Fri. Oct 23rd, 2026

जर्जर यात्री प्रतीक्षालय से हादसे का खतरा, शौचालय की हालत भी बदहाल

लरंग साय चौक के समीप वर्षों से क्षतिग्रस्त प्रतीक्षालय, यात्रियों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

रामानुजगंज। नगर के लरंग साय चौक के समीप वाड्रफनगर मार्ग पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों जर्जर और बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। प्रतीक्षालय की क्षतिग्रस्त संरचना के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां बैठकर बसों और अन्य यात्री वाहनों का इंतजार करते हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

प्रतीक्षालय की छत एवं अन्य हिस्सों की हालत बहुत खराब होने के कारण यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। बारिश और तेज हवा के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक इसकी मरम्मत या आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस पहल नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है।
शौचालय की स्थिति भी दयनीय
यात्री प्रतीक्षालय के समीप बने शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। साफ-सफाई के अभाव और उचित रखरखाव नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए इस परिसर की बदहाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि प्रतीक्षालय में रोजाना बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री पहुंचते हैं। यदि जर्जर हिस्से का कोई भाग अचानक गिरता है तो गंभीर जनहानि हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल निरीक्षण कर प्रतीक्षालय की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए और शौचालय की साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लोगों का सवाल यह है कि यदि जर्जर प्रतीक्षालय के कारण कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? प्रशासन को समय रहते इस ओर ध्यान देकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 21 उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान

बलरामपुर,शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री रामविचार नेताम रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण में शिक्षकों का योगदान अमूल्य है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि एक पीढ़ी के चरित्र और सोच का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता संतान को जन्म देते हैं, लेकिन उसे संस्कार देने, सही दिशा दिखाने और भविष्य गढ़ने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

मंत्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में प्रयास विद्यालय एवं नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा और भविष्य के अवसर मिल सकेंगे।

कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि विद्यार्थी के जीवन का पहला पथ प्रदर्शक शिक्षक होता है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों पर ऐसा सकारात्मक प्रभाव छोड़ें, जिससे वे आगे चलकर समाज के लिए मिसाल बन सकें।

21 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित

समारोह में जिले के विभिन्न विकासखंडों के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप एवं शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ज्ञानदीप पुरस्कार में शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा, राजपुर के शिक्षक श्याम सुन्दर चौरगे को प्रथम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा की शिक्षिका नीलीमा एक्का को द्वितीय तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई, शंकरगढ़ के प्रधान पाठक जवाहर लाल पैकरा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं शिक्षादूत पुरस्कार से जिले के विभिन्न विकासखंडों के 18 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

महावीरगंज सर्कल में सैकड़ों एकड़ जंगल साफ, शिकायतों के बावजूद अतिक्रमण जारी

ग्रामीणों का आरोप—रोज कट रहे 20-30 एकड़ जंगल, वन विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल; रेंजर ने कहा- 27 अगस्त को हटाया था अतिक्रमण, दोबारा कब्जा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के वन परिक्षेत्र रामानुजगंज अंतर्गत महावीरगंज सर्कल के गम्हरिया बीट में जंगल की अवैध कटाई और वन भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में हरे-भरे पेड़ों की कटाई कर वन भूमि को कृषि योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार अब तक करीब 200 से 300 एकड़ क्षेत्र में जंगल साफ किए जाने की स्थिति सामने आई है।

बताया जा रहा है कि ग्राम गम्हरिया के वन क्षेत्र में नारंगी वन भूमि एवं जंगल मद की जमीन पर साल, तेंदू, महुआ और सीधा सहित अन्य प्रजातियों के हजारों हरे पेड़ों की कटाई की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ों को काटने के बाद वन भूमि पर खेती के लिए कब्जा किया जा रहा है और यह सिलसिला लगातार जारी है।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

स्थानीय जागरूक ग्रामीणों का कहना है कि वन कटाई और अतिक्रमण की जानकारी वन विभाग के मैदानी अमले से लेकर वन परिक्षेत्र कार्यालय तक कई बार दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक बीट गार्ड तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी को फोन और मौखिक रूप से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमणकारियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा तो लेती है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण रोजाना नए क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ स्थानों पर प्रतिदिन 20 से 30 एकड़ तक जंगल साफ किए जाने का दावा किया जा रहा है।

वन विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि 27 अगस्त को मौके पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमणकारियों द्वारा दोबारा वन भूमि पर कब्जा किया गया है तो उनके विरुद्ध जल्द नोटिस जारी किया जाएगा तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि यदि वन भूमि पर दोबारा अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई जारी है तो विभाग की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है। सैकड़ों एकड़ जंगल साफ किए जाने के ग्रामीणों के दावे की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी, लेकिन यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह वन संरक्षण व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल स्थल निरीक्षण कर अवैध कटाई पर रोक लगाने, अतिक्रमण हटाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

हाथियों ने किसानों की कई एकड़ फसल बर्बाद, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

