Sat. Oct 24th, 2026

2025

स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों की भरती के लिए आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर ,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय बलरामपुर के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में विभिन्न पदों की पूर्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिसके अंतर्गत चिकित्सा अधिकारी पुरुष, फिजियोथेरापिस्ट, प्रोग्राम एसोसिएट, डेंटल सर्जन, ऑडियोलॉजिस्ट, ऑप्थैल्मिक असिस्टेंट रेडियोग्राफर, लैब सुपरवाईजर, एसटीएस, फार्मासिस्ट, टेक्निकल असिस्टेंट हियरिंग इंपेयर्ड चिलर्डन, लैब टेक्नीशियन एनएचएम, लैब टेक्नीशियन बीपीएचयू, सचिविक सहायक, कनिष्ठ सचिविक सहायक, फीडिंग डेमोंस्ट्रेटर, काउंसलर एवं अटेंडेंट के नवीन एवं बैकलॉग पदों पर संविदा भर्ती की जानी है। इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में 21 मई 2025 शाम 05 बजे तक स्पीड पोस्ट/रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। उक्त संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जिले के वेबसाइट एवं कार्यालय के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है।

वन मंडलाधिकारी पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाया गंभीर आरोप।

मामला गोंडवाना फॉसिल पार्क में अनाधिकृत निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के एमसीबी जिलाध्यक्ष ने वन मंडलाधिकारी मनेंद्रगढ़ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि “बजट खर्च करने के उद्देश्य से समुद्री जीवाश्म जैसे दुर्लभ और ऐतिहासिक महत्व के संरचनाओं के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।”

 

जिलाध्यक्ष ने इस संबंध में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) को पत्र लिखते हुए आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा बिना किसी वैज्ञानिक सलाह और वैधानिक अनुमति के फॉसिल पार्क में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन कार्यों से न केवल पार्क की ऐतिहासिकता को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी यह अत्यंत आपत्तिजनक है।

अपने पत्र में उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच के लिए एक राज्यस्तरीय समिति गठित की जाए। साथ ही, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस मामले को कितनी गंभीरता से लेती है और क्या जांच के आदेश दिए जाते हैं।

 

राजस्व एवं वन विभाग की अतिक्रमण हटाने की गई बड़ी कार्यवाही।

बलरामपुर  कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में जिले में लगातार अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर श्री आनन्द राम नेताम के मार्गदर्शन में राजस्व, वन तथ पुलिस विभाग के संयुक्त टीम के द्वारा नगरपालिका परिषद् बलरामपुर के वार्ड क्रमांक 03, खुठनपारा जिला ग्रंथालय के पीछे वन विभाग की शासकीय भूमि तथा तहसील डौरा-कोचली ग्राम कोचली (लालमाटी) में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है। नगरपालिका परिषद् बलरामपुर वार्ड क्रमांक 03 में लगभग 1.5 एकड़ शासकीय भूमि पर लोगों द्वारा घर बनाकर अतिक्रमण किया गया था।

प्रशासन द्वारा उन्हें उक्त जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु नोटिस भी जारी किया गया था। परंतु अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाने पर बलरामपुर एसडीएम श्री आनंद राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग के द्वारा जमीन पर बनाए गए 22 घरोें को तोड़ कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसी प्रकार खुठनपारा जिला ग्रंथालय के पीछे भी वन विभाग की शासकीय जमीन को लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया था। जिसे बलरामपुर वन परिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में 10 मकानों को तोड़ कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। तहसील डौरा-कोचली में भी एसडीएम बलरामपुर श्री नेताम के मार्गदर्शन एवं तहसीलदार रॉकी एक्का के नेतृत्व राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त टीम के द्वारा ग्राम कोचली (लालमाटी) में स्थित शासकीय भूमि तथा ग्राम डूमरखोला में भी शासकीय भूमि कुल 5 व्यक्तियों 0.06 हेक्टेयर द्वारा अतिक्रमण किया गया था, जिसे अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई।

