Sat. Oct 24th, 2026

आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर DEO मनीराम यादव ने किया सहायक शिक्षक को निलंबित।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के विकासखंड बलरामपुर के शासकीय प्राथमिक शाला मक्याठी के सहायक शिक्षक ईश्वरी प्रसाद टंडन के द्वारा प्रधानमंत्री, भारत सरकार के विरूद्ध उनके नाम से अपने फेसबुक पेज पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए अशोभनीय टीप्पणी की गई। जो कि छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग के द्वारा जारी अधिकारी-कर्मचारी के सोशल मीडिया के उपयोग संबंधी मार्गदर्शी निर्देश का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है।

जानकारी के अनुसार ईश्वरी प्रसाद टंडन (सहायक शिक्षक एलबी) का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम-1965 के नियम-03 का स्पष्ट उल्लंघन है। शासकीय कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत् जिला शिक्षा अधिकारी  मनीराम यादव द्वारा श्री श्वरी प्रसाद टंडन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में ईश्वरी प्रसाद टंडन का मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कुसमी नियत किया गया है। निलंबन अवधि में टंडन को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

रामानुजगंज भाजपा मंडल एवं प्रशासन द्वारा छठ घाट का किया गया निरीक्षण

रामानुजगंज,छठ महापर्व को देखते हुए रामानुजगंज में भाजपा मंडल एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कनहर नदी तट स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में भाजपा मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष धर्मप्रकाश केशरी, एसडीएम रामानुजगंज आनंद नेताम तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। एसडीएम आनंद नेताम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था का महान उत्सव है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं, अतः सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता ने कहा कि छठ पर्व हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसकी तैयारी में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर पालिका एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया कि समय रहते निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की जा रही है ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पालिका के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से आग्रह किया कि पर्व के दौरान स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें, जिससे छठ पूजा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

पदीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर पटवारी निलंबित।

बलरामपुर ऑनलाईन नामांतरण प्रकरण में विकासखण्ड कुसमी के तहसील चांदो के अंतर्गत पटवारी शैलेष कुमार मिंज के द्वारा विलंब करते हुए लापरवाही बरती गई जो की छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 (1) (दो), 3-क (ख) एवं 3-क (ग) का उल्लंघन है। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी करुण डहरिया के द्वारा मिंज को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित कर इनका मुख्यालय निर्वाचन शाखा कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी में नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

राज वैभव सिंह बने शालेय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ।

रामचंद्रपुर।शालेय शिक्षक संघ की प्रांतीय इकाई के निर्देशानुसार जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के ब्लॉक रामचंद्रपुर में संगठनात्मक संरचना को सशक्त करने के उद्देश्य से राज वैभव सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने उन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा, जिसके पश्चात सिंह ने संगठन के प्रांताध्यक्ष विरेन्द्र दुबे तथा जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। राज वैभव सिंह वर्ष 2009 से शिक्षक पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, देवीगंज में पदस्थ हैं। शिक्षकों के हितों की बात करना और उनकी समस्याओं को उचित मंचों तक पहुंचाना श्री सिंह की कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा रहा है। संविलियन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर उन्होंने न केवल अपनी स्पष्ट राय रखी, बल्कि साथी शिक्षकों के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर समाधान हेतु निरंतर प्रयास भी किए है। उनकी इसी सक्रियता, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। राज वैभव सिंह ने बताया कि शिक्षकों की लीव आवेदन, एरियर भुगतान, सर्विस बुक अद्यतन, पासबुक संधारण जैसी कई ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। संगठनात्मक रूप से शिक्षकों की आवाज को मजबूती से उठाना और उनके हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी। शिक्षकों ने बताया कि राज वैभव सिंह की यह नियुक्ति न केवल संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएगी, बल्कि ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों के बीच संवाद और विश्वास की नई मिसाल भी कायम करेगी। शिक्षकों में इस नई नियुक्ति को लेकर उत्साह एवं अपेक्षाएं दोनों ही देखने को मिल रही हैं।

फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जाने की सूचना पर अमित ऑनलाइन सेंटर किया गया सील।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के नगर पंचायत कुसमी क्षेत्र में अमित ऑनलाइन सेंटर द्वारा आधार क्लोन के माध्यम से फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जाने की सूचना पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। प्राप्त शिकायत के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व करुणा डहरिया के निर्देशन में तहसीलदार कुसमी रॉकी एक्का तथा जिला प्रबंधक सीएससी निशांत सिन्हा की संयुक्त टीम ने संबंधित ऑनलाइन सेंटर की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि सेंटर संचालक अमित पैकरा द्वारा फर्जी तरीके से आधार क्लोन के माध्यम से आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। इस गंभीर अनियमितता पर तहसीलदार एक्का ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को सीलबंद कर दिया और आगे कार्रवाई  शुरू की गई। अनुविभागीय अधिकारी करुण डहरिया ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों की तैयारी या नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी से छेड़छाड़ करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की  है कि वे अपने आधार कार्ड या व्यक्तिगत जानकारी किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या संस्था को न दें।

दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे छोटे सचिन को मिला नया जीवन — मेगा हेल्थ कैंप बना वरदान।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के ग्राम पुटसुरा निवासी 6 वर्षीय सचिन तिर्की, पिता करमचंद तिर्की, पिछले एक वर्ष से दुर्लभ जोड़ों के कैंसर (PVNS – Pigmented Villonodular Synovitis) से पीड़ित था। इस बीमारी के कारण सचिन का दायां घुटना पूरी तरह प्रभावित हो गया था, जिससे वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गया था और असहनीय दर्द झेल रहा था।
परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण तथा दूरस्थ क्षेत्र में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा न होने से सचिन का इलाज संभव नहीं हो पा रहा था। कई डॉक्टरों को दिखाने के बावजूद बीमारी की सही पहचान नहीं हो सकी थी।
बलरामपुर जिले में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप सचिन और उसके परिवार के लिए वरदान साबित हुआ। यह कैंप मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में, जिला प्रशासन एवं दिन हीन सेवा समिति की अध्यक्ष मनीषा सिंह के सहयोग से आयोजित किया गया था।
कैंप में डीकेएस अस्पताल रायपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. रमन श्रीवास्तव (बच्चों के हड्डी रोग विशेषज्ञ) और डॉ. हेमंत शर्मा (असिस्टेंट सुपरीटेंडेंट) सहित उनकी टीम ने जांच की। विदेश से बच्चों की हड्डी रोग चिकित्सा में विशेष अध्ययन कर लौटे डॉ. रमन श्रीवास्तव ने सचिन की बीमारी की सही पहचान की और उसे डीकेएस अस्पताल रायपुर बुलाया। वहाँ सचिन का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। आज सचिन फिर से अपने पैरों पर चलने लगा है और दर्द से पूरी तरह मुक्त है। सचिन के पिता करमचंद तिर्की ने अपने पूरे परिवार की ओर से माननीय मंत्री रामविचार नेताम जी, डॉ. रमन श्रीवास्तव, डॉ. हेमंत शर्मा, दिन हीन सेवा समिति की दीदी मनीषा सिंह जी, एवं अस्पताल प्रशासन की पूरी टीम के प्रति हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया है।
दिन हीन सेवा समिति ने सचिन के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से ही समाज के हर वर्ग तक चिकित्सा सेवा पहुँच पाना संभव होता है।

डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष में सम्मान समारोह राजेश यादव।

छत्तीसगढ़ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत अरगाही में भाजपा के दिग्गज नेता राजेश यादव द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्थानीय कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन सभापति राजेश यादव ने की, जिन्होंने केक काटकर जन्मदिवस को उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में अजय यादव सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्सव को एक जनसंपर्क और जनसमर्पण के रूप में बदल दिया। कार्यक्रम में यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के योगदानों को याद करते हुए कहा कि उनका विकासवादी दृष्टिकोण आज भी प्रेरणा स्रोत है।

 

इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक मूल्यों की महत्ता को उजागर करते हुए एक विशेष पहल की।अपने क्षेत्र के बुजुर्गों का सम्मान करते हुए चरण धोकर उनका आशीर्वाद लिया। यह दृश्य उपस्थित जनसमूह को गहराई से भावुक कर गया और भारतीय संस्कृति में पारिवारिक मूल्यों की झलक दिखाई। राजेश यादव ने अपने उद्बोधन में युवाओं को संस्कार, सेवा और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि का असली धर्म जनता की सेवा है, और यह हमारा कार्यक्रम उसी सेवा भावना का प्रतीक है।

कार्यक्रम में पत्रकारों का भी विशेष सम्मान किया गया। श्रीफल और शाल उड़ाकर पत्रकारों को समाज में उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। राजेश यादव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।इस पूरे आयोजन ने न केवल एक राजनेता के जन्मदिन को मनाया, बल्कि सामाजिक सद्भाव, सेवा और संस्कृति का संदेश भी समाज को दिया।

स्कूल की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला प्रधान पाठक गिरफ्तार।

बलरामपुर ज़िले के वाड्रफनगर अंतर्गत शिक्षा के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले एक प्रधान पाठक को वाड्रफनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि शिक्षक ने स्कूल की एक नाबालिग छात्रा को अपने कार्यालय में अकेले बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की।

मामला सामने आने के बाद, भयभीत छात्रा ने घर जाकर परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद छात्रा के परिजन तत्काल चौकी वाड्रफनगर पहुँचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल मामला दर्ज किया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। सूत्रों के मुताबिक, प्रार्थी की नाबालिग बेटी स्कूल में पढ़ती है। आरोपी प्रधान पाठक ने उसे किसी बहाने से स्कूल के कार्यालय में बुलाया और वहाँ उसके साथ गलत हरकत की। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

जांच अधिकारी एसडीओपी वाड्रफनगर राम अवतार ध्रुव के निर्देशन में पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी वारदात के बाद से ही गाँव से फरार था, लेकिन पुलिस ने मुखबिरों की मदद से उसकी घेराबंदी की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गाँव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आज, मंगलवार को आरोपी प्रधान पाठक को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

भवानीपुर: दबंगों द्वारा सड़क की जुताई, ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा आवेदन, करवाई के आदेश जारी।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले के तातापानी थाना चौकी अंतर्गत ग्राम भवानीपुर में दबंगई का एक और मामला सामने आया है। उप सरपंच विपत गुप्ता एवं ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सार्वजनिक सड़क को जोतकर उस पर अवैध रूप से धान की फसल लगा दी गई है। इस संबंध में गांव के लोगों ने तहसीलदार को आवेदन सौंपा है, जिसमें तेतर डिह के दबंग पृथ्वीनाथ सिंह और बालगोविन्द सिंह का नाम प्रमुखता से लिया गया है।सरपंच सीताराम एवं ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन खसरा नंबर 179 रकबा 0.34 हेक्टेयर और खसरा नंबर 142 रकबा 0.343 हेक्टेयर पर स्थित है, जो ग्राम भवानीपुर में सड़क के रूप में उपयोग में लाई जा रही थी। लेकिन दबंगों ने इस भूमि को अपने कब्जे में लेकर जोताई कर दी और उस पर धान की फसल बो दी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। इस घटना की सूचना तहसीलदार को दी गई, जिस पर उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए हल्का पटवारी से स्थल निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिए। चौकी तातापानी के प्रभारी द्वारा दिनांक 22 सितंबर 2025 को पत्र क्रमांक 1381/2025 के माध्यम से तहसील कार्यालय को जांच रिपोर्ट भेजी गई है। साथ ही पंचनामा रिपोर्ट की छायाप्रति भी संलग्न कर दी गई है। ग्रामीणों की मांग है कि सार्व जनिक सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और गांव की सड़क को पुनः पूर्ववत स्थिति में बहाल किया जाए। तहसील प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे भूमि कब्जा विवादों और प्रशासनिक व्यवस्था की परीक्षा को उजागर कर दिया है। देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी गंभीरता से कदम उठाता है।

चिरमिरी संजय कुमार सिंह के रेलवे पटरी मे मिला। सर धर से अलग ।

चिरमिरी रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक का शव रेलवे पटरी मे सर धर से अलग हालत में मिला। सूत्रों के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों को कहना है कि शव की हालत देख कर प्रथम दृस्य में आत्महत्या का मामला लग रहा है पर सच्चाई तो जांच के बाद ही पता चलेगा। इसकी सुचना जैसे ही चिरमिरी पुलिस को मिली तो थाना प्रभारी सहित पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान संजय कुमार सिंह के नाम पर की गई है। मृतक संजय चिरमिरी के हल्दीबाड़ी का रहने वाला था। इसकी जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार मौके पर पहुचे और शव की पहचान कि गई प्रथम दृष्टिय में
आत्महत्या का मामला लग रहा है पर आत्महत्या का कारण अभी तक पता नही चल पाया है पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। और डेथ बॉडी को पीएम के लिए लेजाया गया हैइस घटना से लोगो मे दुख का लहर छाया हुवा है ।