Sat. Oct 24th, 2026

जीएसटी टीडीएस डिडक्टर्स के संबंध में कार्यशाला 24 सितम्बर को।

बलरामपुर ई-कोष के अंतर्गत जीएसटी से संबंधित देयकों को तैयार करने पर जीएसटी टीडीएस की राशि को डीडीओ के चालू खाते में अंतरण किया जाता है। इसके बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारियों द्वारा चालू खाते से राशि का आहरण कर चालान के माध्यम से जीएसटी पोर्टल में जमा किया जाता है।

छत्तीसगढ़ वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम 2017 की धारा 51 के अन्तर्गत समस्त पंजीयन शासकीय विभागों को वस्तु/सेवा के क्रय उपरान्त वेंडर्स को भुगतान के समय स्त्रोत पर कर की कटौती (जीएसटी टीडीएस डिडक्टर्स ) की जानी है। उक्त संबंध में 24 सितम्बर 2025 को दोपहर 02 बजे से संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में कार्यशाला का आयोजित की गई है। कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वयं तथा कार्यालय में पदस्थ लेखापाल के साथ कार्यशाला में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

अतिथि शिक्षक हेतु आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर औद्योगिक प्रशिक्षण 3 संस्थान (अजजा) राजपुर के नोडल क्षेत्र कुसमी में विद्युतकार (अतिथि शिक्षक) के पद हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (अजजा) राजपुर में स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 25 सितंबर 2025 शाम 05ः00 बजे तक जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिले के वेबसाईट बलरामपुर डॉट जीओव्ही डॉट इन पर अवलोकन कर सकते हैं।

सेजेस विद्यालय के छात्रों ने बलरामपुर जिले का नाम किया रोशन।

सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन एससीईआरटी शंकर नगर, रायपुर में किया गया। प्रतियोगिता में बलरामपुर रामानुजगंज जिले के स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय जरहाडीह, बलरामपुर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरतीकला, वाड्रफनगर के कुल 20 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से 15 स्कूलों के 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखण्ड बलरामपुर के स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय जरहाडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त जिले का नाम रोशन किया। प्रथम स्थान आने पर स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय जरहाडीह को 35 हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरतीकला को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किया गया। गौरतलब है कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन व जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी. एन. मिश्रा के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता स्कूल स्तर, ब्लॉक स्तर व जिला स्तर पर आयोजित किया गया था।

सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित।

बलरामपुर राज्य शासन में अहिंसा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में किए गए अविस्मरणीय कार्य, सेवाएं तथा अभिनव प्रयास के लिए सम्मानित करने और उनमें एक राष्ट्रीय कीर्तिमान विकसीत करने की दृष्टि से राज्य स्तरीय ‘‘यतियतन लाल सम्मान’’, समाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में किए गए अभिनव प्रयास के लिए ‘‘पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान’’ तथा सामाजिक, समरसता यथा सभी वर्गों में समभाव, सौहार्द, समाज सेवा के स्थाई कार्य जैसे अस्पताल, धर्मशाला, पेयजल, स्वच्छता एवं सामाजिक विकास के अन्य स्थाई स्वरूप के कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने, सामाजिक चेतना का अच्छा यातावरण विकसित करने के योगदान को प्रोत्साहित करने ‘‘महाराजा अग्रसेन सम्मान’’ हेतु वर्ष 2025 के लिए उक्त पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। उक्त पुरस्कार के तहत चयनित व्यक्ति/संस्था को 02 लाख रूपये नगद, सम्मान प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। जिले के अंतर्गत ‘‘यतियतन लाल सम्मान पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान’’ तथा ‘‘महाराजा अग्रसेन सम्मान’’ पुरस्कार हेतु नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित करने के लिए योग्य/पात्रता रखने वाले व्यक्ति/संस्था, 22 सितम्बर 2025 कार्यालयीन समय तक कार्यालय कलेक्टर को प्रस्तुत कर सकते हैं।

रामानुजगंज मंडल स्तरीय कार्यशाला सेवा पखवाड़ा संपन्न।

रामानुजगंज भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई मंडल कार्यशाला सर्वप्रथम भारत माता एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। स्वागत उद्बोधन भाजपा मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता के द्वारा किया गया मंडल प्रभारी एवं जिलामंत्री भानुप्रकाश दीक्षित ने कार्यकर्ताओं को जोश भरते हुए कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस के उपलक्ष में निमित सेवा पखवाड़ा में विभिन्न गतिविधि आयोजित किया जाएगा मंडल सह प्रभारी एवं जिला कार्यालय मंत्री अजय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को उत्साह वर्धन करते हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी सभी बूथ के अध्यक्ष एवं शक्तिकेंद्र के संयोजक ,सहसंयोजक निर्वाचित प्रतिनिधियों को दी गई कार्यक्रम को जेपी गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता ने भी संबोधित किया, कार्यक्रम में संजय गुप्ता, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बीडी लाल गुप्ता, जिला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव चिकत्सा प्रकोष्ठ डॉ राकेश गुप्ता,मंडल उपाध्यक्ष दयाल विश्वास, मंडल उपाध्यक्ष नवीन गुप्ता,मंडल उपाध्यक्ष धर्मप्रकाश केशरी,मंडल महामंत्री बासु राय किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रवण यादव,संतोष यादव,पार्षद विकास गुप्ता,पार्षद अरूण नागवंशी,मुकेश जायसवाल ,अनिल गुप्ता,जनपद सदस्य श्रीमती सुरजमुनिया यूइके,महेश्वर जगते,उत्तम गुप्ता,संजीत गुप्ता, विवेक यादव ,अमित सिंह,आकाश तिवारी, नंदकिशोर गुप्ता, दिनेश यादव महिला मोर्चा, युवा मोर्चा,के अन्य जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

