बलरामपुर,रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार एवं शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय, रामानुजगंज में अतिरिक्त भवन के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। अब इस महत्वाकांक्षी निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। दो दिन पूर्व टेंडर खुलने के बाद जल्द ही नवीन भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
यह महत्वपूर्ण उपलब्धि क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के यशस्वी कैबिनेट मंत्री माननीय श्री रामविचार नेताम जी के सतत प्रयासों एवं शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उनके विशेष प्रयासों से रामानुजगंज क्षेत्र के इस प्रमुख शैक्षणिक संस्थान को इतनी बड़ी सौगात प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय वर्ष 1987 से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के लगभग 1600 नियमित विद्यार्थी व लगभग 900 स्वाध्यायी विद्यार्थी कुल 2500 अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त भवन एवं कक्षों का निर्माण लंबे समय से आवश्यक था। नवीन भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी तथा महाविद्यालय की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय की जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद श्री विकास कुमार गुप्ता ने माननीय कैबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
विकास गुप्ता ने कहा कि रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा की बेहतरी के लिए माननीय मंत्री जी द्वारा किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है। यह केवल एक नवीन भवन का निर्माण नहीं है, बल्कि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार एवं जनभागीदारी प्रबंधन समिति की ओर से मंत्री जी का विशेष आभार व्यक्त करते हैं। उनके प्रयासों से महाविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय परिवार, जनभागीदारी प्रबंधन समिति एवं समस्त नगरवासियों और क्षेत्रवासियों की ओर से माननीय मंत्री श्री रामविचार नेताम जी को इस ऐतिहासिक सौगात के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं आभार। निश्चित रूप से यह पहल रामानुजगंज को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

