बलरामपुर ज़िले के रामानुजगंज नगर पालिका परिषद में नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) की अनुपस्थिति को लेकर नगर के युवा खेल प्रेमी नाराज़ दिखे। सोमवार को खेल से जुड़े युवाओं ने नगर पालिका पहुँचकर लेखा पाल को ज्ञापन सौंपते हुए इस अनुपस्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई।
CMO ने अपनी अनुपस्थिति का कारण जिले में आयोजित बैठक को बताया, जिसके चलते वे कार्यालय में मौजूद नहीं रह सके।
यात्रा फाउंडेशन के आशीष गुप्ता ने कहा कि संस्था लगातार संवैधानिक तरीक़े से शहर के जनहित मुद्दों को उठाती रही है। उन्होंने बताया कि शहर के कई युवा खेल के प्रति गंभीर हैं; आर्थिक रूप से मज़बूत खिलाड़ी तो अन्य राज्यों में प्रशिक्षण लेकर अपनी क्षमता बढ़ा लेते हैं, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर युवा इसी शहर की खेल सुविधाओं पर निर्भर हैं। इसलिए उनका भविष्य नगर के जनप्रतिनिधियों की पहल पर ही आधारित है। खेल प्रेमियों ने अपनी मुख्य माँग रखते हुए कहा कि क्रिकेट प्रैक्टिस के लिए नेट प्रैक्टिस एरिया की बेहद आवश्यकता है। कम लागत में तैयार होने वाली यह सुविधा खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास का अवसर देगी, जिससे वे बड़े मैदानों में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
युवाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही नेट प्रैक्टिस व्यवस्था के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे अपनी माँग को लेकर नगर पालिका परिषद में धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर यात्रा फाउंडेशन के अंकित गुप्ता, आशीष गुप्ता, ख़ुशी बैरागी, मंटू कश्यप, नैतिक पांडेय, विद्याकांत पाठक, रुपेश साहू, दीपू सोनी और सुन्नी दास उपस्थित रहे तथा जल्द कार्रवाई की माँग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
रामानुजगंज CMO नदारत, खेल प्रीमियों में आक्रोश।