रामचंद्रपुर जनपद के कई गांवों में जारी है जंगली हाथियों का उत्पात, वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की दी सलाह

रामचंद्रपुर। जनपद पंचायत रामचंद्रपुर क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। हाथियों के झुंड द्वारा खेतों में पहुंचकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीण अपनी फसलों और जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम चिनिया के लामीपारा क्षेत्र में चरवाहों ने शाम के समय एक जंगली हाथी के सावक के साथ पी-3450 क्षेत्र में विचरण करते हुए देखा। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के क्षेत्र में लगातार आने से खेतों में लगी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
हाथियों के विचरण को देखते हुए ग्रामीणों को जंगल और खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। वहीं वन विभाग की टीम भी हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीणों से रात के समय सावधानी बरतने तथा हाथियों के संभावित मार्ग से दूर रहने की सलाह दी है।
हाथियों के लगातार विचरण और फसल नुकसान को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ फसलों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

तीन बच्चों की मां ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

13 साल की शादी के बाद प्रेम संबंध बना हत्या की वजह,एक लाख रुपये की सुपारी का आरोप

चिनियां/ झारखंड के चिनियां थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले हुए सड़क हादसे के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में यह घटना कथित तौर पर सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पति की सुनियोजित हत्या की साजिश निकली है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और हत्या को अंजाम देने के लिए पिकअप चालक को एक लाख रुपये की सुपारी दी।

मृतक की पहचान बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के श्रीकांत रवि के रूप में हुई है। करीब 13 वर्ष पहले उसकी शादी झारखंड के देवीगंज निवासी मनीषा से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, मनीषा का मोहम्मद हसन नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध था। हसन रामानुजगंज में मोबाइल की दुकान चलाता था और कुछ समय तक श्रीकांत के घर में किराए पर भी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कथित रूप से नजदीकियां बढ़ीं।

प्रेम संबंध की जानकारी के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, श्रीकांत को पत्नी के कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। पुलिस का दावा है कि मनीषा और मोहम्मद हसन साथ रहना चाहते थे और इसी कारण श्रीकांत को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

फोन कर बुलाया, रास्ते में पिकअप ने मारी टक्कर

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन मनीषा ने फोन कर श्रीकांत को चिनियां बुलाया था। श्रीकांत बाइक से चिनियां के लिए निकला। इसी दौरान बरवाहा मोड़ के पास एक पिकअप ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना था।

मां के बयान से बदली जांच की दिशा

श्रीकांत की मां शांति देवी को घटना को लेकर शुरू से ही संदेह था। उन्होंने पुलिस को बहू के कथित प्रेम संबंध और परिवार में चल रहे विवाद की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की। जांच में पुलिस को कथित तौर पर हादसे के पीछे हत्या की साजिश के सुराग मिले।

एक लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए पिकअप चालक प्रवेज अंसारी को एक लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी। आरोप है कि तय योजना के तहत पिकअप से श्रीकांत की बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी गई, ताकि घटना सड़क हादसे जैसी दिखाई दे।

तीन गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश

रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के अनुसार, पुलिस ने जांच के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक की पत्नी मनीषा,  हसन अंसारी और घटना के समय पिकअप में सवार परवेज अंसारी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में दो अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों पर लगे आरोप पुलिस जांच पर आधारित हैं। मामले में अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय के बाद ही मानी जाएगी।

बदहाल NH-343, कहीं डायवर्सन तो कहीं क्षतिग्रस्त पुलिया दे रही हादसों को न्योता

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (NH-343) की बदहाल स्थिति इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, खतरनाक डायवर्सन, निर्माणाधीन हिस्से और क्षतिग्रस्त पुलियाएं दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही हैं। वर्षों से सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य लंबित होने के कारण लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।

NH-343 जिले का महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद कई हिस्सों में सड़क की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। औरीझरिया से घाट क्षेत्र तक कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब बताई जा रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ बड़े वाहनों और यात्रियों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

डायवर्सन और क्षतिग्रस्त पुलियाएं बनीं चिंता का कारण

सड़क निर्माण के चलते कई स्थानों पर बनाए गए डायवर्सन तथा निर्माणाधीन पुल-पुलियों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगह बैरिकेडिंग और स्पष्ट चेतावनी संकेतों की कमी भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रात के समय इन स्थानों पर खतरा और अधिक बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जाती रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नजर नहीं आ रहा है। लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ तब तक सड़क के खतरनाक हिस्सों की तत्काल मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निर्माण में देरी पर उठ रहे सवाल

NH-343 के निर्माण एवं सुधार कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर अब लोगों में सवाल उठने लगे हैं। आखिर वर्षों से लंबित कार्य कब पूरा होगा? निर्माण कार्य में देरी का वास्तविक कारण क्या है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

कलेक्टर ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश

जिले में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को खराब सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सेमरसोत मार्ग को भी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने दुर्घटना की संभावना वाले स्थानों पर तत्काल आवश्यक साइन बोर्ड, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा संबंधी कार्य पूर्ण कर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

