Fri. Oct 23rd, 2026

May 2025

रामचंद्रपुर- अनिरुद्धपुर मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई ।

छत्तीसगढ़ शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, रामचंद्रपुर में कई स्थानों पर पक्के मकान बनाकर अतिक्रमण किया जा रहा था।

रामचंद्रपुर से अनिरुद्धपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं

सूत्रों के अनुसार, यह अतिक्रमण एक प्रभावशाली राजनीतिक पार्टी से जुड़े लोगों द्वारा किया जा रहा था, जिनके प्रभाव और दबाव के चलते स्थानीय अधिकारी व कर्मचारी कार्रवाई करने से कतरा रहे थे। प्रशासन पर दबाव बनाए रखने के लिए लगातार धौंस और धमकी का भी सहारा लिया जा रहा था।

लेकिन आज जिला कलेक्टर के निर्देशन में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए साहसिक कदम उठाया। अनुविभागीय अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी निशांत सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अतिक्रमण स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों। यह कदम क्षेत्र में कानून व्यवस्था की बहाली की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

अंबिकापुर 152वां उर्स पाक के मौके पर जलसे के साथ कव्वाली का शानदार मुकाबला।

सरगुजा जिले के अंबिकापुर ग्राम तकिया शरीफ में सूफी संत हजरत सैयद बाबा मुरादाबाद वाली शाह और मोहब्बत शाह वली रहमतुल्लाह अलैह की मजार शरीफ पर 152वां उर्स पाक बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा।

इस मुबारक प्रोग्राम की शुरुआत 20 मई को उल्मा दिन की तकरीर से होगी, जबकि 21 और 22 मई को शानदार कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया गया है। कव्वाली मुकाबले में उत्तर प्रदेश के साकिब साबरी कव्वाल और दिल्ली के जरा वारसी कव्वाल अपनी गायकी से शमां बांधेंगे। 22 मई को मुंबई के हामिद हुसैन कव्वाल के साथ जरा वारसी के साथ मुकाबला कव्वाली का शानदार प्रोग्राम रखा गया है।

उर्स पाक के आयोजन को लेकर कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष दानिश रफीक ने बताया कि इस बार अंबिकापुर के इतिहास में पहली बार नगर की सभी मस्जिदों की कमेटियाँ एक साथ आकर इस महत्वपूर्ण प्रोग्राम का हिस्सा बन रही हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में लगभग 60 हजार जायरीनों की हाजिरी का अनुमान है।

यह मजार शरीफ सभी धर्मों और जातियों के लोगों के लिए अकीदत का केंद्र है। यहां पर बाबा मुराद शाह वली साह और मोहब्बत शाह वली की मजार के साथ एक छोटी मजार भी है, जिसे “तोते की मजार” कहा जाता है। लोग यहां आकर चादर चढ़ाते हैं और मन्नत मांगते हैं। मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है।

इस बार के उर्स पाक में हजारों अकीदत मंद लोग शामिल होकर इन महान सूफी संतों की दरगाह पर चादर चढ़ाकर अपने मुरादों से फैज याब होंगे

डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भवरमाल का बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में मंगलवार को घोषित हुए बोर्ड परीक्षा परिणाम में डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भवरमाल ने एक बार फिर से अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।

कक्षा 12वीं के परिणाम:

अर्पना दुबे ने विज्ञान संकाय में 86% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 10वीं के परिणाम:

शुभ गुप्ता ने 95.20% अंकों के साथ कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

– अन्य मेधावी छात्रों में अभय गुप्ता (93.4%), हर्ष कुमार गुप्ता (92.6%), आयुषी दुबे (90%), आयुषी गुप्ता (89.2%), आरव कुमार रवि (88.4%), अंशु गुप्ता (87.6%) और तनीषी केसरी (79.4%) शामिल हैं।

 

सभी छात्र-छात्राओं ने अपने बेहतर परिणाम के लिए अपने माता-पिता का आशीर्वाद और डी ए वी विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को श्रेय दिया।

विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेंद्र बाजपेई ने बताया कि इस वर्ष भी डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भवरमाल के छात्रों ने बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का नाम रोशन किया है।

छात्र-छात्राओं के परीक्षा के इस परिणाम से पालकों ने खुशियां जाहिर करते हुए बताया कि डी ए वी विद्यालय पर उनका विश्वास और भी अधिक मजबूत हुआ है।

विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

नगर सैनिक के रिक्त पदों के भर्ती लिए लिखित परीक्षा का आयोजन।

बलरामपुर जिला सेनानी नगर सेना बलरामपुर ने जानकारी दी है कि होमगार्ड विभाग के अंतर्गत 1715 महिला नगर सैनिक (छात्रावास ड्यूटी) एवं 500 नगर सैनिक जनरल ड्यूटी के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु शारीरिक नाप जोख एवं दक्षता परीक्षा चार संभागीय केन्द्रों रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर में आयोजित की गई थी। जिसमें 20137 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए चयन किया गया है। परीक्षा के लिए चयनित सभी अभ्यर्थियों की सूची होमगार्ड के विभागीय वेबसाइट एफआईआरईएनओसी डॉट सीजी डॉट जीवोव्ही डॉट ईन पर उपलब्ध है। लिखित परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र के लिए अभ्यर्थियों को व्यावसायिक परीक्षा मण्डल के वेबसाइट के लिंक में जाकर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। विभाग द्वारा आबंटित एप्लीकेशन आईडी एवं जन्म तिथि डालकर अभ्यर्थी लिखित परीक्षा हेतु आवेदन कर सकते हैं। व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा पंजीयन नम्बर पर ही लिखित परीक्षा हेतु अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। जो अभ्यर्थी व्यावसायिक परीक्षा मण्डल के वेबसाइट में जाकर पंजीयन एवं आवेदन सबमिट नहीं करेंगे वे लिखित परीक्षा से वंचित होंगे। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी अभ्यर्थियों की होगी। ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने की तिथि 16 अप्रैल से 30 मई तक निर्धारित की गई है। परीक्षा की संभावित तिथि 22 जून 2025 है। जिसके लिए परीक्षा केन्द्र रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, अम्बिकापुर को बनाया गया है।

सुरक्षा में चुक संप्रेक्षण गृह से अपचारी बच्चे फरार।

अंबिकापुर के गंगापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से शनिवार दोपहर तीन बजे के आसपास छह अपचारी बालकों ने सुरक्षा में तैनात गार्ड के आंखों में मिर्ची झोंककर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार यह तीन माह में दूसरी घटना है। इससे बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना के बाद हड़कंप मच गया। गार्ड ने इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद बाल संप्रेक्षण के प्रभारी ने इसकी सूचना अधीक्षक को दी। अधीक्षक और अन्य गार्डों ने आसपास के इलाकों में फरार बालकों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद शनिवार देर शाम घटना की सूचना गांधीनगर पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि, फरार अपचारी बालकों में से एक सरगुजा, एक जांजगीर और अन्य सूरजपुर जिले के हैं।

सूत्र सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने आज रविवार को बताया कि शनिवार दोपहर में अपचारी बालक के भागने की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस अपचारी बालकों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक फरार अपचारी बालकों का पता नहीं चल सका है। क्या पुलिस जल्द ही सभी अपचारी बालकों को तलाश कर हिरासत में ले लेगी यह देखने वाली बात होगी।

मंत्री रामविचार नेताम ने किया लाभार्थियों को कार्ड का वितरण।

 समाधान शिविर के दौरान कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने पेंशन स्वीकृति, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड, स्व-सहायता समूह को चेक, बीज वितरण, पक्के आवास की चाबी सौंपी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों में पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीयन, आयुष्मान कार्ड, पेंशन राजस्व प्रकरण, कृषि तकनीक, उन्नत बीज, फसल बीमा योजना, मिट्टी परीक्षण और जल संरक्षण, स्वास्थ्य संबंधी सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आमनागरिकों ने स्टॉलों का भ्रमण किया और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंह देव, पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमनलाल, वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी सहित क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे

राज्य शासन द्वारा रजिस्ट्री में 10 क्रांतियों का शुभारंभ।

बलरामपुर  समाधान शिविर लुरघुट्टा में कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत इसका मुख्य उद्देश्य पंजीयन संबंधि सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल एवं नागरिकों की सुविधा के अनुरूप बनाना है।

 

