Fri. Oct 23rd, 2026

2025

भारत माता चौक बना टेंपो स्टैंड, क्या प्रशासन की मिलीभगत।

रामानुजगंज का प्रसिद्ध भारत माता चौक, जो   आजकल अव्यवस्था और अराजकता का केंद्र बन गया है। यह इलाका अब एक अनौपचारिक टेंपो स्टैंड में तब्दील हो चुका है, जहां दिनभर टेंपो चालकों की आवाजाही और अवैध पार्किंग के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों की मानें तो यह समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है। चौक के आसपास दुकान चलाने वालों का कहना है कि टेंपो चालकों की मनमानी और सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े टेंपो के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। कई बार टेंपो की वजह से राहगीरों और अन्य वाहनों को निकलने में भारी परेशानी होती है।
एक दुकानदार ने बताया, “ऐसा लगता है कि टेंपो चालकों की प्रशासन से मिलीभगत है। शायद वे कुछ चढ़ावा देते होंगे, तभी कोई कार्रवाई नहीं होती। इस मुद्दे पर अब सबकी नजर प्रशासन की भूमिका पर टिकी हुई है। क्या प्रशासन टेंपो चालकों की मनमानी पर लगाम लगाएगा? क्या भारत माता चौक को सुरक्षित बनाया जाएगा। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में यहां कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी से प्रशासन बच नहीं पाएगा।

शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के बलरामपुर अनुविभागीय एवं राजस्व अधिकारी ने जानकारी दी है कि विकासखण्ड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मकरो में शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत मकरो (खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित ग्राम रामनगर कला) का आबंटन निरस्त किया गया है। अब शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत मकरो का संचालन नवीन संचालन एजेंसी को प्रदान किया जाना है। इसके लिए इच्छुक संस्था संचालन करना चाहते हैं, वे कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बलरामपुर में निर्धारित प्रारूप में 31 दिसम्बर 2025 कार्यालयीन समय तक आवेदन जमा कर सकते हैं। समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 21 दिसम्बर से।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि 21 दिसम्बर को विश्व पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत 21 दिसम्बर 2025 को 0-5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ के माध्यम से तथा 22 एवं 23 दिसम्बर को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की ड्राप पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि वह अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

नहीं रहे सामाजिक आधार स्तंभ भोला ठाकुर, रामचंद्रपुर में शोक की लहर।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के प्रखंड रामचंद्रपुर  के सामाजिक जीवन के मजबूत आधार स्तंभ एवं वरिष्ठ नागरिक भोला ठाकुर का आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को प्रातः 4:10 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे रामचंद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में हर वर्ग के लोग इस अपूरणीय क्षति से मर्माहत हैं।
स्वर्गीय भोला ठाकुर जी समाज सेवा, सामुदायिक विकास और सामाजिक एकता के प्रतीक माने जाते थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में क्षेत्र की बेहतरी के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। चाहे सामाजिक समरसता हो, आपसी विवादों का समाधान हो या जरूरतमंदों की सहायता—हर क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उनके मार्गदर्शन में रामचंद्रपुर ने सामाजिक स्तर पर नई पहचान बनाई।
भोला ठाकुर जी अपनी सादगी, उदार स्वभाव और दूरदर्शी सोच के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। वे सदैव हर समाज को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे और नई पीढ़ी को संस्कारों व जिम्मेदारियों का महत्व समझाते थे। उनके अनुभव और सलाह रामचंद्रपुर क्षेत्र के लिए मार्गदर्शक की तरह थे।
उनके आकस्मिक निधन से रामचंद्रपुर समाज ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। पुत्र योगेन्द्र श्रीवास,महेन्द्र श्रीवास,राजेन्द्र श्रीवास परिजन, मित्र एवं ग्रामवासी गहरे शोक में डूबे हुए हैं।

रामानुजगंज में विद्युत विभाग द्वारा लगाया गया शिविर।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के विद्युत विभाग के द्वारा रामानुजगंज वितरण केन्द्र में नये कनेक्शन, बिजली बिल में सुधार, पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेदन एवं वसूली हेतु शिविर का आयोजन किया गया।
विद्युत विभाग कार्यपालन अभियंता ने जानकारी दी है कि शिविर में 77 नयें विद्युत कनेक्शन दिया गया, 17 नग त्रुटिपूर्ण विद्युत देयकों में सुधार कर पुनरीक्षित देयक जारी किया गया। बकायादार 748 उपभोक्ताओं से 13.40 लाख रुपये की राशि वसूल की गयी एवं 48 उपभोक्ताओं की लाईन काटी गयी। साथ ही पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत् घर की छत में सौर संयंत्र स्थापना हेतु प्रेरित किया गया। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष रामानुजगंज श्री रमन अग्रवाल, पार्षदगण, कार्यापालन अभियंता बलरामपुर श्री प्रकाश कुमार अग्रवाल, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं विभागीय कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए।

भोजन व्यवस्था हेतु स्वयं सहायता समूहों से निविदा आमंत्रित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनान्तर्गत वर्ष 2025-26 में जिला पंचायत संसाधन केन्द्र बलरामपुर (डीपीआरसी), अन्तर्गत आवासीय प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षण रत हितग्राहियों के लिए भोजन व्यवस्था (सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम का नाश्ता, रात्रि भोजन) हेतु जिले के इच्छुक पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों से 30 दिसम्बर 2025 तक रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट द्वारा कार्यालय जिला पंचायत बलरामपुर के डीपीआरसी शाखा में कार्यालयीन समय तक मुहर बंद लिफाफे में निविदा आमंत्रित किया गया है। निविदा 31 दिसम्बर 2025 को कार्यालयीन समय में खोली जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए बलरामपुर जिले की वेबसाईट www.balrampur.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है।

इनऑपरेटिव एवं डीफ अकाउंट में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए होगा शिविर

बलरामपुर, 16 दिसम्बर 2025/ जिला कोषालय अधिकारी श्री डी.पी. सोनी ने बताया है कि जिले में विभिन्न विभागों के द्वारा बैंकों में संचालित खाता जो अभी की स्थिति में इनऑपरेटीव एवं शासकीय बैंक खातों को चालू-बंद करने हेतु शिविर का अयोजन किया गया है। जिसके तहत 19 दिसम्बर 2025 को जनपद पंचायत बलरामपुर, 22 दिसम्बर 2025 को जनपद पंचायत राजपुर, शंकरगढ़ एवं कुसमी तथा 24 दिसम्बर 2025 को जनपद पंचायत रामानुजगंज व वाड्रफनगर में शिविर का आयोजन किया गया है।
इस संबंध में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुख एवं आहरण, संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने अधीनस्थ आने वाले समस्थ खाता धारकों के मध्य समन्वय बनाकर अपने क्षेत्रान्तर्गत जनपद पंचायत में उपस्थित होकर उक्त खातों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा है कि शिविर आयोजन के पश्चात भी उक्त खातों का निराकरण नहीं होता है तो संबंधित कार्यालय प्रमुख के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी साथ ही दिसम्बर माह का वेतन का भुगतान संभव नहीं होगा जिसका व्यक्तिगत रूप से स्वयं जिम्मेदार होंगे।

निष्क्रिय खातों की लंबित राशि देरी होने पर संबंधित विभाग प्रमुखों का रोका जाएगा वेतन

बलरामपुर राज्य शासन द्वारा विभिन्न विभागों में लम्बे समय से निष्क्रिय पड़ी योजनाओं से संबंधित इनऑपरेटिव बैंक खातों एवं डीफ गवर्नमेंट बैंक खातों को तत्काल ऑपरेटिव बैंक खातों में परिवर्तित करने के निर्देश दिए गये हैं। यदि बैंक खातों में शेष राशि का उपयोग नहीं किया जाना है तब की स्थिति में वित्त विभाग के नियमानुसार सभी विभाग अपनी लंबित राशि को कोषालय अधिकारी के माध्यम से शीघ्र शासन के खाते में जमा करने के निर्देश है।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सर्व कार्यालय प्रमुख एवं आहरण संवितरण अधिकारियों से इस संबंध में की गई कार्यवाही की अद्यतन जानकारी दो दिवस में जिला कोषालय में प्रस्तुत करने को कहा है। उक्त निर्देश के संबंध में किसी भी प्रकार की देरी अथवा अपूर्णता की स्थिति में संबंधित विभाग प्रमुखों का दिसंबर माह का वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कोषालय अधिकारी श्री डी.पी. सोनी ने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है तो जिला कोषालय अधिकारी या एलडीएम से संपर्क कर समस्या का समाधान लिया जा सकता है।

तातापानी महोत्सव 2026 स्थल की नीलामी 29 दिसम्बर को।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के तातापानी में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव 2026 का आयोजन 14, 15 एवं 16 जनवरी 2026 को किया जाएगा। उक्त तातापानी महोत्सव में राज्य सहित पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुगण/व्यक्ति शामिल होते हैं। मेला महोत्सव में जिला प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें देश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुती होती है। साथ ही श्रद्धालुगण एवं व्यक्तियों के मनोरंजन के लिए झूला, मौत का कुआं तथा मीना बाजार इत्यादि लगाया जाता है तथा मेले में आने-जाने वाले वाहनों को व्यवस्थित रखने के लिए पार्किंग स्थल की भी व्यवस्था की जाती है। तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के व्यवस्थित आयोजन हेतु झूला, मौत का कुआं, मीना बाजार व पार्किंग स्थल का नीलामी द्वारा आबंटन किया जाना है। उक्त नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्ति/फर्म एवं संस्था 29 दिसम्बर सुबह 10 बजे तक ग्राम पंचायत तातापानी में अपना आवेदन निर्धारित प्रपत्र में जमा कर सकते हैं। नीलामी की प्रक्रिया 29 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से तातापानी सामुदायिक भवन में आयोजित की गई है।

किसानों के लिए खुशखबरी तूहर टोकन ऐप अब 24 घंटे उपलब्ध।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में सरकार द्वारा प्रदेश के समस्त किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तूहर टोकन ऐप को अब 24/7 खोल दिया गया है। अब मोबाइल एप से टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी। किसान दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे।

अब किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों तक के लिए टोकन ले सकते हैं।इससे किसानों को धान विक्रय की योजना बनाने और टोकन प्राप्त करने में पर्याप्त समय मिलेगा तथा भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन ले सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लघु किसनों के लिए यह सुविधा मुहैया कराई गई है

उल्लेखनीय है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से आग्रह है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें और किसी भी असुविधा से बचें।

किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24/7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के, अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिये टोकन की अतिरिक्त समय सीमा और अवधि का विस्तार किसानों को वास्तविक राहत देगा। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

जिले में अब तक 85 प्रकरणों में 11298.10 क्विंटल धान और 46 वाहन जब्त।

बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने सभी अंतरराज्यीय सीमाओं एवं चेक पोस्टों पर चौकसी को और मजबूत करते हुए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके तहत संदिग्ध वाहनों, परिवहन गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पारदर्शी एवं निष्पक्ष धान खरीदी नीति के तहत अब तक जिले में कुल 85 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 11298.10 क्विंटल अवैध धान एवं 36 चार पहिया वाहन व 10 दोपहिया कुल 46 वाहनों को जब्त किया गया है, जो कि प्रशासन की सतत निगरानी तथा संयुक्त दलों की सक्रियता का परिणाम है।
कलेक्टर श्री कटारा के मार्गदर्शन में सभी अंतरराज्यीय एवं आंतरिक चेक पोस्टों पर भी टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही प्रत्येक अनुविभाग में गठित निगरानी दल रात्रि कालीन गश्त के साथ ही आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही हैं और मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अन्तर्गत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री कटारा ने आम नागरिकों एवं किसानों से अपील की है कि यदि अवैध धान परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिले तो तुरंत सूचित करें। जिसमें सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।