Sat. Oct 24th, 2026

रामानुजगंज: पेड़ गिरने से बाइक क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला

  • रामानुजगंज मित गई रोड पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वन वाटिका के समीप कृष्णा कश्यप की दुकान के सामने स्थित एक सूखा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान वहां खड़ी एक बाइक पेड़ की चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शी सतीश कुजूर ने बताया कि घटना के समय बाइक सवार पास ही मौजूद था, लेकिन पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही वह तुरंत सुरक्षित स्थान पर हट गया। यदि वह समय रहते नहीं भागता तो गंभीर चोटें आ सकती थीं या उसकी जान भी जा सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कई सूखे और कमजोर पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी गिरकर जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं। बावजूद इसके, वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि विभाग तत्काल ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें काटे या हटाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।यह घटना फिर से इस बात की याद दिलाती है कि सार्वजनिक स्थलों पर रखरखाव और सुरक्षा उपायों की अनदेखी, नागरिकों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के लिए यह चेतावनी है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए।

बसंतपुर पुलिस की बड़ी सफ़लता अपहृत युवक को किया सकुशल बरामद।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपहरण और फिरौती के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मात्र 24 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल छुड़ाकर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवक के भाई से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस के अनुसार, रजखेता निवासी बृजेश सिंह ने 8 अगस्त 2025 को अपने भाई विजय मरकाम के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। बृजेश के मुताबिक, 7 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति ने विजय के मोबाइल से फोन कर 3 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि रकम न देने पर विजय की हत्या कर दी जाएगी। 8 अगस्त को भी यही धमकी दोहराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, जो बीजपुर (उत्तर प्रदेश) में मिली। तुरंत टीम रवाना होकर पुलिस ने टावर पैनल रूम से विजय मरकाम को सकुशल बरामद किया। दोनों ने जुर्म कबूल किया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी, चौकी प्रभारी वाड्रफनगर धीरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक पंकज पार्ते, आरक्षक अनिल पंडवार और विवेक कुमार की अहम भूमिका रही।

रोजगार प्लेसमेंट कैंप का आयोजन 13 अगस्त को।

बलरामपुर,जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए 13 अगस्त 2025 को जनपद पंचायत बलरामपुर के सभाकक्ष में प्रातः 11 से प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। 10वीं कक्षा उत्तीर्ण इच्छुक आवेदक-आवेदिका निर्धारित स्थल पर अपनी शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति एक सेट छाया प्रति एवं पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो तो) सहित उपस्थित होकर अवसर का लाभ ले सकते है।

आयोजित प्लेसमेंट कैंप में महामाया ट्रेक्टर शो रूम बलरामपुर, आकाश एग्रो इण्डस्ट्रीज बलरामपुर, श्रीराम ऑटोमोबाइल (होंडा शो रूम) बलरामपुर, जे.आर. ग्रुप(मैन पावर एवं सिक्योरिटी सर्विस) रामानुजगंज उपस्थित होंगे।

प्लेसमेंट कैंप में सेल्समैन के 30, वेल्डर के 02, मैकेनिक के 01, सुरक्षाकर्मी के 50, सुरक्षा सुपरवाईजर के 15, फील्ड ऑफिसर के 10, टेलीकॉलर के 07, कम्प्यूटर ऑपरेटर के 05 एवं सिक्योरिटी मैनेजर के 03 पदों पर भर्ती की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बलरामपुर में सम्पर्क नंबर 78312-99158, 75877-20774 पर संपर्क कर सकते हैं।

अतिथि शिक्षकों की पूर्ति के लिए मेरिट सूची जारी

बलरामपुर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने जानकारी दी है कि जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की पूर्ति हेतु वॉक इन इंटरव्यू 31 जुलाई एवं 01 अगस्त 2025 को आयोजित की गई थी। वॉक इन इंटरव्यू के पश्चात अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों एवं जारी चयन के आधार पर मेरिट सूची जारी किया गया है। अभ्यर्थी मेरिट सूची का अवलोकन जिले के वेबसाइट एवं कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग बलरामपुर के सूचना पटल का अवलोकन कर सकते हैं।

पशु मालिकों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अब होगी करवाई।

अधिकारियों को आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक निर्देश। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्ग एवं सड़कों पर घूमते आवारा पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं में जन और पशुधन की हानि को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज मंथन सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में नगर निगम, पशु चिकित्सा विभाग, पुलिस और पंचायत प्रशासन के अधिकारियों को आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंथन में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों की जान के साथ पशुधन की भी हानि हो रही है, यह चिंताजनक स्थिति है उन्होंने कहा कि यदि पशु मालिक अपने पशुओं का उचित प्रबंधन करें और उन्हें सड़कों पर छोड़ने से परहेज करें, तो इस समस्या से काफी हद तक निपटा जा सकता है अन्यथा पशु मालिकों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि सड़कों और मुख्य मार्गों पर घूमते पशुओं के मामलों में अब संबंधित पशु मालिकों पर पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए नगर निगम के सभी जोन कार्यालय, नगर पालिकाएं और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई है, जो चिन्हित क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर कार्रवाई करेंगे।

