Fri. Oct 23rd, 2026

February 2026

वार्षिक परीक्षा से पहले निरीक्षण की माँग, यात्रा फाउंडेशन ने सौंपा ज्ञापन।

बलरामपुर जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक संस्था यात्रा फाउंडेशन ने बलरामपुर–रामानुजगंज जिला के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर सभी सरकारी माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराने की माँग की है। संस्था का कहना है कि वार्षिक परीक्षा से पूर्व विद्यालयों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति का आकलन करना अत्यंत आवश्यक है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले में आयोजित होने वाली वार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी विद्यालयों में निर्धारित पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण कराया गया है या नहीं तथा विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय की समुचित पढ़ाई मिल रही है या नहीं। संस्था ने प्रशासन से निष्पक्ष जाँच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की अपील की है।

यात्रा फाउंडेशन ने यह भी माँग की कि जिन विद्यालयों में पाठ्यक्रम अधूरा है, वहाँ अतिरिक्त कक्षाएँ संचालित कराई जाएँ और परीक्षा से पहले आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। इसके साथ ही सभी सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में शिकायत पेटी लगाने की भी माँग की गई है, ताकि विद्यार्थी अपनी समस्याएँ सीधे दर्ज करा सकें और उनका समयबद्ध समाधान हो सके।

संस्था के आशीष गुप्ता और पदाधिकारियों का कहना है कि यह पहल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधियों के शिक्षा सुधार के संकल्प, विशेषकर माननीय विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेतम की मंशा के अनुरूप प्रशासन शीघ्र कार्रवाई करेगा।

संस्था ने विश्वास जताया कि समय रहते निरीक्षण और सुधारात्मक कदम उठाए जाने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और परीक्षा परिणामों में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान यात्रा फाउंडेशन से आशीष गुप्ता, अंकित गुप्ता, अभय जायसवाल, कृष्णा पासवान, निखिल गुप्ता, आयुष गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

जिले के 16 हजार 157 परीक्षार्थी होंगे शामिल 59 परीक्षा केन्द्रों में होगी परीक्षा DEO।

बलरामपुर रामानुजगंज जिला शिक्षा अधिकारी एम आर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बलरामपुर जिले में , छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी मुख्य परीक्षा 20 फरवरी से प्रारंभ होगा और यह परीक्षा 18 मार्च 2026 तक चलेगा। इसी प्रकार हाईस्कूल मुख्य परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक होगी। इन परीक्षाओं के लिए प्रातः 09 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में 59 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, जानकारी के अनुसार जहां 10वीं के 9235 एवं 12वीं के 6922 कुल 16 हजार 157 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों में सतत निगरानी, निरीक्षण एवं अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय निरीक्षण दल का गठन भी किया गया है। जो सतत रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।

बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्णतः प्रतिबंध।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आयोजित 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी 2026 से प्रारम्भ हो रही है। प्रायः यह देखा जाता है कि विभिन्न दलों, संगठनों तथा आम जनता द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जाता है, जिसकी ऊंची आवाज से विद्यार्थियों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न होता है। उपरोक्त वर्णित तथ्यों पर विचार करते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री राजेन्द्र कटारा द्वारा कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-5 अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र(लाउडस्पीकर) को चलाया या चलवाया जाना पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।

विशेष परिस्थितियों में क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी/तहसीलदार/नायब तहसीलदार से अनुमति उपरान्त ही मध्यम आवाज में लाउडस्पीकर का उपयोग किया जा सकेगा, किंतु रात्रि 10.00 बजे से प्रातः 06.00 बजे के बीच ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा की समाप्ति तक सम्पूर्ण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रभावशील रहेगी।

अब प्रत्येक सोमवार को होगी समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक।

बलरामपुर सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार बलरामपुर रामानुजगंज जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए साप्ताहिक समय-सीमा बैठक के आयोजन में परिवर्तन किया गया है। जारी निर्देशानुसार अब संयुक्त जिला कार्यालय भवन, बलरामपुर के सभाकक्ष में आयोजित होने वाली समय-सीमा की बैठक प्रत्येक मंगलवार के स्थान पर प्रत्येक सोमवार को प्रातः 10ः00 बजे आयोजित की जाएगी।

