Sat. Oct 24th, 2026

लौह पुरुष अटल बिहारी वाजपेई जी के जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित।

रामानुजगंज में लौह पुरुष भारत रत्न, स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका रामानुज गंज द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल द्वारा अटल जी के भारत के प्रथम स्थापित प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें नमन किया । कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने अटल जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख रूप से भारतीय जनता पार्टी के नेता कन्हैया लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष सीला जायसवाल,पूर्व नगर अध्यक्ष आर के पटेल, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, मुकेश जायसवाल,सुभाष केसरी,अरुण केसरी, अश्विनी गुप्ता, शर्मिला गुप्ता, संजय गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही रामानुजगंज नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, अध्यक्ष, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। वक्ताओं ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेई जी के दूरदर्शी नेतृत्व, सरल व्यक्तित्व और राष्ट्रहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर प्रकाश डाला। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने भी अटल जी के आदर्शों को अपनाने की बात कही और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

धान खरीदी में लापरवाही पर एक्शन, दो पटवारी निलंबित।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने धान खरीदी एवं निर्वाचन कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप में रामानुजगंज और रामचन्द्रपुर तहसील में पदस्थ दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार तहसील रामानुजगंज में पदस्थ पटवारी विजय यादव पर धान खरीदी एवं निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज नियत किया गया है। इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।
इसी प्रकार तहसील रामचन्द्रपुर में पदस्थ पटवारी बंधन राम को भी धान खरीदी वर्ष 2025-26 में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय कुसमी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज निर्धारित किया गया है। उन्हें भी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

रामानुजगंज में नवीन विद्युत उपसंभाग का सृजन।

बलरामपुर रामानुजगंज छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (छ.स्टे.पॉ.डि.क.लिमि.) द्वारा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपसंभागों का सृजन किया गया है।
जानकारी के अनुसार इसी क्रम में बलरामपुर विद्युत उपसंभाग को विभाजित कर नवीन उपसंभाग रामानुजगंज का सृजन किया गया है।नवीन उपसंभाग के गठन से विद्युत व्यवस्था में प्रशासनिक कसावट आएगी तथा उपभोक्ताओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण संभव हो सकेगा। साथ ही रामानुजगंज क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब छोटी-छोटी समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके श्रम एवं समय दोनों की बचत होगी। नवीन उपसंभाग के माध्यम से क्षेत्र में विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में मत्स्य पालन से खुशहाल हुए मुन्नालाल

बलरामपुर मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लागू योजनाओं से लाभ लेकर मछली पालन करने वाले किसान आर्थिक रूप से संपन्नता की ओर अग्रसर हो रहे हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम हरिगंवा निवासी मुन्नालाल गोलदार ने मत्स्य पालन को अपनाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
श्री मुन्नालाल गोलदार, जो पहले पारंपरिक खेती से सीमित आय अर्जित कर रहे थे, वे अब मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन में शासन की योजनाओं का लाभ लेते हुए हरिगंवा जलाशय को पट्टे/लीज पर लेकर मत्स्य पालन व्यवसाय की शुरुआत की। उन्होंने सघन मत्स्य पालन तकनीक को अपनाते हुए रोहू, कतला, मृगल एवं कॉमन कार्प जैसी उन्नत प्रजातियों का पालन किया। उनके सतत प्रयासों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से आज उन्हें मत्स्य पालन से प्रतिवर्ष लगभग 2 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। इस व्यवसाय में उनके परिवार का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है, जिससे रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। श्री मुन्नालाल ने बताया कि स्थानीय बाजार में मछलियों की निरंतर मांग होने के कारण उनकी उपज आसानी से बिक जाती है और वे इस व्यवसाय से संतुष्ट एवं खुश हैं। उन्होंने  बताया कि भविष्य में वे अपने तालाब के समीप कुक्कुट शेड स्थापित कर आय के स्रोतों को और अधिक बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत हैं।

भारत माता चौक बना टेंपो स्टैंड, क्या प्रशासन की मिलीभगत।

रामानुजगंज का प्रसिद्ध भारत माता चौक, जो   आजकल अव्यवस्था और अराजकता का केंद्र बन गया है। यह इलाका अब एक अनौपचारिक टेंपो स्टैंड में तब्दील हो चुका है, जहां दिनभर टेंपो चालकों की आवाजाही और अवैध पार्किंग के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों की मानें तो यह समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है। चौक के आसपास दुकान चलाने वालों का कहना है कि टेंपो चालकों की मनमानी और सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े टेंपो के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। कई बार टेंपो की वजह से राहगीरों और अन्य वाहनों को निकलने में भारी परेशानी होती है।
एक दुकानदार ने बताया, “ऐसा लगता है कि टेंपो चालकों की प्रशासन से मिलीभगत है। शायद वे कुछ चढ़ावा देते होंगे, तभी कोई कार्रवाई नहीं होती। इस मुद्दे पर अब सबकी नजर प्रशासन की भूमिका पर टिकी हुई है। क्या प्रशासन टेंपो चालकों की मनमानी पर लगाम लगाएगा? क्या भारत माता चौक को सुरक्षित बनाया जाएगा। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में यहां कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी से प्रशासन बच नहीं पाएगा।

शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के बलरामपुर अनुविभागीय एवं राजस्व अधिकारी ने जानकारी दी है कि विकासखण्ड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मकरो में शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत मकरो (खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित ग्राम रामनगर कला) का आबंटन निरस्त किया गया है। अब शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत मकरो का संचालन नवीन संचालन एजेंसी को प्रदान किया जाना है। इसके लिए इच्छुक संस्था संचालन करना चाहते हैं, वे कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बलरामपुर में निर्धारित प्रारूप में 31 दिसम्बर 2025 कार्यालयीन समय तक आवेदन जमा कर सकते हैं। समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 21 दिसम्बर से।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि 21 दिसम्बर को विश्व पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत 21 दिसम्बर 2025 को 0-5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ के माध्यम से तथा 22 एवं 23 दिसम्बर को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की ड्राप पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि वह अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

नहीं रहे सामाजिक आधार स्तंभ भोला ठाकुर, रामचंद्रपुर में शोक की लहर।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के प्रखंड रामचंद्रपुर  के सामाजिक जीवन के मजबूत आधार स्तंभ एवं वरिष्ठ नागरिक भोला ठाकुर का आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को प्रातः 4:10 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे रामचंद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में हर वर्ग के लोग इस अपूरणीय क्षति से मर्माहत हैं।
स्वर्गीय भोला ठाकुर जी समाज सेवा, सामुदायिक विकास और सामाजिक एकता के प्रतीक माने जाते थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में क्षेत्र की बेहतरी के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। चाहे सामाजिक समरसता हो, आपसी विवादों का समाधान हो या जरूरतमंदों की सहायता—हर क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उनके मार्गदर्शन में रामचंद्रपुर ने सामाजिक स्तर पर नई पहचान बनाई।
भोला ठाकुर जी अपनी सादगी, उदार स्वभाव और दूरदर्शी सोच के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। वे सदैव हर समाज को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे और नई पीढ़ी को संस्कारों व जिम्मेदारियों का महत्व समझाते थे। उनके अनुभव और सलाह रामचंद्रपुर क्षेत्र के लिए मार्गदर्शक की तरह थे।
उनके आकस्मिक निधन से रामचंद्रपुर समाज ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। पुत्र योगेन्द्र श्रीवास,महेन्द्र श्रीवास,राजेन्द्र श्रीवास परिजन, मित्र एवं ग्रामवासी गहरे शोक में डूबे हुए हैं।

रामानुजगंज में विद्युत विभाग द्वारा लगाया गया शिविर।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के विद्युत विभाग के द्वारा रामानुजगंज वितरण केन्द्र में नये कनेक्शन, बिजली बिल में सुधार, पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेदन एवं वसूली हेतु शिविर का आयोजन किया गया।
विद्युत विभाग कार्यपालन अभियंता ने जानकारी दी है कि शिविर में 77 नयें विद्युत कनेक्शन दिया गया, 17 नग त्रुटिपूर्ण विद्युत देयकों में सुधार कर पुनरीक्षित देयक जारी किया गया। बकायादार 748 उपभोक्ताओं से 13.40 लाख रुपये की राशि वसूल की गयी एवं 48 उपभोक्ताओं की लाईन काटी गयी। साथ ही पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत् घर की छत में सौर संयंत्र स्थापना हेतु प्रेरित किया गया। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष रामानुजगंज श्री रमन अग्रवाल, पार्षदगण, कार्यापालन अभियंता बलरामपुर श्री प्रकाश कुमार अग्रवाल, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं विभागीय कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए।

भोजन व्यवस्था हेतु स्वयं सहायता समूहों से निविदा आमंत्रित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनान्तर्गत वर्ष 2025-26 में जिला पंचायत संसाधन केन्द्र बलरामपुर (डीपीआरसी), अन्तर्गत आवासीय प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षण रत हितग्राहियों के लिए भोजन व्यवस्था (सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम का नाश्ता, रात्रि भोजन) हेतु जिले के इच्छुक पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों से 30 दिसम्बर 2025 तक रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट द्वारा कार्यालय जिला पंचायत बलरामपुर के डीपीआरसी शाखा में कार्यालयीन समय तक मुहर बंद लिफाफे में निविदा आमंत्रित किया गया है। निविदा 31 दिसम्बर 2025 को कार्यालयीन समय में खोली जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए बलरामपुर जिले की वेबसाईट www.balrampur.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है।

इनऑपरेटिव एवं डीफ अकाउंट में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए होगा शिविर

बलरामपुर, 16 दिसम्बर 2025/ जिला कोषालय अधिकारी श्री डी.पी. सोनी ने बताया है कि जिले में विभिन्न विभागों के द्वारा बैंकों में संचालित खाता जो अभी की स्थिति में इनऑपरेटीव एवं शासकीय बैंक खातों को चालू-बंद करने हेतु शिविर का अयोजन किया गया है। जिसके तहत 19 दिसम्बर 2025 को जनपद पंचायत बलरामपुर, 22 दिसम्बर 2025 को जनपद पंचायत राजपुर, शंकरगढ़ एवं कुसमी तथा 24 दिसम्बर 2025 को जनपद पंचायत रामानुजगंज व वाड्रफनगर में शिविर का आयोजन किया गया है।
इस संबंध में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिले के समस्त कार्यालय प्रमुख एवं आहरण, संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने अधीनस्थ आने वाले समस्थ खाता धारकों के मध्य समन्वय बनाकर अपने क्षेत्रान्तर्गत जनपद पंचायत में उपस्थित होकर उक्त खातों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा है कि शिविर आयोजन के पश्चात भी उक्त खातों का निराकरण नहीं होता है तो संबंधित कार्यालय प्रमुख के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी साथ ही दिसम्बर माह का वेतन का भुगतान संभव नहीं होगा जिसका व्यक्तिगत रूप से स्वयं जिम्मेदार होंगे।