नगरवासियों में जगी उम्मीद, मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म।
बलरामपुर-रामानुजगंज। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के रघुनाथनगर में आयोजित करमा महोत्सव कार्यक्रम के दौरान रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल की मुख्यमंत्री के साथ मंच पर उपस्थिति के बाद नगर में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। नगरवासियों के बीच कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या रामानुजगंज नगर की वर्षों से लंबित पेयजल समस्या के समाधान के लिए कोई बड़ी परियोजना जल्द धरातल पर उतर सकती है।
नगर पालिका परिषद रामानुजगंज में लंबे समय से पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर मांग उठती रही है। विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों एवं मंचों से नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल द्वारा समय-समय पर जल समस्या के निराकरण को लेकर आश्वासन दिए जाते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उनकी मुलाकात और कार्यक्रम में उपस्थिति को नगरवासी संभावित सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं।
नगर में चर्चा है कि यदि नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष रामानुजगंज की पेयजल समस्या एवं लंबित जल परियोजनाओं को लेकर प्रभावी पहल की गई होगी तो यह नगर के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी नई परियोजना की स्वीकृति अथवा घोषणा को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद लोगों की उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को कुल 71 करोड़ 48 लाख रुपये के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
प्रमुख विकास कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन एवं चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत वाड्रफनगर अध्यक्ष श्रीमती शशि सिंह पोर्ते, रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, जनपद पंचायत रामचंद्रपुर सीईओ रणवीर साय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अब नगरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रामानुजगंज की बहुप्रतीक्षित पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष की पहल कितनी प्रभावी होती है और क्या आने वाले दिनों में नगर को भी पेयजल परियोजना के रूप में कोई बड़ी सौगात मिल पाती है।