इस संबंध में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सभी विभाग प्रमुखों एवं जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभाग की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट एवं आवश्यक जानकारी के साथ अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

समय-सीमा बैठक के पश्चात कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनदर्शन कार्यक्रम में भी सभी जिला अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, ताकि प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

जनचौपाल में प्राप्त शिकायत पर पंचायत सचिव निलंबित।

जनचौपाल में बलरामपुर जिला पंचायत सीईओ के समक्ष रिखू राम पिता भाको द्वारा ग्राम चैनपुर के पंचायत सचिव स्पात राम के विरूद्ध प्रधानमंत्री जनमन योजनांतर्गत स्वीकृत आवास हेतु प्राप्त प्रथम एवं द्वितीय किश्त की कुल राशि 01 लाख रुपये आवास बनवाये जाने हेतु लिये जाने एवं उसके पश्चात भी आवास नहीं बनाये जाने के संबंध में शिकायत किया गया।

प्राप्त शिकायत के संबंध में मौके पर उपस्थित सरपंच ग्राम पंचायत चैनपुर एवं उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष पंचनामा तैयार कराया गया। जिसमें पंचायत सचिव के द्वारा राशि लिये जाने के संबंध में लेख है। मौके पर उपस्थित पंचायत सचिव से भी उपरोक्त शिकायत के संबंध में लिखित स्पष्टीकरण लिया गया। पंचायत सचिव द्वारा स्पष्टीकरण दिया गया कि हितग्राही रिखू राम का आवास उनके द्वारा बनाया जा रहा है। जिसका कार्य प्लिंथ लेवल तक हुआ है। साथ ही हितग्राही से 01 लाख रूपये लेना स्वीकार किया गया। इस प्रकार प्राप्त शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाया गया है। स्पात राम, पंचायत सचिव का उपरोक्त कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम तीन (1) (2) (3) के विपरीत कदाचरण की श्रेणी में आता है।
उनके उक्त कृत्य के लिए स्पात राम को पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 के तहत् जिला पंचायत सीईओ के द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय जनपद पंचायत कुसमी में संलग्न किया गया है।निलंबन अवधि में श्री स्पात राम को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

रामानुजगंज सुशासन के प्रतीक अटल परिसर का भव्य लोकार्पण।

रामानुजगंज के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जोड़ते हुए, कैबिनेट मंत्री  रामविचार नेताम ने रामानुजगंज में नवनिर्मित श्अटल परिसरश् का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम विशेष रूप से उपस्थित रहीं। स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर स्वागत गीत ष्सांसों की सरगम गाए… सुस्वागतमष् के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री  नेताम ने रामानुजगंज को एक श्मॉडल नगरश् के रूप में विकसित करने की बात कही। ’उन्होंने पूर्व में हुए कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वे समय में’ तय किए गए मॉडल के अनुरूप ही आज नगर में सड़कों का जाल बिछा है और बड़े पैमाने पर रिनोवेशन व नाली निर्माण के कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि वार्डों में पेयजल, बिजली और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी और विकास कार्यों में आने वाली किसी भी बाधा का समन्वय कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने निस्वार्थ भाव से जनसेवा करने और क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राम अग्रवाल ने श्अटल परिसरश् के लोकार्पण को सुशासन का संदेश बताया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के प्रयासों से रामानुजगंज विकास की नई इबारत लिख रहा है, जहाँ शिक्षा, चिकित्सा, और बुनियादी सुविधाएँ हर घर तक पहुँचाई जा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री नेताम के द्वारा 3 हितग्राहियों को राशन कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार सहित समस्त पार्षद गण एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नगरवासी उपस्थित थे।

विधानसभा के दृष्टिगत अवकाश पर प्रतिबंध जिला कलेक्टर।

बलरामपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा के षष्ठम विधानसभा का अष्टम सत्र सोमवार 23 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर शुक्रवार 20 मार्च 2026 तक आहुत किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के द्वारा उक्त विधानसभा सत्र के सफल संचालन एवं आवश्यक शासकीय कार्यों के निर्वहन को दृष्टिगत रखते हुए आदेश जारी होने की तिथि से 20 मार्च 2026 तक जिले में पदस्थ समस्त शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया है।