गांव में होने वाले प्रत्येक विवाह कराना होगा पंजीबद्ध।

बलरामपुर. मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया है कि राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025-26 से 2028-29 तक बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने हेतु लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश जारी किया गया है।

राज्य शासन द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधान अनुसार बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों की संख्या में वृद्धि कर जिला स्तर से ग्राम पंचायत स्तर तक बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी की अधिसूचना जारी की गई है। जिसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त कर बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत का प्रमाण पत्र जारी किया जाना है। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत सचिव को बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम हेतु बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को अवगत कराया है कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई ही नही अपितु कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के अंतर्गत बाल विवाह करने वाले वर एवं वधु के माता-पिता, सगे संबंधी, बाराती यहां तक कि विवाह कराने वाले पुरोहित पर भी कानूनी कार्यवाही की जा सकती है। इसके अतिरिक्त यदि वर या कन्या बाल विवाह पश्चात विवाह को स्वीकार नहीं करते है तो बालिग होने के पश्चात विवाह को शून्य घोषित करने हेतु आवेदन कर सकते हैं। बाल विवाह के कारण बच्चों में कुपोषण, शिशु मृत्यु दर एवं मातृ-मृत्यु दर के साथ घरेलू हिंसा में भी वृद्धि होती है। समाज में व्याप्त इस बुराई के पूर्णतः उन्मूलन हेतु जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकाय/पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संगठनों, महिला स्व सहायता समूहों, किशोर एवं किशोरी बालिकाओं तथा आमजनों से सहयोग प्राप्त कर इस प्रथा के उन्मूलन हेतु परिणाम मूलक कार्यवाही की जानी है।

ग्राम पंचायत सचिव सह बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में विवाह पंजी संधारित की जानी है, जिससे ग्राम पंचायत क्षेत्र में आयोजित होने वाले समस्त विवाहों को विवाह पूर्व पंजीबद्ध किया जावे। इस पंजी के संधारण से ग्राम पंचायतों में होने वाले समस्त विवाहों का रिकॉर्ड रहेगा, जिससे बाल विवाह की जानकारी समय पूर्व प्राप्त हो सकेगी। पंजी के द्वारा प्रत्येक विवाह में वर-वधु की उम्र की का सत्यापन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाना है। प्रत्येक विवाह का पंजीयन अनिवार्य कराना चाहिए। इस संबंध में ग्राम पंचायत/नगरीय निकाय व राजस्व विभाग के समन्वय से शत प्रतिशत विवाह पंजीयन हेतु कार्यवाही की जावेगी। ग्राम पंचायत के कोटवार द्वारा बाल विवाह नही करने, बाल विवाह के कानूनन अपराध होने के संबंध में मुनादी कराई जाए, जिससे सभी ग्रामीण जनों को पता चले कि बाल विवाह करना अपराध है। बाल विवाह की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र का प्रभावी होना अत्यंत आवश्यक है। जिले में कहीं पर भी बाल विवाह तय होने की सूचना मिलते ही प्रशासन को संबंधित परिवार को समझाइश देकर बाल विवाह रोकना है। बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 व पुलिस हेल्पलाइन 112 में किये जाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सीईओ श्रीमती तोमर ने समस्त ग्राम पंचायत सचिवों को उक्त सुझावों को अमल में लाते हुए बाल विवाह रोकथाम के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

रामानुजगंज में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन का चला बुलडोजर,नगर में दहशत का माहौल।

रामानुजगंज नगर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत गुरुवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।

प्रशासन को लंबे समय से नगर के मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। आम नागरिकों की आवाजाही में आ रही दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया और पहले अतिक्रमणकारियों को सूचना देकर हटाने की चेतावनी दी गई थी। निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर गुरुवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर के माध्यम से कब्जे हटवाए।कार्रवाई के दौरान कई दुकानों के आगे बढ़ाए गए टीन शेड, चबूतरे, ठेले एवं अन्य अस्थाई निर्माणों को हटाया गया। इससे नगर में हड़कंप मच गया और कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की सख्ती के चलते स्थिति नियंत्रित रही।

जानकारी के अनुसार एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने कहा है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी को भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से नगरवासियों में मिला-जुला असर देखा गया है—जहां एक ओर आम जनता ने राहत की सांस ली, वहीं अतिक्रमण करने वालों में नाराजगी देखी गई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह का ज़ोरदार स्वगात ।

एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के अंतर्गत आज बिहार राज्य के औरंगाबाद लोकसभा के पूर्व सांसद भाजपा नेता सुशील कुमार सिंह जी “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान के छत्तीसगढ़ के प्रभारी, मिशन बिहार के तहत
सुशील कुमार सिंह रामानुजगंज पहुंचे, जहां अपने पारिवारिक सदस्य सृष्टि नारायण सिंह राष्ट्रीय संगठन महासचिव महिला विंग अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल के रामानुजगंज स्थित निवास पर पहुंचने पर स्थानीय भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सुशील सिंह का ज़ोरदार स्वगात किया , जहाँ पूर्व सांसद ने पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ से परिचय बैठक पर विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की एवं कार्यकर्ताओं को बिहार चुनाव मे आने हेतु आमंत्रित किया । उन्होंने बताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है, जिसके तहत हर प्रवासी बिहारी तक पहुंचने की बीजेपी ने “मिशन बिहार” के तहत एक व्यापक योजना बनाई है , जिसके तहत पार्टी के नेता अलग-अलग राज्यों में बसे बिहार के लोगों के साथ मुलाकात करेंगे , इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई है जो प्रमुख शहरों में जाकर लोगों को भाजपा के साथ प्रवासी बिहारीयो को जोड़ने का काम करेंगे , बिहार में एनडीए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी साथ साथ प्रवासी बिहारीयो से आगामी विधानसभा चुनाव में सहयोग देने की अपील की जाएगी सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस कार्यक्रम को व्यापक प्रचार किया जाएगा । पूर्व सांसद में बताया कि लगभग 2 करोड़ बिहारी रोजगार की तलाश में देश भर के विभिन्न राज्यो में बसे हुए हैं , जिनसे संपर्क करने के लिए देश भर में 75 से अधिक प्रवासी टोलिया बनाई गई है जो अगले 5 महीने तक बिहार चुनाव को ध्यान में रखते हुए काम करेगी कार्यक्रम के तहत विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक समूह से संवाद किया जाएगा ।

इस स्वागत एवं सार्थक चर्चा के दौरान प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया लाल अग्रवाल व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अरुण केसरी, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री शैलेश गुप्ता, युवा मोर्चा महामंत्री अश्वनी गुप्ता , जनपद उपाध्यक्ष सुनील तिवारी , नारद यादव, पूर्व पार्षद उमेश सिंह गहरवार संजय गुप्ता, धर्म प्रकाश केसरी एवं पारिवारिक सदस्यों की उपस्थिति रही ।

बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी प्लेसमेंट कैंप का आयोजन।

बलरामपुर  जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए 07 मई 2025 को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन जनपद पंचायत बलरामपुर के सभाकक्ष में प्रातः 11 से 03 बजे तक किया जाएगा।

आयोजित प्लेसमेंट कैंप में बाम्बे सिक्योरिटी गार्ड तथा एसके सेफ्टी विंग्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी उपस्थित होंगे। प्लेसमेंट कैंप में सिक्योरिटी गार्ड के 50, सुरक्षा गार्ड के 50, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 10 पद एवं पैकर्स के 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। उक्त प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने के लिए इच्छुक उम्मीदवार अपने शैक्षणिक दस्तावेज के साथ निर्धारित तिथि व समय में उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे।

मरम्मत हेतु 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति से क्या बदलेगी राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की दशा ?

