Sat. Oct 24th, 2026

जिला पंचायत सीईओ के नाम से फर्जी विज्ञापन जारी।

बलरामपुर विभागीय संस्था, जिला बलरामपुर, रामानुजगंज के नाम से कृषि विभाग/कम्प्यूटर विभाग/स्वास्थ्य विभाग/विभागीय संस्था में सुपरवाइजर, मैनेजर, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं असिस्टेंट पदों पर आकस्मिकता भर्ती हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज के हस्ताक्षरित विज्ञापन जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सीईओ ने बताया है कि मेरे द्वारा इस प्रकार का कोई विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। विज्ञापन में मेरे हस्ताक्षर की कॉपी करके किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उपयोग किया गया है। उक्त विज्ञापन पूर्ण रूप से फर्जी एवं असत्य है। जिला पंचायत सीईओ ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे फर्जी विज्ञापनों से भ्रमित न हों और किसी भी प्रकार की नियुक्ति संबंधी जानकारी केवल जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट अथवा कार्यालय से ही प्राप्त करें। सवाल यह है कि ऐसे फर्जीवाड़ा करने वालों पर चिन्ह अंकित कर प्रशासनिक कार्रवाई होती भी है या नहीं ।

सुआ, कर्मा, सैला नृत्य ने छत्तीसगढ़ परंपराओं को किया जीवंत।

बलरामपुर, छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिला मुख्यालय बलरामपुर के ऑडिटोरियम भवन में छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति से सराबोर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर कलेक्टर श्री आर.एन. पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी श्री आनंद राम नेताम, जनपद सीईओ श्री दीपराज कांत, गणमान्य नागरिक सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ एवं छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।

वोटर अधिकार यात्रा में छ,ग,प्रदेश अध्यक्ष सहित शामिल हुए कई कांग्रेसी।

बिहार के सासाराम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आज से प्रारंभ हुई वोट अधिकार यात्रा में छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए। इस ऐतिहासिक यात्रा का उद्देश्य आम जनता को उनके मतदान अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। यात्रा में छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज की पार्षद रुपवंती जायसवाल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजेश यादव, कांग्रेस जिला महामंत्री (पिछड़ा वर्ग) अमृत जायसवाल, तथा एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष बलरामपुर रूपेश यादव के साथ-साथ प्रदेश के अन्य कई जिलों से कांग्रेसजनों का दल शामिल हुआ।

सासाराम में आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि वोट करना केवल अधिकार नहीं बल्कि यह लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करें और जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करें। छत्तीसगढ़ से पहुंचे नेताओं ने भी इसे एक प्रेरणादायी अवसर बताया और कहा कि यह यात्रा देश के हर नागरिक को उसके संवैधानिक अधिकारों की याद दिलाने का काम करेगी। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। सैकड़ों की संख्या में युवा कार्यकर्ता, महिला प्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता यात्रा में शामिल हुए।

शहर स्तरीय फुटपाथ विक्रेता संघ द्वारा किया गया ध्वजारोहण।

डेहरी डालमिया नगर में 79वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न-ए-आज़ादी के शुभ अवसर पर शहर स्तरीय फुटपाथ विक्रेता संघ द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डेहरी बाज़ार स्थित गांधी आश्रम के सामने आयोजित हुआ, जहां संघ के अध्यक्ष अब्दुल कलाम आज़ाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फुटपाथ विक्रेता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से नरेंद्र कुमार गुप्ता, डब्लू अंसारी, जन्नत अंसारी, जावेद अंसारी, भोला राईन, दिलशाद राईन, धर्मेंद्र कुमार, महेश कुमार, प्रमोद यादव, आलिम राईन, राजू राईन, छोटू चौधरी, गुड्डू गुप्ता, शाहरुख आलम और दिलीप कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल हुए।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया और देशभक्ति गीतों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि आज का दिन सिर्फ उत्सव का नहीं, बल्कि देश के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का अवसर है। इस मौके पर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने मिलकर स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास और एकता के साथ मनाया।

कृषि उपज मंडी समिति रामानुजगंज में किया गया धोजारोहण।

रामानुजगंज, 15 अगस्त 2025 –कृषि उपज मंडी समिति रामानुजगंज में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडी समिति के भारसाधक अधिकारी श्री रोबिनस सुधीर कुजूर एवं मंडी सचिव डॉ. मालिक राम पोरते ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया लाल अग्रवाल, नगर के प्रतिष्ठित व्यापारीगण, मंडी कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।

