Fri. Oct 23rd, 2026

2025

कनकपुर में भीषण आग, बैजनाथ तिवारी का घर जलकर खाक।

ग्राम पंचायत कनकपुर में शुरुवार को लगभग 11:00 बजे बैजनाथ तिवारी के घर में भीषण आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है।

आग लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। तत्काल सरपंच द्वारा रामानुजगंज फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।

सरपंच द्वारा बताया गया कि घर के सामने स्थित खलिहान में जौ एवं सरसों की फसल रखी गई थी। अचानक आग लगने के कारण खलिहान में रखी फसल जलकर राख हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा घर जलकर खाक हो गया।

स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण वे असफल रहे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। इस हादसे में गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार गहरे संकट में पड़ गया है।आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

रिक्त पदों पर भर्ती हेतु दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 04 अप्रैल।

बलरामपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत।

बलरामपुर जिले के जनपद पंचायतों में विकासखंड समन्वयक के 02 पद, तकनीकी सहायक के 01, एंव जिला पंचायत हेतु लेखापाल के 01 पद के संविदा रिक्त पद पर भर्ती हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों का जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा जांच के पश्चात पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की प्रारंभिक सूची तैयार की गई है। प्रकाशित सूची में यदि किसी आवेदक को दावा या आपत्ति है तो वे अपना आवेदन 4 अप्रैल 2025 को शाम 5ः30 बजे तक स्वयं या पंजीकृत डाक के माध्यम से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलरामपुर के नाम से प्रस्तुत कर सकते हैं।

निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त दावा-आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के सूचना पटल एवं जिले के वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है।

आबकारी आरक्षक के रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर जिला आबकारी अधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया कि।

आबकारी विभाग के अंतर्गत राज्य में आबकारी आरक्षक के रिक्त 200 पदों की पूर्ति सीधी भर्ती के माध्यम से किये जाने हेतु छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल को परीक्षा एजेंसी निर्धारित किया गया है। इस हेतु समस्त पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर के वेबसाइट व्यापम सीजी डॉट सीजी स्टेट डॉट जीवोव्ही डॉट इन पर आमंत्रित किये गए है। विभाग के अंतर्गत अनारक्षित के 84 पद, अनुसूचित जाति के 24 पद, अनुसूचित जनजाति के 64 पद तथा पिछड़ा वर्ग के 28 पद रिक्त है। उन्होंने जिले के ऐसे इच्छुक उमीदवारों से अपील किया है कि व्यापम के वेबसाइट में जा कर आवेदन भर सकत हैं। अधिक जानकारी के लिए व्यापम के साइट का अवलोकन किया जा सकता है।

 

एक और प्रेमिका ने की आत्महत्या । प्रेमी भेजा गया जेल।

बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पतरापारा निवासी जयप्रकाश कौशिक उर्फ पिंटू की प्रेमिका मुनेश्वरी टेकाम ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने अपने प्रेमी जयप्रकाश पर गंभीर आरोप लगाए।

सुसाइड नोट के मुताबिक, मुनेश्वरी टेकाम गर्भवती थी और जल्द ही जयप्रकाश के बच्चे की मां बनने वाली थी। लेकिन जयप्रकाश ने उसे धोखा दिया, जिससे दुखी होकर उसने अपनी जान दे दी। प्रेमिका ने लिखा कि वह अपने प्रेमी के प्यार में पागल थी, लेकिन जब उसने धोखा दिया, तो वह इसे सहन नहीं कर पाई और आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जयप्रकाश कौशिक को गिरफ्तार कर लिया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

यह घटना समाज में प्रेम और रिश्तों के प्रति बढ़ती संवेदनहीनता को उजागर करती है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि मृतका को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

युवाओं को राज्य विधानसभा और संसद में विचार रखने का सुनहरा अवसर

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संसद 2025 का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। 

इस श्रृंखला का जिला स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम 25 मार्च 2025 को नोडल संस्था शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर तीन जिलों के 101 प्रतिभागी भाग लेंगे। भारत सरकार ने शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर को नोडल संस्था के रूप में चिन्हित किया है।

संस्था के नोडल प्राचार्य श्री एन.के. देवांगन ने बताया कि वर्ष 2047 के विकसित भारत विजन में युवाओं के सक्रिय योगदान को ध्यान में रखते हुए यह मंच युवाओं को दिया जा रहा है, ताकि वे देश के विकास पर अपने विचार प्रकट कर सकें। चयनित प्रतिभागियों को राज्य की विधानसभा और देश की संसद में विकसित भारत विजन 2047 पर बोलने का अवसर प्राप्त होगा।

टीबी मुक्त पंचायतों का सम्मान, निक्षय मित्रों को प्रोत्साहन।

बलरामपुर जिले को 2025 तक टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में वर्ष 2024 में जिले की 147 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया।

इसी कड़ी में लगातार दो वर्षों तक टीबी मुक्त रहने वाली 10 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को कलेक्टर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा महात्मा गांधी की सिल्वर प्रतिमा, शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निक्षय मित्रों को भी समाज में टीबी उन्मूलन में योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान की गई, जिससे उनके उपचार और पोषण में सहायता मिल सके।

मुख्य रूप से कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा चेरवा, एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह व अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

नक्सलियों के हमले में दो जवान घायल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में भोपालपट्टनम नेशनल हाइवे पर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के वाहन को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया। गोरला नाले के पास नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर वाहन को उड़ा दिया, जिसके बाद फायरिंग भी की गई।

मिली जानकारी के अनुसार इस हमले में दो जवान घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे नक्सली घने जंगलों की ओर भाग निकले। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और नक्सलियों की तलाश तेज कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लगातार हो रहे नक्सली हमलों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं

।

घोटाले में दवा निगम के पांच अधिकारि गिरफ्तार

रायपुर। ईओडब्लू ने रीजेंट खरीदी घोटाले में दवा निगम के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो महाप्रबंधक और एक उप संचालक शामिल हैं।मिली जानकारी के अनुसार 660 करोड़ रुपए के गोल-माल को लेकर भारतीय लेखा एंव लेखापरीक्षा विभाग के प्रिंसिपल अकाउंटेंट जनरल (ऑडिट) आईएएस यशवंत कुमार द्वारा एडिशनल चीफ सेक्रेटरी मनोज कुमार पिंगआ को पत्र लिखा गया था।

लेखा परीक्षा की टीम की ओर से CGMSC की सप्लाई दवा और उपकरण को लेकर वित्त वर्ष 2022-24 और 2023-24 के दस्तावेज को खंगाला गया तो कंपनी ने बिना बजट आवंटन के 660 करोड़ रुपये की खरीदी की थी, जिसे ऑडिट टीम ने पकड़ लिया था। ऑडिट में पाया गया है कि पिछले दो सालों में आवश्यकता से ज्यादा खरीदे केमिकल और उपकरण को खपाने के चक्कर में नियम कानून को भी दरकिनार किया गया।

प्रदेश के 776 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों सप्लाई की गई, जिनमें से 350 से अधिक ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऐसे हैं, जिसमें कोई तकनीकी, जनशक्ति और भंडारण सुविधा उपलब्ध ही नहीं थी। ऑडिट टीम के अनुसार DHS ने स्वास्थ्य देखभाल की सुविधाओं में बेसलाइन सर्वेक्षण और अंतर विश्लेषण किए बिना ही उपकरणों और रीएजेंट मांग पत्र जारी किया था। जिसमें

गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में बसंत कौशिक,डॉ अनिल परसाई, शिरौंद्र रावटिया, कमलकांत पाटन कर,और दीपक बांधे शामिल हैं। मामले में रीएजेंट सप्लायर मोक्षित कार्पोरेशन के डायरेक्टर शाशांक चोपड़ा को ईओडब्लू पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

उत्कर्ष योजना अंतर्गत चयन परीक्षा 30 मार्च को।

बलरामपुर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग अधिकारी ने जानकारी दी है कि

पंडित जवाहरलाल नेहरू विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 में कक्षा 06 वीं प्रवेश के लिए 23 मार्च 2025 को दोपहर 12.00 बजे से परीक्षा आयोजित होने थी। जिसमें आंशिक संशोधन किया गया है। उक्त चयन परीक्षा अब 30 मार्च 2025 को दोपहर 12.00 बजे से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भेलवाडीह बलरामपुर में आयोजित की जायेगी। परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र 25 मार्च 2025 से विकासखण्ड स्तर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय/मंडल संयोजक कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त कर सकते हैं।

रामानुजगंज रिंग रोड की परीक्षण प्रक्रिया संदेह के घेरे में।

रामानुजगंज हाल ही में बनी रिंग रोड की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

गुरुवार की शाम करीब 7:30 बजे,  सुबोध राम भगत एक्सक्यूटिव इंजिनीयर एवं प्रयोगशाला के चीफ इंजीनियर ऑफिस अंबिकापुर से आए टीम ने परीक्षण के लिए सड़क की कोर कटाई कर सैंपल लिए। जब इस परीक्षण की गुणवत्ता और रिपोर्ट के बारे में पूछा गया, तो सुबोध राम भगत ने बताया कि रिपोर्ट आने में 4 से 5 दिन लग सकते हैं।

हालांकि, इस परीक्षण प्रक्रिया को लेकर स्थानीय लोगों में संदेह की भावना है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिरकार सड़क परीक्षण की यह प्रक्रिया अंधेरे में ही क्यों की गई? आमतौर पर इस तरह के कार्य दिन के उजाले में किए जाते हैं ताकि हर कोई इसे देख सके और पारदर्शिता बनी रहे।

लोगों को संदेह हो रहा है कि कहीं यह जांच सिर्फ औपचारिकता निभाने और किसी मिलीभगत का हिस्सा तो नहीं? कई लोग इसे अधिकारियों और ठेकेदारों की सांठगांठ से जोड़कर देख रहे हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं परीक्षण के दौरान ली गई सामग्री के साथ छेड़छाड़ तो नहीं हो रही, ताकि रिपोर्ट मनमाफिक बनाई जा सके?

रामानुजगंज रिंग रोड का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ था, लेकिन इसकी गुणवत्ता को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे थे।कहीं इसमें घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं किया गया?

अब देखना यह होगा कि जांच रिपोर्ट क्या कहती है और प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है। लेकिन फिलहाल, रामानुजगंज रिंग रोड की गुणवत्ता और परीक्षण की प्रक्रिया को लेकर आम जनता में संशय बना हुआ है।