Fri. Oct 23rd, 2026

June 2025

प्रशासनिक अधिकारियों के मध्य किया गया कार्य विभाजन।

बलरामपुर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के द्वारा प्रशासनिक कार्य व्यवस्था के तहत आगामी आदेश पर्यंत अस्थायी रूप से अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों के मध्य पदस्थापना में आंशिक फेरबदल किया गया है। जिसके तहत संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज श्री देवेन्द्र कुमार प्रधान को राजपुर अनुविभाग अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं दंडाधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर श्री आनंद राम नेताम को अनुविभाग बलरामपुर के अतिरिक्त अनुविभाग रामानुजगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर श्री राजीव जेम्स कुजूर को आगामी आदेश तक बलरामपुर नियत किया गया है।
इसी प्रकार कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिले में पदस्थ तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के लिए आगामी आदेश पर्यंत अस्थायी रूप से नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है। जिसके अंतर्गत तहसीलदार राजपुर श्रीमती पूनम रश्मि तिग्गा को कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा बलरामपुर एवं नायब तहसीलदार श्री नरेन्द्र कुमार कंवर को प्रभारी तहसीलदार राजपुर बनाया गया है।

रामानुजगंज अश्विनी गुप्ता सहित– तीन के खिलाफ शिकायत दर्ज।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 15 में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 7 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब और 240 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त कर रमेश पासवान को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को स्वास्थ्य परीक्षण हेतु रामानुजगंज शासकीय अस्पताल ले जाया गया, तब स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आबकारी निरीक्षक नीरज कुमार साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि अश्विनी गुप्ता, सिद्धार्थ यादव और एक अज्ञात व्यक्ति ने कार्रवाई में बाधा डालते हुए उन्हें मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी।

इसके अलावा, तीनों आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज,और महिला कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया तथा आरोपी को भगाने का भी प्रयास किया।

हालांकि टीम ने साहसिक ढंग से कार्यवाही जारी रखी और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस बीच अश्विनी गुप्ता ने पलटवार करते हुए आबकारी टीम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।

मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर लिया गया है।

कार्रवाई में शामिल टीम में नीरज कुमार साहू (आबकारी उपनिरीक्षक), चंद्र दीप भगत, खगेश्वर साय, प्रियेश कुमार, हेमंती तिर्की और कलिस्ता एक्का शामिल रहे।

मत्स्याखेट पर 16 जून से 15 अगस्त तक पूर्णतः प्रतिबंधित।

बलरामपुर जिले के मत्स्य पालन विभाग के सहायक संचालक ने बताया है कि वर्षा ऋतु में मछलियों के प्रजनन को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें संरक्षण देने हेतु राज्य में छत्तीसगढ़ नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम के तहत् 16 जून से 15 अगस्त 2025 तक की अवधि को बंद ऋतु के रूप में घोषित किया गया है। इस अवधि में सभी तालाबो एवं जल-स्त्रोतो में जिनका संबंध नदी-नालों से नहीं है, अतिरिक्त जलाषयों मे किये जा रहे केज कल्चल को छोड़कर सभी प्रकार के जल संसाधनों में मत्स्याखेट पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। इस नियम का उल्लंघन करने एवं अपराध सिद्ध होने पर एक वर्ष का कारावास अथवा 10 हजार रुपये का जुर्माना तथा दोनों एक साथ होने का प्रावधान है।

हाथियों का आतंक: दहशत में ग्रामीण, एक महिला की मौत, कई घायल।

बलरामपुर जिले में हाथियों का आतंक एक बार फिर ग्रामीणों के लिए भय और त्रासदी का कारण बना। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बगरा और चाकी में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। बगरा गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने तीन किसानों के मकानों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

वहीं चाकी गांव में घटना और भी दर्दनाक रही। यहां एक महिला रात के समय घर के बाहर सो रही थी, तभी अचानक एक हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसी गांव के एक अन्य किसान टिभाली सिंह भी हमले का शिकार हो गए, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। प्रभारी रेंजर निखिल सक्सेना द्वारा बताया गया कि। घायल किसान को तत्काल जिला चिकित्सालय बलरामपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित परिवारों को ₹25,000 की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है। बावजूद इसके ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। लगातार हो रहे हाथी हमलों से लोग भयभीत हैं और रात में सोने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि जान-माल की रक्षा हो सके और इस भयावह स्थिति से राहत मिल सके।

इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर किया है, जिसमें त्वरित और प्रभावी समाधान की आवश्यकता है।

भाजपा संकल्प से सिद्धि तक।अभियान कार्यक्रम का आयोजन।

भारतीय जनता पार्टी मंडल रामानुजगंज राष्ट्रीय भाजपा संगठन के आह्वान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, किरण देव सिंह के निर्देश पर साथ ही भाजपा जिला बलरामपुर संगठन प्रभारी,अखिलेश सोनी,एवं बलरामपुर जिले के लोकप्रिय जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, के मार्गदर्शन में जिले से नियुक्त इस मंडल के कार्यक्रम प्रभारी भानु प्रकाश दीक्षित के उपस्थिति में मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता के नेतृत्व में,सेवा सुशासन गरीब कल्याण के 11 साल संकल्प से सिद्धि तक अभियान कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन भाजपा मंडल कार्यालय रामानुजगंज में संपन्न हुआ जिसमें मुख्य रूप से कार्यक्रम के मंडल के प्रभारी भानु प्रकाश दिक्षित ,भाजपा के वरिष्ठ नेता कन्हैया लाल अग्रवाल ,पिछड़ा वर्ग जिला महामंत्री शैलश गुप्ता , जिला पंचायत सभापति बद्री यादव ,पूर्व जनपद उपाध्यक्ष बी. डी.लाल गुप्ता,पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीमती शर्मिला गुप्ता ,मोहन गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि डॉ. राकेश गुप्ता,रामेश्वर गुप्ता ,

उपाध्यक्ष नवीन गुप्ता ,मंडल महामंत्री बासुदेव राय ,महामंत्री सिद्धांत यादव,युवा मोर्चा जिला महामंत्री अश्वनी गुप्ता ,मंडल कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता , मंडल मंत्री संतोष यादव, उदय गुप्ता ,पार्षद सुमित गुप्ता , अरूण नागवंशी , विकाश गुप्ता ,पवन गुप्ता ,मुकेश जायसवाल,जनपद सदस्य श्रीमती शुसीला खलखो ,महेश्वर जगते ,कार्यलय मंत्री आकाश तिवारी शोशल मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गुप्ता ,सह प्रभारी निखिल सोनी, एवं अन्य कई शक्ति केंद्र प्रभारी बूथ अध्यक्ष तथा वरिष्ठ कनिष्ठ कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे ।

दबंग किसान ने किया मानवता को शर्मसार –

छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाखझर गांव से मानवता को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है।

नाबालिग बच्चे को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे घंटों तक उसी हालत में पेड़ से बंधा छोड़ दिया गया। घटना की क्रूरता यहीं नहीं रुकी—करमु राम ने इस अमानवीय कृत्य की तस्वीरें पंचायत विकास समिति नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में भी साझा कीं, मानो यह कोई उपलब्धि हो।
सूत्रों की माने तो गांव के एक दबंग किसान करमु राम ने एक नाबालिग बालक को बिना किसी ठोस सबूत या कानूनी प्रक्रिया के अपने खेत में पुआल जलाने और नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए दिनदहाड़े पेड़ से बांध दिया और डंडों से बेरहमी से पीटा।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे मुक्त कराया। स्थिति को और न बिगड़ने देने के लिए उन्होंने करमु राम से नुकसान की भरपाई का वादा किया। बाद में घायल बालक को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दर्शाया है कि किस तरह ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ लोग कानून को हाथ में लेकर न्याय करने की कोशिश करते हैं। कानून के रखवालों और समाज दोनों के लिए यह चेतावनी है कि मासूमों को इस तरह की हिंसा से बचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। दोष सिद्ध होने से पहले किसी के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार न्याय की नहीं, क्रूरता की मिसाल है।

बलरामपुर अमानक खाद-बीज विक्रेताओं पर की जाएगी कड़ी कार्यवाही।

बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि रामचन्द्र भगत के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा संयुक्त टीम तैयार कर अमानक खाद बीज पर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र बलरामपुर के मुख्य बाजार में निजी खाद-बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिसमें दुकानदारों को बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक अधिनियम के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए दुकानों के सामने लाइसेंस एवं मूल्य सूची चस्पा करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कृषि  एन.एस.भगत एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एस.आर.बेक द्वारा दुकानों के पंजी एवं बिल बुक का अवलोकन कर सतत रूप से संधारण करने हेतु निर्देशित किया गया। जिन दुकानों में कमियां पाई गई उन्हें नोटिस भी दिया गया। साथ ही विकेश कृषि सेवा केन्द्र बलरामपुर का उर्वरक गोदाम में उर्वरकों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों को बताया गया कि नकली खाद-बीज एवं कीटनाशकों के विक्रय करते हुए पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।

चोरी मामले में नवीन विश्वकर्मा सहित तीन आरोपी गिरफ्तार,

वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनिकेत सचान ने वाड्रफनगर चौकी में लिखित शिकायत दी थी, जिसके आधार पर जांच प्रारंभ की गई। पूछताछ के लिए पकड़े गए संदिग्ध इंग्लेश यादव (20 वर्ष), निवासी प्रेमनगर, ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी नवीन विश्वकर्मा (48 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, के साथ मिलकर 6 नग ऑक्सीजन सिलेंडर एक मैजिक पिकअप वाहन में चोरी कर रामानुजगंज के कबाड़ी सुप्रीत केसरी को बेच दिए थे।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रामानुजगंज में दबिश दी और नवीन विश्वकर्मा  पिता राजनाथ विश्वकर्मा रामानुजगंज को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद कबाड़ी सुप्रीत केसरी से भी पूछताछ कर उसकी दुकान में तलाशी ली गई, जहां चोरी के 6 नग ऑक्सीजन सिलेंडर मैजिक पिकअप वाहन (क्रमांक JH 03 AM 9367) में लदे हुए बरामद किए गए।

बरामद वाहन की कीमत लगभग 5 लाख तथा सिलेंडरों की अनुमानित कीमत 60 हजार आंकी गई है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ चोरी, संपत्ति की खरीद-फरोख्त और उसे छिपाने की धाराओं 317(2)(5), 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की है।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी धीरेंद्र तिवारी, सहायक उप निरीक्षक पुष्पराज सिंह, आरक्षक देव कुमार, प्रबोध मिंज तथा विनोद मरावी की सराहनीय भूमिका रही।

राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर जिला कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने जानकारी दी है कि जिले में ऐसे समस्त बालक/बालिका, जिनकी उम्र 05 से 18 वर्ष तक है, जिन्होंने विज्ञान, खेल, कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा, साहसिक कार्य, गायन या अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है, उन्हें भारत शासन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा पुरस्कार प्रदान किया जाना है। पुरस्कार हेतु 31 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन माध्यम वेबसाईट अवार्ड्स डॉट जीओव्ही डॉट इन पर आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी मोबाइल नम्बर 98262-78915 पर संपर्क किया जा सकता है।

थाना बसंतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करोड़ों का नशीला पदार्थ किया जप्त।

बलरामपुर जिले के छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर थाना बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि धनवार आर.टी.ओ. बैरियर के पास एक ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा है, जिसमें अवैध सामग्री लोड हो सकती है। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की जांच की। जांच के दौरान ट्रक के भीतर कुल 90 बोरियों में भरा हुआ मादक पदार्थ डोडा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 14 क्विंटल 44 किलोग्राम है। यह भारी मात्रा में मादक पदार्थ बसंतपुर पुलिस द्वारा गवाहों की उपस्थिति में तौला गया और विधिवत रूप से जप्त कर लिया गया। बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई के बाद थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 107/2025 धारा 15(सी), 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है, और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

थाना बसंतपुर पुलिस की यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं।