माटीकला और ग्रामीण हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करते हुए राजपुर विकासखंड के ग्राम आरा निवासी कुम्हार श्री शिवमंगल के साथ चाक पर मिट्टी डालकर स्वयं चक्की चलाई। इसके साथ ही एकलव्य शंकरगढ़ की छात्राओं द्वारा तैयार “मदर ऑफ नेचर” स्कल्पचर को देखकर उन्होंने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा मुख्यमंत्री श्री साय को उनकी स्केच भी भेंट की । इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत विभिन्न सामग्रियों का भी वितरण किया।

इस अवसर पर समारी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, वन विकास निगम अध्यक्ष श्री राम सेवक पैंकरा ,धरसीवां विधायक श्री अनुज शर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंह देव, रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जायसवाल, पिछड़ा आयोग सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा श्री दीपक झा, कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर, वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक बाजपेई, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

तातापानी महोत्सव में वाहनों के लिए स्थान निर्धारित ।

बलरामपुर जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खडी़ करें। मकर संक्रांति के अवसर पर जिले में 14 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक तातापानी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 में तातापानी स्थित है और हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर तातापानी महोत्सव का आयोजन किया जाता है। मेले में आने वाले आमजनों के वाहनों के लिए जिला प्रशासन द्वारा पार्किंग का निर्धारण किया गया है, जिसके अंतर्गत बलरामपुर से आने वाले वाहनों के लिए पुलिस चौकी तातापानी के पास तीन वाहन पार्किंग स्थल बनाए गये हैं। साथ ही मेले की ओर ले जाने वाली मार्ग में भी एक पार्किंग बनाया गया है। इसी प्रकार रामानुजगंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए धान खरीदी केन्द्र तातापानी के पास तीन पार्किंग स्थल तथा हाई स्कूल तातापानी मैदान में एक पार्किंग स्थल बनाया गया है। साथ ही ग्राम तेतरडीह की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सेन्दूर रोड में तीन पार्किंग स्थल बनाया गया है। जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खडी़ करें

अभाविप रामानुजगंज ने युवा दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन।

रामानुजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रामानुजगंज इकाई द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, रामानुजगंज में एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महान राष्ट्रभक्त, दार्शनिक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें उनके जीवन, विचारों एवं आदर्शों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों एवं वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय युवाओं के लिए आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, साहस, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। अभाविप के नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का मानना था कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा चरित्रवान, अनुशासित और सेवा भाव से प्रेरित हों, तो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। संगोष्ठी के दौरान युवाओं से आह्वान किया गया कि वे अपने जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्व को अपनाएं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति जागरूक, कर्तव्यनिष्ठ और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों ने भी स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित होकर अपने विचार व्यक्त किए और समाज एवं राष्ट्र सेवा में योगदान देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यगण, अभाविप के नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा  नगर सह मंत्री सत्यम, नमन, राजू अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

शिक्षा विभाग एक्शन में 38 शिक्षकों को किया निलंबित।

युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत नई पदस्थापना पर उपस्थित न होने वाले अतिशेष शिक्षकों के विरुद्ध शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिले में कुल 38 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। इन शिक्षकों को विभाग द्वारा नई पदस्थापना दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्होंने वहां ज्वाइनिंग नहीं की, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया।


कांकेर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अतिशेष घोषित किए जाने के बाद संबंधित शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे नई शाला अथवा संस्था में अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करें। इसके बावजूद आदेश की अवहेलना किए जाने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करते हुए आदेश जारी कर दिए। निलंबन से संबंधित आदेश जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को भेज दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद जिले में शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। Read More