Fri. Oct 23rd, 2026

July 2025

शराबी सहायक शिक्षक को किया गया निलंबित।

शासकीय प्राथमिक शाला सोनहत विकासखंड वाड्रफनगर में  सहायक शिक्षक छोटेलाल पंडो के विरुद्ध कार्रवाई की गई बताया गया कि शराब का सेवन कर विद्यालय में कक्षा 1 ली से 5 वीं तक अध्ययनरत छात्र/छात्राओं आयुष कुमार कक्षा तीसरी, कुमारी प्रिया कक्षा पांचवीं, नीरज कुमार कक्षा दूसरी, कुमारी कुमारी रचना कक्षा चौथी से मारपीट संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर के द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर संस्था में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री छोटेलाल पंडो की उपर्युक्त लापरवाही प्रमाणित पाई गई। श्री छोटेलाल पंडो का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम-1965 के नियम-03 का स्पष्ट उल्लंघन है। शासकीय कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत् जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी. एन. मिश्रा द्वारा श्री छोटेलाल पंडो को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में श्री छोटेलाल पंडो का मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में श्री पंडो को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भण्डारण उपसंचालक रामचन्द्र भगत ।

बलरामपुर,जिले के कृषकों के लिए खरीफ वर्ष 2025-26 में समितियों के माध्यम से कृषकों को अब तक 7531 मीट्रिक टन खाद एवं 1045 क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है।
कृषि विभाग उपसंचालक रामचन्द्र भगत ने जानकारी दी है कि जिले में खरीफ मौसम के लिए विभिन्न फसलों का 1687 क्विंटल बीज सहकारी समितियों में भण्डारण किया गया है। वर्तमान में कृषकों द्वारा 1045 क्विंटल बीज उठाव किया जा चुका है। इसी प्रकार यूरिया, डी.ए.पी., एन.पी.के., एस.एस.पी. एवं एम.ओ.पी. के 11419 मीट्रिक टन उर्वरक का भण्डारण जिले के सहकारी समितियों एवं निजी संस्थाओं में किया गया है, जिसमें से 7531 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किसानों को किया जा चुका है। इसमें विभिन्न समितियों द्वारा यूरिया 3667 मीट्रिक टन, डी.ए.पी. 1185 मीट्रिक टन, एन.पी.के. 2038 मीट्रिक टन, एस.एस.पी. 529 मीट्रिक टन, एम.ओ.पी. 110 मीट्रिक टन रासायनिक खाद कृषकों को वितरित किया गया है। इसी प्रकार समिति एवं निजी संस्थानों में 17526 मीट्रिक टन यूरिया का भण्डारण किया गया है। साथ ही 3252 मीट्रिक टन डी.ए.पी., 6397 मीट्रिक टन एन.पी.के. 6642 मीट्रिक टन एस.एस.पी. तथा 1072 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है।
कृषि विभाग अधिकारी ने बताया कि डीएपी के बजाय एन.पी.के. और एस.एस.पी. का उपयोग करें। डीएपी में जो कम्पोनेंट होते है उससे बेहतर कम्पोनेंट एन.पी.के. और एस.एस.पी. में उपलब्ध है। इसके उपयोग से बेहतर उर्वरता भूमि में आएगी और बेहतर फसल उत्पादन होगा। कृषि विभाग अधिकारी ने कहा है कि यदि किसानों को खाद-बीज के संबंध में किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है तो मुन्ना राम मोबाईल नम्बर-73543-93188 से कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।

जिले के प्रभारी सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले जिले के प्रवास पर।

छत्तीसगढ़ शासन खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले 04 जुलाई 2025 को मिलि जानकारी के अनुसार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान 04 जुलाई को दोपहर 12ः00 बजे संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगी।

शासकीय हाई स्कूल चाकी में विदाई समारोह हुआ संपन्न।

बलरामपुर-रामानुजगंज, 30 जून 2025 — शासकीय हाई स्कूल चाकी में संकुल प्राचार्य मोहम्मद यूनुस खान के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संकुल के अंतर्गत आने वाले समस्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा कार्यालय से सहायक संचालक श्री ओम प्रकाश गुप्ता एवं श्री ओ. पी. पांडे ने विशेष रूप से शिरकत की।कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन और खान सर के शैक्षणिक योगदानों को स्मरण करते हुए की गई। विद्यालय परिवार एवं सहकर्मियों द्वारा उनके कुशल नेतृत्व, अनुशासित कार्यशैली और सहयोगी व्यवहार की सराहना की गई। संकुल प्राचार्य के रूप में मोहम्मद यूनुस खान ने न केवल अपने विद्यालय में बल्कि संकुल स्तर पर भी शैक्षिक गुणवत्ता एवं प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्टता स्थापित की।

इस अवसर पर सहायक संचालक श्री ओम प्रकाश गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “खान सर एक अनुकरणीय शिक्षक एवं प्रशासक रहे हैं। उन्होंने शासकीय सेवा के दौरान हमेशा शिक्षकों से मधुर संबंध बनाए रखे और समय पर सभी शासकीय कार्यों को कुशलता से संपन्न किया। उनकी कार्यशैली हम सभी के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने आगे कहा कि खान सर ने शिक्षा विभाग में एक अनुशासन और प्रतिबद्धता की मिसाल कायम की है।

कार्यक्रम में कई शिक्षकों ने भावुक होकर अपने अनुभव साझा किए और खान सर के साथ बिताए गए समय को याद किया। विदाई समारोह के अंत में उन्हें सम्मान स्वरूप पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

श्री खान ने अपने संबोधन में सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के साथ बिताया गया उनका यह सफर यादगार और सीखों से भरा रहा। उन्होंने सभी सहयोगियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।अंत में सभी ने उनके दीर्घायु, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।