Sat. Mar 7th, 2026

डीईओ ने बैठक में परीक्षा सहित अन्य कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों की दिए दिशा-निर्देश।

बलरामपुर–रामानुजगंज। जिला शिक्षा अधिकारी एम. आर. यादव के निर्देशानुसार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर के सभागार में विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों तथा शैक्षिक समन्वयकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दिशा-निर्देश देना रहा। बैठक में सर्वप्रथम त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षाओं के परिणामों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने प्रत्येक संस्था के परीक्षा परिणामों के आधार पर शैक्षणिक गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली। समस्त प्राचार्यों ने अवगत कराया कि पाठ्यक्रम समय से पूर्व पूर्ण करा लिया गया है। “मिशन-40 दिन” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों में प्रतिदिन रिवीजन, मॉडल प्रश्नपत्र अभ्यास एवं अन्य सहायक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। डीईओ ने बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में उल्लास मेला की पूर्व तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। समस्त ग्राम प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे डोर-टू-डोर सर्वे कर 25 जनवरी 2026 तक सभी साक्षरों का चिन्हांकन पूर्ण करें तथा 26 जनवरी 2026 को ग्राम स्तर पर आयोजित उल्लास मेला में इसकी घोषणा सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त बीएसके (BSK) एप में सभी शिक्षकों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने तथा प्रतिदिन चेक-इन एवं चेक-आउट के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। छात्रवृत्ति संबंधी समस्त कार्य शीघ्र पूर्ण कराने एवं लंबित ई-केवाईसी के निराकरण हेतु खाद्य विभाग से समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। आपार आईडी जनरेशन में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु तहसीलदार बलरामपुर सुनील कुमार गुप्ता द्वारा जन्म प्रमाण पत्र बनाने की समस्त प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। सभी शैक्षिक समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने संकुलों में पात्र छात्र-छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन संकुल स्तर पर ही पूर्ण कराएं, ताकि एक ही दिन में पालकों को बुलाकर प्रमाण पत्र जारी किया जा सके और आधार सुधार के बाद अधिक से अधिक विद्यार्थियों की आपार आईडी जनरेट हो सके।

इसके साथ ही परीक्षा पूर्व सभी विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था दुरुस्त करने, अनावश्यक व टूटे-फूटे फर्नीचर तथा सामग्री का निष्पादन करने के निर्देश दिए गए। सरगुजा ओलंपिक के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत समस्त छात्र-छात्राओं का पंजीयन सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) हीरालाल पटवा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर संजु कनौजियां, विकासखंड स्रोत समन्वयक (साक्षरता) अनिल तिवारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक बलरामपुर सुरेश सिंह सहित विकासखंड के सभी प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक एवं ग्राम प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Post