Thu. Nov 26th, 2026

कलेक्टर के निर्देश बेअसर! सड़कों पर बेखौफ घूम रहे निराश्रित पशु, हादसों का बढ़ रहा खतरा

नगर पालिका परिषद के समीप ही पशुओं का जमावड़ा, कार्रवाई के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर

रामानुजगंज। नगर की सड़कों पर घूम रहे घुमंतू एवं निराश्रित पशु आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। मुख्य मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं का जमावड़ा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आने से शहरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समय-सीमा की बैठक में जिले के समस्त नगर पालिका परिषद  को इस समस्या के समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने 22 अक्टूबर 2026 से विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम गठित कर नगर क्षेत्र में घूम रहे घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं को पकड़ने और उनके समुचित व्यवस्थापन की कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए थे। साथ ही इस अभियान को गंभीरता से संचालित करने पर जोर दिया गया था।
लेकिन कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी नगर की सड़कों पर पशुओं का जमावड़ा कम होता नजर नहीं आ रहा है। स्थिति यह है कि नगर पालिका कार्यालय के गेट के समीप ही कई घुमंतू पशु खुलेआम घूमते और बैठे दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब नगर पालिका कार्यालय के आसपास ही पशुओं को नियंत्रित नहीं किया जा पा रहा है, तो शहर के अन्य हिस्सों में अभियान की स्थिति क्या होगी।
कलेक्टर द्वारा पशुओं के व्यवस्थापन के साथ-साथ नागरिकों को जागरूक करने के लिए पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी ब्रोशर और पंपलेट के माध्यम से प्रचारित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा ‘निदान 1100’ हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक करने की बात भी कही गई थी।
हालांकि, जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। नगर में पशुओं की समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अभियान की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य मार्गों और चौराहों पर अचानक पशुओं के सामने आ जाने से दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय सड़कों पर बैठे पशु दिखाई नहीं देने के कारण हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। यातायात बाधित होने के साथ-साथ राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।
शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल अभियान चलाकर घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थित करना चाहिए।
अब देखना होगा कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों के बाद नगर पालिका प्रशासन कब जागता है और नगर की सड़कों को पशुओं के जमावड़े से मुक्त कराने के लिए धरातल पर प्रभावी कार्रवाई करता है। फिलहाल, सड़कों पर घूमते पशु नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Related Post