हादसे से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत

अब सवाल यह है कि प्रशासन के निर्देश के बाद NH-343 की बदहाल तस्वीर कब तक बदलेगी। खतरनाक डायवर्सन, गड्ढों और क्षतिग्रस्त पुलियाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कब तक सुनिश्चित होगी, यह देखने वाली बात होगी।

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लकड़ी से भरी पिकअप जप्त चालक वाहन छोड़कर फरार।

वन संपदा की अवैध कटाई एवं परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने लकड़ी चिरान से भरी एक पिकअप वाहन को जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश वन विभाग द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अमले को लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। वन विभाग की कार्रवाई को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदी लकड़ी को जप्त कर लिया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जप्त लकड़ी की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, लकड़ी की वास्तविक मात्रा, प्रजाति एवं कीमत का विभागीय जांच और मूल्यांकन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
वन विभाग द्वारा जप्त वाहन एवं लकड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार चालक की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है। विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि लकड़ी कहां से काटकर लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि वाड्रफनगर वन विभाग अवैध लकड़ी कटाई एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए सक्रिय है। विभागीय कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी।

रामानुजगंज। महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर NSUI ने आवाज बुलंद की है। NSUI महाविद्यालय उपाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय सचिव अभिषेक केशरी के नेतृत्व में महाविद्यालय के छात्रों एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल कराने की मांग की।

अभिषेक केशरी ने कहा कि लंबे समय से महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों को महाविद्यालय प्रशासन तथा शासन तक लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों में जनभागीदारी शुल्क के अंतर्गत छात्रसंघ चुनाव के लिए भी राशि ली जाती है। ऐसे में छात्रसंघ चुनाव आयोजित किया जाना आवश्यक है। चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों में निराशा और असंतोष की स्थिति बन रही है।
ज्ञापन के माध्यम से NSUI ने मांग की कि छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल कर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तथा चुनाव के नाम पर विद्यार्थियों से ली जाने वाली राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
अभिषेक केशरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल नहीं किए गए तो छात्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को उग्र रूप देकर विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा।
इस दौरान प्रिंस यादव, दीपक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्रेया माही ने जीता मिस फर्स्ट रनर-अप का खिताब, रामानुजगंज का बढ़ाया गौरव

रामानुजगंज। अंबिकापुर में आयोजित सावन सुंदरी महोत्सव 2026 में पूरे सरगुजा संभाग से प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी प्रतिभाओं एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपरा और विविधता को प्रस्तुत किया।
इस गरिमामयी आयोजन में बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वार्ड क्रमांक 4 निवासी श्री ओम प्रकाश ठाकुर जी की सुपुत्री श्रेया माही ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति देकर पूरे संभाग के प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। श्रेया माही ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए Miss Chhattisgarh 2026 – 1st Runner Up का खिताब अपने नाम किया।

श्रेया माही की इस उपलब्धि से रामानुजगंज नगर सहित पूरे बलरामपुर जिले के लोगों में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। एक छोटे से शहर से निकलकर श्रेया ने संभाग स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपने नगर और जिले का नाम रोशन किया है।

श्रेया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने, प्रोत्साहित करने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की है। ऐसी प्रतिभावान छात्राओं एवं युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज और स्थानीय संस्थाओं को मिलकर निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिल सके।

श्रेया माही की इस उपलब्धि पर नगरवासियों, शुभचिंतकों एवं जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

श्रेया माही ने जीता मिस फर्स्ट रनर-अप का खिताब, रामानुजगंज का बढ़ाया गौरव।

रामानुजगंज। 23 अगस्त 2026 को अंबिकापुर में आयोजित सावन सुंदरी महोत्सव 2026 में पूरे सरगुजा संभाग से प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी प्रतिभाओं एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपरा और विविधता को प्रस्तुत किया।
इस गरिमामयी आयोजन में बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वार्ड क्रमांक 4 निवासी श्री ओम प्रकाश ठाकुर जी की सुपुत्री श्रेया माही ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति देकर पूरे संभाग के प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। श्रेया माही ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए Miss Chhattisgarh 2026 – 1st Runner Up का खिताब अपने नाम किया।

श्रेया माही की इस उपलब्धि से रामानुजगंज नगर सहित पूरे बलरामपुर जिले के लोगों में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। एक छोटे से शहर से निकलकर श्रेया ने संभाग स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपने नगर और जिले का नाम रोशन किया है।

श्रेया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने, प्रोत्साहित करने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की है। ऐसी प्रतिभावान छात्राओं एवं युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज और स्थानीय संस्थाओं को मिलकर निरंतर प्रयास करना चाहिए, ताकि उनकी प्रतिभा को नई उड़ान मिल सके।

श्रेया माही की इस उपलब्धि पर नगरवासियों, शुभचिंतकों एवं जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।