Fri. Nov 20th, 2026

गड़बड़ी पर राइस मिलें होंगी ब्लैक लिस्ट, बैंक गारंटी भी होगी राजसात: कलेक्टर।

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में कस्टम मिलिंग के चावल जमा करने में हो रही हीलाहवाली और अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले की राइस मिलों का भौतिक सत्यापन अभियान जारी है। इसी कड़ी में राजपुर स्थित सर्वमंगला राइस मिल द्वारा कस्टम मिलिंग का चावल जमा न करने तथा पूर्व सूचना के बावजूद मिल बंद रखने के मामले में संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, भौतिक सत्यापन के दौरान जब जांच दल राजपुर की सर्वमंगला राइस मिल पहुंचा, तो वहां चावल जमा करने में अनियमितता सामने आई और मिल भी बंद मिली। इसके बाद खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक और मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने नियमानुसार मौके पर ही राइस मिल को सील करने की कार्रवाई की।

10 दिन की मोहलत, अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने जिले की सभी राइस मिल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कस्टम मिलिंग का शेष चावल 10 दिन के भीतर नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) में अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भौतिक सत्यापन के दौरान जिन मिलों में धान का स्टॉक कम पाया जाएगा या जो निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा नहीं करेंगी, उनके विरुद्ध ‘छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016’ के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी लापरवाह मिलों को ब्लैक लिस्ट करने के साथ-साथ उनकी बैंक गारंटी राजसात करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

Related Post