बलरामपुर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रशासन की पहल।

बलरामपुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं में प्रारंभिक अवस्था में ही कैंसर का पता लगाना और उन्हें उचित परामर्श देना है, जिससे जानलेवा बीमारी को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय शिविर में कुल 215 महिलाओं की जांच की गई है, जिनमें से कुछ में संभावित लक्षण पाए गए हैं, जिन्हें निःशुल्क उपचार के लिए आगे रेफर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाली महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले समय में ऐसे कैंसर जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल आने वाले समय में महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जन विश्वास को और मजबूत करेगी, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी महिलाएं अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक नहीं होतीं, खासकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को लेकर भी अनभिज्ञ रहती है। स्तन और ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाले दो सबसे सामान्य प्रकार के कैंसर हैं, लेकिन समय पर जांच और ईलाज से इन्हें पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में कैंसर जांच शिविर सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर के सफल संचालन में जिला अस्पताल की पूरी टीम, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रामानुजगंज वासियों को जल्द मिलेगा निजात: सीएमओ सुधीर कुमार।

रामानुजगंज नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों एवं मवेशियों की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आए दिन सड़क पर घूमते आवारा पशुओं और कुत्तों के कारण दर्दनाक दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लेकर नगरवासी बेहद परेशान और भयभीत हैं। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं राहगीरों को इन जानवरों से भय बना रहता है।

नगरवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जब इस विषय पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार से सवाल किया गया, तो उन्होंने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि नगर पालिका इस दिशा में सक्रियता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, नगर में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर गठित टीम पहले ही कार्य में लग चुकी है। हम जल्द ही ऐसे स्थायी उपाय करेंगे जिससे आम जनता को राहत मिल सके। सीएमओ सुधीर कुमार ने यह भी विश्वास दिलाया कि कुछ ही समय में नगर को आवारा जानवरों से मुक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस हेतु पशुओं को पकड़ने और उनके लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित कर वहां रखने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अलावा जनजागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों से भी सहयोग की अपील की जाएगी, ताकि जो लोग अपने पशुओं को खुला छोड़ते हैं, उन्हें भी जागरूक किया जा सके।

उन्होंने बताया कि यह समस्या केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी नागरिक सहयोग करें, तो इस समस्या का समाधान और भी जल्दी हो सकता है।

अब देखना यह होगा कि रामानुजगंज नगर वासियों को इस समस्या से समाधान कब तक मिलता है यह तो आने वाला वक्त बताएगा

स्वीकृत पदों पर भर्ती हेतु अगस्त तक कर सकते हैं दावा-आपत्ति।

बलरामपुर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने जानकारी दी है कि मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई के 02 पद एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के तहत जिला स्तरीय स्वीकृत 08 पदों पर भर्ती हेतु योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किये गये थे। प्राप्त आवेदन पत्रों का चयन समिति के द्वारा जांच/स्क्रूटनी कर दावा-आपत्ति हेतु सूची का प्रकाशन कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जिले के वेबसाइट में किया गया है। अभ्यर्थी 06 अगस्त 2025 तक दावा-आपत्ति रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट एवं कार्यालयीन समय में कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

बलरामपुर अंतर्राज्यीय फॉरेस्ट समन्वय बैठक संपन्न।

बलरामपुर,जिले के विकासखण्ड वाड्रफनगर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय फॉरेस्ट समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती जंगलों में बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों, वन अपराधों और मानव-हाथी द्वंद्व जैसी समस्याओं के समाधान हेतु आपसी समन्वय स्थापित करना था। जिसमें छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और झारखंड के वन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। समन्वय बैठक में बलरामपुर वनमंडलाधिकारी श्री आलोक बाजपेयी ने अध्यक्षता की। जिसमें झारखण्ड राज्य  के गढ़वा जिले के वनमंडलाधिकारी श्री अंशुमन राजहंस, वनमंडलाधिकारी श्री एविन अब्राहम, मध्यप्रदेश के सिंगरौली से आरएफओ हर्षिती मिश्रा, उत्तरप्रदेशके सोनभद्र से आरएफओ श्रीमती उषा देवी, उपवनमंडल अधिकारी श्री अनिल सिंह पैकरा, श्री संतोष पांडेय, श्री निखिल सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और वनकर्मी उपस्थित रहे।

बैठक में हाथियों के बढ़ते विचरण, उनके द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में की जा रही क्षति, मानव-हाथी संघर्ष और इसके दुष्परिणामों पर अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में बढ़ती अवैध लकड़ी तस्करी और अन्य वन अपराधों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में राज्य सीमाओं के आर-पार होने वाली वन्य जीव गतिविधियों और अपराधों पर नियंत्रण के लिए एक मजबूत और संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया।

पीएफ घोटाला कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित लेखापाल गिरफ्तार।

वाड्रफनगर जनपद पंचायत कार्यालय में एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर और लेखापाल ने शातिर दिमाग से 83 कर्मचारियों के प्रोविडेंट फंड (PF) की लगभग 12 लाख रुपए की राशि का गबन किया है. राशि कर्मचारियों के खाते में जमा करने के बजाय अपनी पत्नी के निजी खाते में ट्रांसफर कर दिया. इस मामले में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निजामुद्दीन खान सीईओ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर और लेखापाल को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस गबन में और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं.