Sat. Oct 24th, 2026

निष्क्रिय खातों की लंबित राशि देरी होने पर संबंधित विभाग प्रमुखों का रोका जाएगा वेतन

बलरामपुर राज्य शासन द्वारा विभिन्न विभागों में लम्बे समय से निष्क्रिय पड़ी योजनाओं से संबंधित इनऑपरेटिव बैंक खातों एवं डीफ गवर्नमेंट बैंक खातों को तत्काल ऑपरेटिव बैंक खातों में परिवर्तित करने के निर्देश दिए गये हैं। यदि बैंक खातों में शेष राशि का उपयोग नहीं किया जाना है तब की स्थिति में वित्त विभाग के नियमानुसार सभी विभाग अपनी लंबित राशि को कोषालय अधिकारी के माध्यम से शीघ्र शासन के खाते में जमा करने के निर्देश है।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सर्व कार्यालय प्रमुख एवं आहरण संवितरण अधिकारियों से इस संबंध में की गई कार्यवाही की अद्यतन जानकारी दो दिवस में जिला कोषालय में प्रस्तुत करने को कहा है। उक्त निर्देश के संबंध में किसी भी प्रकार की देरी अथवा अपूर्णता की स्थिति में संबंधित विभाग प्रमुखों का दिसंबर माह का वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कोषालय अधिकारी श्री डी.पी. सोनी ने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है तो जिला कोषालय अधिकारी या एलडीएम से संपर्क कर समस्या का समाधान लिया जा सकता है।

तातापानी महोत्सव 2026 स्थल की नीलामी 29 दिसम्बर को।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के तातापानी में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव 2026 का आयोजन 14, 15 एवं 16 जनवरी 2026 को किया जाएगा। उक्त तातापानी महोत्सव में राज्य सहित पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुगण/व्यक्ति शामिल होते हैं। मेला महोत्सव में जिला प्रशासन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिसमें देश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुती होती है। साथ ही श्रद्धालुगण एवं व्यक्तियों के मनोरंजन के लिए झूला, मौत का कुआं तथा मीना बाजार इत्यादि लगाया जाता है तथा मेले में आने-जाने वाले वाहनों को व्यवस्थित रखने के लिए पार्किंग स्थल की भी व्यवस्था की जाती है। तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के व्यवस्थित आयोजन हेतु झूला, मौत का कुआं, मीना बाजार व पार्किंग स्थल का नीलामी द्वारा आबंटन किया जाना है। उक्त नीलामी में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्ति/फर्म एवं संस्था 29 दिसम्बर सुबह 10 बजे तक ग्राम पंचायत तातापानी में अपना आवेदन निर्धारित प्रपत्र में जमा कर सकते हैं। नीलामी की प्रक्रिया 29 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से तातापानी सामुदायिक भवन में आयोजित की गई है।

किसानों के लिए खुशखबरी तूहर टोकन ऐप अब 24 घंटे उपलब्ध।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में सरकार द्वारा प्रदेश के समस्त किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तूहर टोकन ऐप को अब 24/7 खोल दिया गया है। अब मोबाइल एप से टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता नहीं रहेगी। किसान दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे।

अब किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों तक के लिए टोकन ले सकते हैं।इससे किसानों को धान विक्रय की योजना बनाने और टोकन प्राप्त करने में पर्याप्त समय मिलेगा तथा भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से राहत मिलेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन ले सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर लघु किसनों के लिए यह सुविधा मुहैया कराई गई है

उल्लेखनीय है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से आग्रह है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें और किसी भी असुविधा से बचें।

किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24/7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के, अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिये टोकन की अतिरिक्त समय सीमा और अवधि का विस्तार किसानों को वास्तविक राहत देगा। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

जिले में अब तक 85 प्रकरणों में 11298.10 क्विंटल धान और 46 वाहन जब्त।

बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने सभी अंतरराज्यीय सीमाओं एवं चेक पोस्टों पर चौकसी को और मजबूत करते हुए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके तहत संदिग्ध वाहनों, परिवहन गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पारदर्शी एवं निष्पक्ष धान खरीदी नीति के तहत अब तक जिले में कुल 85 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 11298.10 क्विंटल अवैध धान एवं 36 चार पहिया वाहन व 10 दोपहिया कुल 46 वाहनों को जब्त किया गया है, जो कि प्रशासन की सतत निगरानी तथा संयुक्त दलों की सक्रियता का परिणाम है।
कलेक्टर श्री कटारा के मार्गदर्शन में सभी अंतरराज्यीय एवं आंतरिक चेक पोस्टों पर भी टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही प्रत्येक अनुविभाग में गठित निगरानी दल रात्रि कालीन गश्त के साथ ही आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही हैं और मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अन्तर्गत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री कटारा ने आम नागरिकों एवं किसानों से अपील की है कि यदि अवैध धान परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिले तो तुरंत सूचित करें। जिसमें सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जिले में अब तक 683 मतदान केन्द्रों में गणना कार्य पूर्ण।

बलरामपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी चेतन बोरघरिया के द्वारा राजनैतिक दलों की बैठक ली गई। बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य संचालित है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी को किया जावेगा।
मतदाता https://voters.eci.gov.in पोर्टल का उपयोग कर अपना अथवा परिवारजनों का फार्म 6,7,8 ऑनलाईन भी भर सकते हैं। 16 दिसम्बर से 07 फरवरी तक नोटिस जारी किया जाना तथा सुनवाई तथा दावा आपत्ति के निराकरण की प्रक्रिया भी सतत् रूप से जारी रहेगी। किसी प्रकार की समस्या के लिये टोल फ्री नम्बर 1950 में संपर्क कर सकतें है। बैठक में सभी राजनैतिक दलों के सदस्य एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला अध्यक्ष हरिहर यादव को रामानुजगंज कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत।

जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के नव-नियुक्त अध्यक्ष हरिहर यादव का रामानुजगंज प्रथम आगमन पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जैसे ही वे चांदनी (भारत माता) चौक के समीप पहुंचे, कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़े और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

मुख्य रूप से अरविंद दुबे, मोहम्मद बख्श,

अजय सोनी, प्रतीक सिंह, छोटू जायसवाल, अशोक गोड़, कौशल जैसवाल, अशोक बर्मन, रामजी बर्मन, इंतखाब अंसारी, प्रिंस जायसवाल, रमन राजक, महबूब खान सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, पार्षदगण, पूर्व पार्षद, पार्षद प्रत्याशी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने हरिहर यादव को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया।उपस्थित नेताओं ने कहा कि हरिहर यादव के जिलाध्यक्ष बनने से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उनके नेतृत्व में जिले में कांग्रेस की पकड़ और मजबूत होगी तथा कार्यकर्ताओं को नई दिशा और प्रेरणा प्राप्त होगी। युवा कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में नए नेतृत्व से टीम भावना और सक्रियता और बढ़ेगी। स्वागत के पश्चात नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हरिहर यादव ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संगठन और जनता के बीच मजबूत सेतु का काम करेंगे तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। बताया गया कि स्वागत कार्यक्रम के बाद हरिहर यादव मां महामाया मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात वे रामानुजगंज से बलरामपुर राजीव भवन में पदभार ग्रहण समारोह के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजना नियमों में बदलाव।

बलरामपुर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी (2.0) के अंतर्गत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी नगरीय निकायों में पात्र हितग्राहियों से नवीन आवेदन लिये जा रहे हैं। जिसकें अंतर्गत जो भी हितग्राही पात्र है अपना आवेदन अपने सबंधित नगरी निकाय में आवेदन कर सकते है। जिले के शहरी क्षेत्रों में आवासहीन एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वयं का पक्का घर उपलब्ध कराने हेतु शासन द्वारा नियमों को और अधिक सुगम बनाया गया है। जिसमें पूर्व में दर्ज नियमों के अनुसार 2500 वर्ग फुट से अधिक जमीन वाले भूमि स्वामी पात्र नहीं थे। शासन द्वारा इस कंडिका को हटा दिया है। ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके। साथ ही आवास हेतु पात्रता के लिए नियमानुसार स्वयं के नाम पर भूमि हो। सलाना परिवार की आय 3 लाख से कम हो। स्वयं का पक्का मकान नहीं हो। निकाय अंतर्गत अगस्त 2024 के पूर्व का निवासी होना अनिवार्य है।

रामानुजगंज वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वाहन चालक फरार।

रामानुजगंज। वन विभाग द्वारा अवैध लकड़ी तस्करी पर कड़ी निगरानी रखते हुए आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया वनमण्डलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन तथा उपवनमण्डलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिंग रोड, रामानुजगंज स्थित संतोष कुमार गुप्ता गाड़ी गैरेज के पास एक संदिग्ध ट्रक कई घंटों से खड़ा है।

सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वहां खड़े वाहन ट्रक क्रमांक CG 15 AC/5057 की तलाशी ली गई, जिसमें साल प्रजाति के 21 नग लट्ठे अवैध रूप से लोड पाए गए। ट्रक चालक की तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं मिला और फरार हो गया। वन विभाग ने मौके पर ही पूरे माल सहित वाहन को कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 (1) ड व 52, तथा छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5 (1) एवं छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 की धारा 41 नियम (3) के तहत अंजाम दिया जा रहा है।जप्ती प्रक्रिया के दौरान विभागीय अमला विजय सिंह (उपवनक्षेत्रपाल), दयाशंकर सिंह, श्रीमती सुसन्ना भगत (वनपाल) तथा राजनाथ सिंह एवं  पिन्टू मालाकार (वनरक्षक)—मौजूद रहे और नियमानुसार संपूर्ण प्रक्रिया पूरी की गई। वन विभाग ने बताया कि अवैध लकड़ी तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में फरार चालक की तलाश जारी है। यह कार्रवाई वन विभाग की सजगता और क्षेत्र में बढ़ती अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।

विधानसभा सत्र दौरान अवकाश पर प्रतिबंध

बलरामपुर छत्तीसगढ़ के षष्ठम् विधानसभा का सप्तम सत्र 14 दिसम्बर से 18 दिसम्बर 2025 तक आहूत किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के द्वारा आज दिनांक से 24 दिसम्बर 2025 तक विधानसभा सत्र के दौरान जिले में पदस्थ समस्त शासकीय अधिकारी/कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया है। विधानसभा सत्र अवधि के दौरान समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय/मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करेंगे। आवश्यक कार्य/अपरिहार्य कारणों से अवकाश पर जाने अथवा मुख्यालय छोड़ने की स्थिति में तृतीय/चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अवकाश की स्वीकृति संबंधित विभाग के कार्यालय प्रमुख एवं जिला स्तर के अधिकारियों के अवकाश की स्वीकृति कलेक्टर से लिखित अनुमति प्राप्त करने के पश्चात ही अवकाश पर प्रस्थान करेंगे।

अवैध विदेशी शराब सहित मोटरसायकल जब्त।

बलरामपुर जिला आबकारी अधिकारी एस.एन साहू के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के भंडारण एवं परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग द्वारा जिले के थाना बसंतपुर के अंतर्गत 01 प्रकरण पर कार्यवाही करते हुए अवैध विदेशी शराब जब्त किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया है कि थाना बसंतपुर के अंतर्गत ग्राम बाजरा में दशरथ सरूता के द्वारा अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा था। सूचना के आधार पर जांच में उसके पास से 17.64 लीटर अवैध विदेशी शराब (उत्तर प्रदेश राज्य में विक्री हेतु) एवं एक मोटरसायकल जब्त किया गया। उक्त आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण कायम कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी श्री साहू ने बताया है अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन तथा सार्वजनिक जगहों पर मदिरापान और राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्गों के किनारे संचालित होटल, ढाबा में शराब रखने, पीने एवं पिलाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। साथ ही आबकारी अधिकारी ने बताया है कि अवैध मदिरा के संबंध में आबकारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07831-299241 एवं टोल फ्री नम्बर 14405 पर सूचित किया जा सकता है।