मंडी परिसर में स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंडी प्रांगण में फलदार पौधों का रोपण भी किया गया। इस पौधारोपण कार्यक्रम में मंडी सचिव, व्यापारीगण एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पौधारोपण का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित क्रांति को बढ़ावा देना था, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों, देशप्रेम और समाज सेवा की याद दिलाता है। अंत में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

रामानुजगंज में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन

शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर भारत माता चौक तक निकाली गई। भारत माता की प्रतिमा के समक्ष धूप- अगरबत्ती से पूजा-अर्चना कर मातृभूमि को नमन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रोज़ लिली बड़ा, जनभागीदारी प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री विकास गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि डॉ. राकेश गुप्ता, समाज सेवी आकाश तिवारी,राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री रमेश कुमार खैरवार सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा में देशभक्ति गीतों और नारों से नगर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र प्रेम और एकता का संदेश देना रहा।

आईटीआई रामानुजगंज में प्रवेश हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि।

बलरामपुर,शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रामानुजगंज के प्राचार्य ने जानकारी दी है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संचालित व्यवसायों-कोपा एवं मैकेनिक डीजल में प्रवेश के लिये ऑनलाईन आवेदन के लिये पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) प्रक्रिया 13 अगस्त 2025 से 16 अगस्त 2025 तक होना है। प्रवेश के लिये इच्छुक आवेदक 16 अगस्त 2025 रात्रि 11ः59 बजे तक वेबसाइट सीजीआईटीआई डॉट एडमिशन डॉट एनआईसी डॉट इन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित सभी दिशा-निर्देश और नियम वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश विवरणिका में दिये गये हैं। किसी भी प्रकार की समस्या व अधिक जानकारी के लिये आवेदक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रामानुजगंज के कार्यालय या मोबाईल नंबर 9981538972 पर संपर्क कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती हेतु कर सकते हैं ऑनलाईन आवेदन।

बलरामपुर, छत्तीसगढ़ व्यवसायीक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल में आरक्षक संवर्ग के रिक्त पदों हेतु लिखित भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाईन आवेदन हेतु संभावित परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी 05 अगस्त से 27 अगस्त 2025 तक व्यापम के पोर्टल में पंजीयन उपरांत सबमिट कर सकते हैं। लिखित परीक्षा 14 सितंबर 2025 को दोपहर 02 बजे से संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए 08 सितंबर को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए व्यापम की वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है। व्यापम की वेबसाइट की लिंक में पंजीयन करने, ऑनलाईन फार्म भरने तथा अन्य किसी प्रकार की समस्या होने पर समाधान हेतु व्यापम के हेल्पलाइन नम्बर 07712972780 पर संपर्क किया जा सकता है।

रामानुजगंज में तिरंगा कंसर्ट सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन।

बलरामपुर स्वतंत्रता दिवस-2025 के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। जिसमें स्कूली बच्चें, जनप्रतिनिधि, आमजन बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे है। इसी कड़ी में विकासखंड रामचन्द्रपुर के नगरपालिका परिषद रामानुजगंज में लरंगसाय चौक से टाऊन हाल तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। सभी ने तिरंगा हाथ में लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है जो याद दिलाता है कि आजादी हमें यूं ही नहीं मिली, इसके लिए हमारे अनगिनत वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। हर घर तिरंगा अभियान इसी गौरवशाली इतिहास को हर नागरिक तक पहुंचाने का माध्यम है। इस अवसर पर मुख्य रूप से नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष मुद्रिका सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अनुविभागीय अधिकारी श्री आनंद राम नेताम, जनपद सीईओ श्री रणवीर साय, तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजुद रहे।

रामानुजगंज: पेड़ गिरने से बाइक के उड़े पर खर्चे।

रामानुजगंज मित गई रोड पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वन वाटिका के समीप कृष्णा कश्यप की दुकान के सामने स्थित एक सूखा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान वहां खड़ी एक बाइक पेड़ की चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी सतीश कुजूर ने बताया कि घटना के समय बाइक सवार पास ही मौजूद था, लेकिन पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही वह तुरंत सुरक्षित स्थान पर हट गया। यदि वह समय रहते नहीं भागता तो गंभीर चोटें आ सकती थीं या उसकी जान भी जा सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कई सूखे और कमजोर पेड़ खड़े हैं, जो कभी भी गिरकर जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं। बावजूद इसके, वन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि विभाग तत्काल ऐसे खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें काटे या हटाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
यह घटना फिर से इस बात की याद दिलाती है कि सार्वजनिक स्थलों पर रखरखाव और सुरक्षा उपायों की अनदेखी, नागरिकों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के लिए यह चेतावनी है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाएं।