Fri. Oct 23rd, 2026

July 2025

औषधी प्रशासन द्वारा कॉस्मेटिक दुकानों का किया गया निरीक्षण।

छत्तीसगढ़ राज्य शासन एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि’ प्रशासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में औषधी निरीक्षक श्री अनिल पैकरा एवं टीम द्वारा बलरामपुर प्रियंका गिफ्ट हाउस एवं श्रृंगार स्टोर, नैना श्रृंगार एवं जनरल स्टोर, अनन्या श्रृंगार स्टोर बलरामपुर एवं प्रदीप जायसवाल मार्केटिंग रामानुजगंज का निरीक्षण तथा कॉस्मेटिक सामग्रियों के संबंध में क्रय-विक्रय की जांच की गई। प्रदीप जायसवाल मार्केटिंग रामानुजगंज से कॉस्मेटिक सामग्री का नमूना संकलित कर परीक्षण हेतु राज्य औषधि प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है।

औषधी निरीक्षक ने जानकारी दी है कि राज्य शासन एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार कॉस्मेटिक (प्रसाधन सामग्री) से संबंधित नमुना संकलित कर राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे जाने के लिए निर्देशित किया गया है। जिसके परिपालन में कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही यह कार्यवाही आगे भी सतत जारी रहेगी।

रामानुजगंज : मोहम्मद खलील खान का दुखद निधन।

रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 12 निवासी 80 वर्षीय मोहम्मद खलील खान का दिनांक 21 जुलाई 2025 को शाम लगभग 3:00 बजे स्वर्गवास हो गया। उनके निधन से नगर में शोक की लहर व्याप्त है।

मोहम्मद खलील खान एक सम्मानित व शांतप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। उनके पुत्र यूनुस खान, जो शिक्षा विभाग में शिक्षक रहे, अपनी नम आंखों से पिता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय खलील खान अपने जीवनकाल में सादगी व परोपकार के लिए जाने जाते थे।उनके परिवार में तीन पुत्र, एक पुत्री एवं कई पौत्र-पौत्रियां हैं, जो उन्हें याद करते हुए शोक संतप्त हैं। उनके निधन से मोहल्ले व जान-पहचान वालों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

स्वर्गीय मोहम्मद खलील खान का अंतिम संस्कार दिनांक 22 जुलाई 2025, मंगलवार को दोपहर 2:00 बजे रामानुजगंज के कब्रिस्तान में संपन्न किया जाएगा, जिसमें परिजन, रिश्तेदार एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

तंबाकू विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई 6100 रुपये जुर्माना ।

जिला कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी के निर्देश पर कोरिया जिले में तंबाकू नियंत्रण को लेकर सख्त कदम उठाए गए हैं। कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4 / 6 के अंतर्गत जिले भर में अभियान चलाकर कुल 33 दुकानों, पान ठेलों, होटलों और गुमटियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 6100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच दल ने बैकुंठपुर ब्लॉक के ग्राम जमगहना, महोरा, डकईपारा, करजी, गिरजापुर, टेंगनी, पांडोपारा सहित कई क्षेत्रों में पान ठेले, होटल, बापू किराना दुकानों की सघन जांच की।जांच के दौरान कोटपा एक्ट की धारा 4 (धूम्रपान निषेध) और धारा 6 (अवयस्कों को तंबाकू विक्रय निषेध) के उल्लंघन के कई मामले पाए गए, जिसके आधार पर तत्काल जुर्माना लगाया गया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी देते हुए दुकानों में “धूम्रपान निषेध क्षेत्र” और “18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना दंडनीय अपराध है” जैसे बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और तंबाकू नियंत्रण कानून के उल्लंघन पर कठोर कदम उठाए जाएंगे, जिससे आम जनता विशेषकर युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में महिला पर अत्याचार, तीन आरोपी गिरफ्तार।

बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले के त्रिकुंडा थाना अंतर्गत ग्राम शारदापुर में दहेज प्रताड़ना का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता रितु तिवारी (27 वर्ष) ने अपने पति आकाश तिवारी, सास तारावती तिवारी (65 वर्ष) और ससुर हरिशंकर तिवारी (75 वर्ष) के खिलाफ त्रिकुंडा थाने में गंभीर आरोपों के साथ मामला दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि शादी वर्ष 2016 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे लगातार दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।रितु तिवारी ने बताया कि हाल ही में उसे जलाने का प्रयास भी किया गया। घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेंद्र के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पीड़िता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्राफनगर में डॉक्टरी परीक्षण कराया गया, जिसमें गंभीर चोटों की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, लोहे का चिमटा, रस्सी और गमछा बरामद कर जब्त किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 118(1), 127(3), 287, 85, 82(1), 3(5) और अतिरिक्त रूप से 118(2) के तहत मामला दर्ज किया है।गिरफ्तारी के पश्चात तीनों आरोपियों को वाड्रफनगर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस घटना ने जिले में फिर से दहेज प्रथा की क्रूरता को उजागर किया है और समाज में एक बार फिर चिंता की लहर दौड़ गई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग NH 343 की जर्जर स्थिति को लेकर जनता त्रस्त, सरकार मस्त

राष्ट्रीय राजमार्ग NH 343 की अत्यंत खराब हालत को लेकर जनता का आक्रोश दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज रामानुजगंज में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सड़क की दुर्दशा के प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप बीच सड़क पर धान के पौधे रोपकर अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत की जाए, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके।

विकास दुबे ने कहा कि यह सड़क रामानुजगंज से लेकर बलरामपुर तक जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या मंत्री महोदय को अब बलरामपुर जिले से मोहभंग हो गया है जो बेहाल सड़क परेशान जनता की आवाज सुनाई नहीं दे रही है। विगत माह उन्होंने सड़क मरम्मत को लेकर जो देने वाली राशि की घोषणाएं की थी, वह अब तक फाइलों में ही दबी पड़ी हैं या फिर वह केवल जनता को बहलाने का एक साधन मात्र थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन प्रदर्शन, ज्ञापन और आंदोलन होने के बावजूद सरकार और प्रशासन दोनों ही पूरी तरह से मौन हैं। दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। लोगों को अब यह कहना है कि सरकार को जगाने के लिए सड़क हादसों में और कितनी जानें गंवानी पड़ेंगी?

दुबे ने कहा कि आज की प्रतीकात्मक कार्रवाई केवल एक शुरुआत है, यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो किसान कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह शर्मनाक है कि आम जनता को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

इस प्रदर्शन में सुनील कन्हरे, कार्तिक माझी, ज्वाला गुप्ता, संजय रवानी, नरेंद्र सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए बनाया जा रहा वय वंदना कार्ड।

बलरामपुर, जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं वय वंदना योजना के तहत आयुष्मान कार्ड पंजीयन का कार्य प्रगति पर है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राशन कार्ड डाटा अनुसार जिले में कुल 785767 हितग्राही है। जिनमें से वर्तमान में कुल 718125 हितग्राही का आयुष्मान कार्ड पंजीयन का कार्य पूर्ण हो चुका है। जो कि 91.39 प्रतिशत है। शेष हितग्राहियों का पंजीयन का कार्य निरंतर जारी है।
आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत जिले के 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के है उनका वय वंदन कार्ड बनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत ए.पी.एल. या बी.पी.एल. राशनकार्ड धारी हो, हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराना आवश्यक है।
आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत राशनकार्ड डाटा अनुसार जिले में लक्ष्य कुल 20330 हितग्राही का वय वंदना कार्ड पंजीयन कराया जाना है। जिसके लिए कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य मितानिनों के सहयोग से घर-घर जाकर अब तक 11026 पंजीयन किया गया है, शेष छूटे हुए हितग्राहियों का पंजीयन का कार्य किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत सिंह ने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वास्थ्य संस्था या व्ही.एल.ई. से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशनकार्ड एवं मोबाईल नम्बर ले जाकर अपना आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड पंजीयन करवा सकते है।

छात्रावास में सांप काटने से छात्र की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर प्रखंड अंतर्गत बालक छात्रावास झारा में अध्ययनरत कक्षा तीसरी के छात्र विजय कुमार सिंह, पिता हीरालाल सिंह ग्राम पचवाल को सांप काटने से दर्दनाक मौत हो गई। मंडल संयोजक के अनुसार, घटना उस समय हुई जब छुट्टी के बाद छात्रावास परिसर में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने विजय को डस लिया।

घटना की सूचना मिलते ही छात्र को आनन-फानन में सनावल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंडल संयोजक ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।

लोगों का कहना है कि यह  हादसा कई गंभीर सवाल खड़े करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या छात्रावास परिसर की नियमित सफाई नहीं होती? क्या प्रशासन द्वारा विषैले जीव-जंतुओं से सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए जाते?

सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर इन छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण और सुरक्षा देने का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे पहले भी विषैले जीव-जंतुओं के कारण कई मासूमों की जान जा चुकी है।

इस दुखद घटना ने एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। अब यह देखना होगा कि जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासन। क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कौन से ठोस कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

समस्त जिलों में बढ़ती बिजली बिल को लेकर कांग्रेस करेगी विभाग का घेराव ।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देशानुसार आंदोलन का शंखनाद किया गया है, बता दें कि

छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार द्वारा चौथी बार आम जनता के जेब पर बोझ डालने का प्रयास करते हुए बिजली के दरों में बेतहाशा वृद्धि की गई है साथ ही कई उपभोक्ताओं के बिल कई गुना बढ़कर आ रहे हैं। आम जनता और किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है।

 सूत्रों से मिली जनकारी के अनुसार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर आम जनता और किसानों को न्याय दिलाने बिजली दर में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी को वापस लिए जाने को लेकर बिजली न्याय आंदोलन का शंखनाद किया गया है, जिसके तहत प्रदेश के सभी जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाना है।  दिनांक 16,17 व 18 जुलाई को ब्लॉक स्तर में विद्युत कार्यालय का घेराव तथा 22 जुलाई को जिला विद्युत कार्यालय का घेराव करने वाली है

 

आईटीआई कॉलेज में प्रवेश हेतु कर सकते हैं आवेदन ।

बलरामपुर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रामानुजगंज, रामचन्द्रपुर एवं वाड्रफनगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों  में व्यवसाय फिटर, विद्युतकार, कोपा, डीजल मैकेनिक में 2025-26 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 जुलाई से प्रारंभ होगी। इच्छुक आवेदक विभाग की वेबसाइट सीजीआईटीआई डॉट एडमिशन डॉट एनआईसी डॉट इन पर 16 से 23 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए संबंधित संस्था में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं

बिजलीकर्मी तबारक हुसैन के काटे गए दोनों हाथ । आरोपी संदीप ठाकुर भेजा गया जेल

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना सनवाल क्षेत्र अंतर्गत बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी तबारक हुसैन एक कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 22 मई 2025 को उस समय हुई जब जेई दानिस राजा के निर्देश पर तबारक हुसैन ट्रांसफार्मर के पास बिजली पोल में चढ़कर कार्य कर रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदनकर्ता वकील अंसारी, निवासी ग्राम पचावल, ने थाना सनवाल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र तबारक पिछले तीन वर्षों से संविदा पर कार्यरत है। कार्य के दौरान उसने बिजली ऑफिस के कर्मचारी संदीप ठाकुर से अनुमति लेकर पोल पर चढ़कर काम शुरू किया। इसी दौरान संदीप ठाकुर द्वारा लापरवाहीपूर्वक बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे तबारक हुसैन करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। इलाज के दौरान उसके दोनों हाथ कोहनी के नीचे से काटने पड़े।
मामले में आरोपी संदीप ठाकुर, निवासी जौराही, थाना रघुनाथ नगर, के खिलाफ अपराध क्रमांक 37/2025 धारा 125 (b), 110b, NS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे 13 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह ड्यूटी पर था और तबारक हुसैन ने उससे अनुमति ली थी, लेकिन उसके बाद भी उसने बिजली चालू कर दी, जिससे हादसा हुआ।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गजपति मिर्रे, सहायक उपनिरीक्षक रोशन लकड़ा, जी.आर. मरावी, आरक्षक कृष्णा सिंह मरकाम, विजय शुरूता सहित थाना सनवाल का पुलिस स्टाफ सक्रिय रहा।