Sat. Mar 7th, 2026

आकांक्षा टोप्पो पर एफआईआर की मांग: क्या भाजपा में डर या राजनीतिक का हिस्सा।

रामानुजगंज। सोशल मीडिया पर सक्रिय आकांक्षा टोप्पो द्वारा प्रदेश के मंत्री राम विचार नेताम के खिलाफ कथित विवादित बयान और ऑडियो क्लिप साझा किए जाने के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है, जिसके चलते आज रामानुजगंज थाना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि आकांक्षा टोप्पो जानबूझकर मंत्री राम विचार नेताम की छवि धूमिल करने और राजनीतिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के कथित अपशब्द और विवादित पोस्ट समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं दूसरी ओर, सूत्रों के माने तो आकांक्षा टोप्पो ने अपने बचाव में कहा है कि उन्होंने जो भी साझा किया है, वह जनहित से जुड़ा मामला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल किया है, जिसमें कथित तौर पर एक किसान और मंत्री राम विचार नेताम के बीच फोन पर हुई बातचीत सुनाई दे रही है। आकांक्षा का दावा है कि इस बातचीत में किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं और जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है।
इस पूरे मामले पर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है कि क्या भाजपा की यह एफआईआर मांग वास्तव में कानून-व्यवस्था का मामला है या फिर विपक्षी आवाजों को दबाने की कोशिश। कई सामाजिक कार्यकर्ता इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं, जबकि भाजपा इसे मंत्री की प्रतिष्ठा और गरिमा से जोड़कर देख रही है।
फिलहाल पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज करने पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है और मामले की जांच की बात कही है। इस विवाद ने रामानुजगंज की स्थानीय राजनीति को गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post