Fri. Oct 23rd, 2026

February 2026

कार दुर्घटना में 5 लोग घायल, अंधा मोड़ दे रहा है हादसों को न्योता – प्रतीक सिंह।

रामानुजगंज। आज सुबह करीब 9 बजे रामानुजगंज–वाड्राफनगर मार्ग पर स्थित पलटन घाट के तीखे एवं अंधे मोड़ पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही रामानुजगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार नवीन तिवारी (49 वर्ष) अपनी पत्नी मधु तिवारी (44 वर्ष) के साथ बनारस से इलाज कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से वाड्राफनगर की ओर जा रही दूसरी कार में नंद गोपाल तिवारी की बहू सेजल तिवारी (27 वर्ष), उनकी बहन दीक्षा (32 वर्ष), एक चार वर्षीय बालक सहित प्रयागराज निवासी प्रवीण पांडे एवं शिव शक्ति सवार थे। पलटन घाट के तीखे मोड़ पर दृश्यता कम होने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे कारों में सवार सभी लोग घायल हो गए।

 

घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों को हटवाया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पलटन घाट का यह अंधा और तीखा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। पूर्व में भी यहां कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को सुरक्षित बनाने या मोड़ को सीधा करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस संबंध में एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं रामानुजगंज नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते यह मोड़ लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। उन्होंने विभाग से मांग की कि तत्काल संज्ञान लेकर मार्ग को सुरक्षित किया जाए, चेतावनी संकेतक एवं सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से लोगों की जान बचाई जा सके।

अवैध प्रेम संबंध से लेकर हत्या तक, प्रेमी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।

बलरामपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेंदुर नदी के किनारे रेत में दबे अज्ञात शव की बरामदगी से जुड़े सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह जघन्य हत्या अवैध प्रेम संबंध के चलते साजिशन अंजाम दी गई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी एवं उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला 29 जनवरी 2026 का है। थाना बलरामपुर क्षेत्रांतर्गत सेंदुर नदी के किनारे रेत में दबा हुआ एक अज्ञात शव बरामद किया गया था। शव अत्यंत सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे तत्काल पहचान संभव नहीं हो सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर विधिवत शव पंचनामा तैयार करते हुए पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक की मृत्यु सिर में गंभीर चोट पहुंचाने से हुई थी, जो कि हत्या का मामला था। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू किए। संभावित परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई, जिसमें मृतक की पहचान विश्वनाथ केरकेट्टा (51 वर्ष), निवासी ग्राम सलियापारा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ था तथा वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले में अपनी सेवाएं दे रहा था। गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अवैध प्रेम संबंध के चलते हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले का खुलासा करने में बलरामपुर पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ की सराहना की जा रही है।

 

ऑनलाइन उपस्थिति शत-प्रतिशत के कलेक्टर ने दिए निर्देश।

बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने ऑनलाईन अटेंडेंस, ई-ऑफिस, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम, धान उठाव, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं समय-सीमा के प्रकरण की समीक्षा कर प्रगति लाने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी समय पर कार्यालय में उपस्थित हों तथा यह भी सुनिश्चित करें कि अधीनस्थ कर्मचारी भी निर्धारित समय पर उपस्थित हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फील्ड में जाने से पूर्व अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करायें। कलेक्टर श्री कटारा ने सभी को समय का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए साथ ही बिना पूर्व सूचना अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों को शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही फाइलों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर  आर.एस. लाल, श्री चेतन बोरघरिया, अभिषेक गुप्ता, श्री आर.एन. पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में 37 वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन कार्यक्रम साप्ताहिक बाज़ार स्थित ऑडिटोरियम हॉल के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। जिसमें कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन द्वारा माह भर आयोजित कार्यक्रमों की रूपरेखा के प्रस्तुतीकरण के साथ किया गया। समापन समारोह में पुलिस विभाग द्वारा समस्त अनुभाग मुख्यालयों में आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में बताया गया। इसमें यातायात जागरूकता थीम (हेलमेट/सीटबेल्ट/शराब सेवन निषेध), रील्स मेकिंग कॉम्पिटिशन, नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान और सड़क सुरक्षा मितानों का सम्मान रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि यह जीवन भर अपनाई जाने वाली एक महत्वपूर्ण आदत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन और आम जनता के बीच समन्वय अनिवार्य है। कलेक्टर ने विशेष रूप से युवाओं और अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि बलरामपुर को दुर्घटना मुक्त ज़िला बनाया जा सके। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि सड़क दुर्घटना होने पर जो पहला घंटा होता है, उसे ’गोल्डन आवर’ कहा जाता है। यदि समय रहते घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार दिया जाए, तो उसकी जान बचाई जा सकती है। ऐसे मददगार व्यक्तियों को पुलिस ‘‘गुड समेरिटन’’ कहती है।

 

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।समापन कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा आयोजित ‘‘रील्स बनाओ प्रतियोगिता’’ में प्रथम स्थान बड़कीमहरी के शुभम दास एवं टीम, द्वितीय स्थान देवराज सिंह एवं टीम तथा तीसरा स्थान छोटू छलिया एवं टीम को प्राप्त हुआ। अतिथियों द्वारा उन्हें पुरस्कृत किया गया एवं उनके द्वारा बनाई गई रील्स का प्रदर्शन कर सराहना की गई। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में अतिथियों द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं पत्रकारों से हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग करने, वाहन संबंधी दस्तावेज साथ रखने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम का समापन अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

दूरदर्शी एवं राष्ट्र निर्माण को मजबूती देने वाला बजट : अश्विनी गुप्ता

केंद्र सरकार द्वारा 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए पूर्व महामंत्री भाजयुमो एवं विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता ने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट विशेष रूप से देश के युवाओं की आकांक्षाओं, आवश्यकताओं तथा भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो राष्ट्र निर्माण को नई मजबूती प्रदान करेगा। अश्विनी गुप्ता ने कहा कि बजट में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार सृजन और आधुनिक तकनीकों को प्राथमिकता देकर यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु प्रत्येक जिले में छात्रावास की व्यवस्था, युवाओं के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम, तथा डिजिटल टेक्नोलॉजी, एनीमेशन, गेमिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार सराहनीय कदम है।

उन्होंने आगे कहा कि स्टार्ट-अप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रावधान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। साथ ही पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया जाना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए लाभकारी है।

अश्विनी गुप्ता ने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने का सशक्त विजन प्रस्तुत करता है। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को इस युवा-हितैषी, विकासोन्मुखी एवं भविष्य निर्माण करने वाले बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं आभार व्यक्त किया। सवाल यह है कि क्या वाकई में आम जनता के हित में बजट है।