Mon. Nov 23rd, 2026

बालिका से दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार; ग्रामीणों में आक्रोश

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम शिवपुर में एक नाबालिग बालिका से कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद से गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवपुर निवासी आरोपी अशोक यादव नाबालिग बालिका को धान थ्रेशिंग के काम की मजदूरी कराने के लिए अपने साथ ले गया था। बताया जा रहा है कि शाम को घर लौटते समय आरोपी ने बालिका के साथ कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया। घटना के दौरान बालिका की हालत बिगड़ गई, लेकिन किसी तरह वह बदहवास स्थिति में घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।

बालिका से घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन विजयनगर चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए उसे 100 बिस्तरीय अस्पताल रामानुजगंज भेजा गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उधर, इस घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी की छवि पहले से संदिग्ध रही है और वह पूर्व में भी इस तरह की हरकतों में शामिल रहा है। पीड़ित परिवार के साथ ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

Related Post