विधानसभा सत्र की अवधि में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय/मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। अत्यावश्यक कार्य अथवा अपरिहार्य परिस्थितियों में अवकाश पर जाना अथवा मुख्यालय छोड़ना आवश्यक होने की स्थिति में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के अवकाश की स्वीकृति संबंधित विभाग के कार्यालय प्रमुख द्वारा दी जाएगी तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के अवकाश की स्वीकृति कलेक्टर से पूर्व में लिखित अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। निर्धारित अनुमति प्राप्त किए बिना कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी अवकाश पर प्रस्थान नहीं करेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर जनस्वास्थ्य संकट को लेकर 13 फरवरी को सीमित चक्का जाम।

बलरामपुर–रामानुजगंज मार्ग पर चल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही सीमेंटेड राखड़ एवं धूल से उत्पन्न गंभीर जनस्वास्थ्य संकट के विरोध में स्थानीय नागरिकों ने आंदोलन की घोषणा की है। सामाजिक कार्यकर्ता फैजुद्दीन खान के नेतृत्व में लगभग 500 से अधिक प्रभावित नागरिक 13 फरवरी को सुबह 10:00 बजे से सीमित एवं नियंत्रित चक्का जाम करेंगे।

जिला प्रशासन को दि गई लिखित शिकायत में बताया गया है कि पिछले लगभग ढाई वर्षों से सड़क निर्माण में उपयोग हो रहे सीमेंट मटेरियल और राखड़ को बिना सुरक्षा मानकों के खुले में छोड़ा जा रहा है। इसके कारण सड़क के दोनों ओर लगभग आधा किलोमीटर क्षेत्र में धूल का घना असर फैल चुका है। इससे सैकड़ों परिवार, दुकानें, विद्यालय, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोग गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार धूल के संपर्क में रहने से छोटे बच्चों में फेफड़ों के विकास में बाधा, निमोनिया और सांस संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। किशोरों में एलर्जी, दमा और आंखों की समस्याएं देखी जा रही हैं, जबकि वयस्कों में सांस फूलना, त्वचा व आंखों में जलन और कार्यक्षमता में कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। बुजुर्गों में दमा, ब्रोंकाइटिस, COPD और हृदय रोग का खतरा बढ़ गया है। गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशुओं पर भी इसके नकारात्मक प्रभाव की आशंका जताई गई है।

आरोप है कि निर्माण एजेंसियां नियमित पानी का छिड़काव नहीं कर रही हैं, सीमेंट व राखड़ को ढककर परिवहन नहीं किया जा रहा और प्रभावित आबादी के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है, जो पर्यावरण एवं श्रम सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि चक्का जाम शांतिपूर्ण होगा तथा स्कूल वाहन, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा। मुख्य ठेकेदार श्याम इंफ्रा निर्माण प्राइवेट लिमिटेड और पेटी ठेकेदार शिवालिक बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड की कार्यप्रणाली के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है।

जल जीवन मिशन की प्रगति की कलेक्टर ने की समीक्षा।

बलरामपुर,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जिले में संचालित जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल-जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
कलेक्टर श्री कटारा ने जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में नल-जल योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, पाइपलाइन विस्तार, स्रोत विकास, जल टंकी निर्माण एवं घरेलू नल कनेक्शन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिन ग्रामों में कार्य अपूर्ण हैं, वहां तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कलेक्टर ने क्रेडा के अंतर्गत गतिविधियों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।
उन्होंने ठेकेदारों को प्रगतिरत एवं स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल-जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित मापदण्डों का पालन सुनिश्चित करते हुए पूरा करें। जनहित के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार कार्य नहीं पाये जाने पर संबंधितों पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग  पंकज जैन सहित संबंधित अधिकारीगण एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

अवैध रेत उत्खनन व परिवहन करते पाए जाने पर कई वाहन जब्त।

बलरामपुर,कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जिले में खनिज के अवैध उत्खनन को रोकने के लिए उत्खनन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं खनिज विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। जिसके तहत् राजस्व टीम द्वारा अवैध उत्खनन करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर श्री नीरनिधि नन्देहा के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा अवैध उत्खनन व परिवहन करने वालों पर कार्यवाही की गई। टीम के द्वारा ग्राम कैलाशपुर में मोरान नदी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर 04 ट्रैक्टर वाहन को जब्त कर चौकी वाड्रफनगर को सुपुर्द किया गया।