     बदहाल सड़कें, परेशान लोग:

बलरामपुर रामानुजगंज। क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। रामानुजगंज में आयोजित किसान सम्मेलन और मां कुदरगढ़ी कोल्ड स्टोरेज के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री राम विचार नेताम ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की मरम्मत हेतु 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति कि गई है। इससे लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस मार्ग के सुधार कार्य को गति मिलेगी।


ज्ञात हो कि रामानुजगंज में आयोजित मां कुदरगढ़ी कोल्ड स्टोरेज के उद्घाटन समारोह और किसान सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री राम विचार नेताम ने एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कि गई है। मंत्री नेताम ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मरम्मत कार्य प्रारंभ होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

यह घोषणा क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगा रही है। वर्षों से उपेक्षित इस मार्ग के सुधार की खबर से व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों में खुशी की लहर है। हालांकि, लोगों के मन में एक सवाल भी है—क्या यह घोषणा केवल कागजों तक सीमित रह जाएगी, या फिर वास्तव में धरातल पर इसका असर देखने को मिलेगा?

अब देखना यह होगा कि मंत्री जी की यह घोषणा कितने दिनों में वास्तविकता का रूप लेती है और बदहाल सड़कें सही मायनों में दुरुस्त होती हैं। फिलहाल, स्थानीय जनता इंतजार कर रही है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 343 की दशा कब सुधरेगी और यात्रा में राहत मिलेगी।

कोल्ड स्टोरेज का भव्य शुभारम्भ। किसान सम्मेलन में बांटे गए सामग्री।

रामानुजगंज। मां कुदरगढ़ी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित कोल्ड स्टोरेज का भव्य उद्घाटन एवं विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

माननीय कृषि मंत्री ने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र के किसानों के लिये इस कोल्ड स्टोरेज का भव्य शुभारंभ एतेहासिक रहेगा एवं आगे भविष्य में रामानुजगंज के क्षेत्र के लिये मिल का पत्थर साबित होगा । मंत्री राम विचार नेताम ने किसानों को सामग्री वितरित की और किसानों से जैविक खेती करने की अपील की।

उन्होंने कृषि विभाग की सराहना करते हुए कहां की हमारे जिले की उपलब्धी कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारीयों की मेहनत से रामानुजगंज क्षेत्र जिला – बलरामपुर में मक्के की खेती एवं सरसों की खेती राज्य में सबसे ज्यादा की जा रही है।

उसी क्रम में जिले के कृषि उप संचालक रामचन्द्र भगत के द्वारा विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को अनुदान प्राप्त करने हेतु विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में किसानों की उपस्थिति एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजकुमार गुप्ता एवं कार्यालयीन स्टाफ प्रदीप कुमार बेक, विजय कुमार गुप्ता एवं समस्त ग्रा०कृ०वि० अधिकारी, संत कुमार पैकरा, ईदन खातुन अंसारी, जगलाल एक्का, राकेश यादव, रामकृष्ण यादव, धमेन्द्र टोप्पो, देवधारी धुर्वे, उदय कुमार गुप्ता, पंकज चन्द्राकर, अंकित तिग्गा, स्वतंत्र गुप्ता, आशुतोष साव, सुनिता यादव के सहयोग से सफल किसान सम्मेलन कार्यक्रम कराया गया ।

कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन और किसान सम्मेलन में कृषि मंत्री राम विचार नेताम।

रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 7, रिंग रोड स्थित मां कुदरगढ़ी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित कोल्ड स्टोरेज का भव्य उद्घाटन एवं विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

उनके साथ कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल, मां कुदरगढ़ी एग्रो के कन्हैया लाल अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, संजय अग्रवाल. शैलेश गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि एवं कृषि उपज मंडी सचिव मलिक राम पोर्ते, कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारी एवं भारी संख्या में क्षेत्र के किसान शामिल हुए।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री नेताम ने किसानों को कृषि संबंधी सामग्री का वितरण किया और जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि रासायनिक उर्वरकों का सीमित प्रयोग करें और पर्यावरण अनुकूल खेती की ओर कदम बढ़ाएं, जिससे भूमि की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहे।

मंत्री नेताम ने यह भी बताया कि क्षेत्र के किसानों की उपज के संरक्षण और विपणन के लिए कोल्ड स्टोरेज की स्थापना एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलेगा और भंडारण की समस्या भी दूर होगी। समारोह में कृषि उप संचालक रामचंद्रा भगत ने किसानों के हितों के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।