रामानुजगंज तहसील में नशेड़ी लिपिक को किया गया निलंबित।

तहसील रामानुजगंज विकासखंड रामचन्द्रपुर में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 प्रवीण कुमार लकड़ा को कलेक्टर बलरामपुर राजेन्द्र कटारा द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार लकड़ा, जो प्रभारी लिपिक काननूगो शाखा तथा नायब नाजीर शाखा रामानुजगंज में कार्यरत था, नशे की हालत में कार्यालय पहुंचे था। इस दौरान उन्होंने अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता का परिचय दिया।

उनके इस आचरण को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत यह कार्रवाई की है। आदेशानुसार निलंबन अवधि में प्रवीण कुमार लकड़ा का मुख्यालय कार्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय (स्थानीय) बलरामपुर नियत किया गया है।

नियमों के अनुसार निलंबन की अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई अन्य कर्मचारियों के लिए भी एक कड़ा संदेश है कि सेवा अवधि में अनुशासनहीनता और लापरवाही पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

सड़कों पर घुमंतु व घायल पशुओं की सुरक्षा हेतु रेस्क्यू वाहन हुआ रवाना।

बलरामपुर, सड़को पर घुमंतु एवं असहाय पशुओं की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए पशुपालन विभाग तथा रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वधान में संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में रेस्क्यू वाहन को रेड क्रास सोसाइटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल एवं नगर पालिका बलरामपुर के अध्यक्ष लोधीराम एक्का के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, पशु पालन विभाग के उप संचालक डॉ. श्री शिशिर कान्त पाण्डेय एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा संस्था से जुड़े पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रेस्क्यू वाहन के संबंध में जानकारी दी गई है कि वाहन नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में  सड़कों पर घायल, बीमार एवं आवारा पशुओं को रेस्क्यू वाहन उपचार एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएगा।

सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार के ठोस कदम।

बलरामपुर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने पर केंद्र और राज्य सरकारों से अधिकतम 1,08,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इस योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट से प्रतिमाह औसतन 120 यूनिट बिजली उत्पादन होता है, जिस पर 30,000 रुपये केंद्र से व 15,000 रुपये राज्य से, कुल 45,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। उपभोक्ता को लगभग 15,000 रुपये स्वयं वहन करने होते हैं।
इसी प्रकार 2 किलोवाट प्लांट के लिए प्रतिमाह औसतन 240 यूनिट उत्पादन संभव है, जिस पर 90,000 रुपये तक कुल सब्सिडी (60,000 केंद्र $ 30,000 रुपये राज्य) मिलती है। उपभोक्ता को केवल 30,000 रुपये खर्च करना होता है। 3 किलोवाट क्षमता के प्लांट से प्रतिमाह औसतन 360 यूनिट उत्पादन संभव है और इसमें 78,000 रुपये केंद्र $ 30,000 रुपये राज्य यानी कुल 1,08,000 रुपये की सहायता मिलती है। उपभोक्ता को 72,000 रुपये वहन करना पड़ता है, जो ऋण पर भी उपलब्ध है।
उल्लेखनीय है कि 2 किलोवॉट या अधिक क्षमता वाले प्लांट लगाने वाले उपभोक्ता प्रतिमाह 200 यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन 25 साल तक कर सकते हैं, जो हॉफ बिजली योजना से मिलने वाली अधिकतम छूट (400 यूनिट पर 200 यूनिट रियायत) से भी ज्यादा है। ऐसे उपभोक्ता अपने घर में सौर ऊर्जा से उत्पन्न विद्युत का उपयोग कर न सिर्फ बिजली खर्च से मुक्ति पा सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में प्रवाहित कर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली, स्थायी बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करेगी।

पदीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर 03 भृत्य निलंबित।

बलरामपुर,विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलरामपुर के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक बलरामपुर के भृत्य श्री धुरन राम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पिण्ड्रा के भृत्य श्री राकेश गुप्ता एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिलमा के भृत्य श्री रविन्द्र इतगे के द्वारा पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन के फलस्वरूप प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी डी.एन. मिश्रा के द्वारा भृत्य श्री धुरन राम, श्री राकेश गुप्ता एवं श्री रविन्द्र इतगे को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9(1) (क) के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित कर इनका मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कुसमी में नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

गम्हरिया में हाथी की अचानक मौत से मचा हड़कंप।

बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत गम्हरिया में शनिवार की रात अचानक एक हाथी की मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीण इरफान अंसारी ने बताया कि सुबह-सुबह खेतों की ओर जाने पर लोगों ने एक हाथी को जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी गई। इस घटनाकी जानकारी लेने पर वन परिक्षेत्रा अधिकारि निखिल सक्सेना ने बताया कि मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक की पुष्टि हो सकेगी। जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के पूर्व उपाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता के बताए अनुसार हाथी के शरीर पर चोट के कोई गहरे निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे संदेह जताया जा रहा है कि मौत स्वाभाविक या किसी आंतरिक बीमारी के कारण हुई होगी।हाथी की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।