 योजना से आमनागरिकों को पंजीयन से जुड़े कार्यों हेतु कार्यालयों का बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी और साथ ही संपत्ति पंजीयन में होने वाली फर्जीवाडे की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण होगा। योजना के शुभारंभ होने से फर्जी रजिस्ट्री रोकने के लिए आधार सत्यापन जिससे फर्जी रजिस्ट्री की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। रजिस्ट्री खोज एवं डाउनलोड इससे क्रेताओं को विवादित या बंधक जमीन की जानकारी पहले से ही प्राप्त हो जाएगी, ऑनलाईन भारमुक्त प्रमाण पत्र, स्टांप एवं रजिस्ट्री शुल्कों का कैशलेश भुगतान, व्हाट्सअप सेवाएं, डिजीलॉकर सेवाएं जिसमें पंजीकृत दस्तावेज अब डिजिलॉकर में डिजिटल रूप में संरक्षित रहेंगे जिन्हें आवश्यकता अनुसार कभी भी डाउनलोड किया जा सकेगा इसके साथ ही रजिस्ट्री दस्तावेजों का स्वतः निर्माण, घर बैठे स्टांप सहित दस्तावेज निर्माण, घर बैठे रजिस्ट्री एवं रजिस्ट्री के साथ स्वतः नामांतरण की सुविधाएं प्राप्त होंगी।

वनमण्डलाधिकारी ने किया रामानुजगंज वन परिक्षेत्र का निरीक्षण।

बलरामपुर। वनमंडलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेयी के द्वारा वन परिक्षेत्र रामानुजगंज अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने वन वाटिका रामानुजगंज, कन्हर बैरियर तथा क्षेत्र में वन विभाग द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।


वन परिक्षेत्र रामानुजगंज भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम वनमंडलाधिकारी श्री बाजपेयी ने वन वाटिका नर्सरी रामानुजगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने वन वाटिका में सुधार कार्य, पौधों की ग्रेडिंग एवं शिफ्टिंग, ग्रीन हाउस एवं पॉली हाउस में मरम्मत करने हेतु आवश्यक निर्देश दिये। तत्पश्चात उन्होंने सुशासन तिहार 2025 में प्राप्त आवेदन का निराकरण करते हुये विश्वास महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से मिलकर उनकी मांग अनुसार वन वाटिका में बोटिंग, कैंटीन संचालन, गेट पास के प्रस्ताव पारित करते हुए उनकी मांगों का निराकरण किया गया। उक्त संबंध में कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

वनमंडलाधिकारी श्री वाजपेयी ने अन्तर्राज्यीय कन्हर बेरियर(झारखण्ड-छत्तीसगढ़ सीमा) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित वनोपज जांच नाका के कर्मचारियों से बात कर स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने पंजी का भी अवलोकन किया और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वनोपज से संबंधित वाहनों का सघन जांच किया जावे, ताकि अवैध परिवहन न हो सके यदि कोई लापरवाही होती है तो कड़ी कार्यवाही की जावेगी।

उसके पश्चात उन्होंने हाथी प्रभावित क्षेत्र  एवं दूरस्थ ग्राम फुलवार का भ्रमण कर ग्रामीणों से बातचीत किया एवं उनकी समस्याओं को सुना एवं त्वरित निराकरण हेतु आश्वस्त किया। वनमंडलाधिकारी ने हाल में हुई हाथी द्वारा जनहानि प्रकरण में मृतिका के परिजन को मुआवजा राशि 06 लाख रूपये चेक के माध्यम से भुगतान किया। 

 

इस दौरान उप वनमण्डलाधिकारी बलरामपुर संतोष कुमार पाण्डेय एवं वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना सहित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

सड़क हादसे में दंपति की दर्दनाक मौत।

 

बलरामपुर जिले के प्रेम नगर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दंपति बाइक से वाटफ नगर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

वहीं, टक्कर से वाहन को भी नुकसान पहुंचा है और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटनास्थल पर बिखरे पड़े बाइक के पुर्जे और खून के धब्बे इस भयावह हादसे की गवाही दे रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों की भरती के लिए आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर ,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय बलरामपुर के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में विभिन्न पदों की पूर्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिसके अंतर्गत चिकित्सा अधिकारी पुरुष, फिजियोथेरापिस्ट, प्रोग्राम एसोसिएट, डेंटल सर्जन, ऑडियोलॉजिस्ट, ऑप्थैल्मिक असिस्टेंट रेडियोग्राफर, लैब सुपरवाईजर, एसटीएस, फार्मासिस्ट, टेक्निकल असिस्टेंट हियरिंग इंपेयर्ड चिलर्डन, लैब टेक्नीशियन एनएचएम, लैब टेक्नीशियन बीपीएचयू, सचिविक सहायक, कनिष्ठ सचिविक सहायक, फीडिंग डेमोंस्ट्रेटर, काउंसलर एवं अटेंडेंट के नवीन एवं बैकलॉग पदों पर संविदा भर्ती की जानी है। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में 21 मई 2025 शाम 05 बजे तक स्पीड पोस्ट/रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। उक्त संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जिले के वेबसाइट एवं कार्यालय के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है।