Sat. Oct 24th, 2026

स्थगित हुए समाधान शिविरों के लिए तिथि निर्धारित।

बलरामपुर, सुशासन तिहार के अंतर्गत कलेक्टर के मार्गदर्शन में 05 से 31 मई 2025 तक समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। विकासखण्ड बलरामपुर में 05 मई 2025 को हाई स्कूल मैदान डौरा में शिविर आयोजित किया गया था। उक्त शिविर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था। अब उक्त शिविर 26 मई 2025 को हाई स्कूल मैदान डौरा में आयोजित किया है। इसी प्रकार नगरपालिका बलरामपुर में 06 मई को ऑडिटोरियम भवन बलरामपुर में शिविर आयोजित किया गया था। उक्त शिविर 27 मई को ऑडिटोरियम भवन बलरामपुर में आयोजित किया गया है। नगरपालिका रामानुजगंज में 20 मई को लरंगसाय टाउन हाल में शिविर आयोजित किया गया था। उक्त शिविर अब 30 मई 2025 को लरंगसाय टाउन हाल में आयोजित किया गया है।

अवैध शराब पर प्रशासन सख्त 21.14 लीटर विदेशी मदिरा जब्त।

बलरामपुर जिला कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी एस.के. सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में लगातार छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखण्डों में 03 प्रकरणों पर कार्यवाही करते हुए 15 हजार 200 रुपये की अवैध शराब तथा एक ट्रक जब्त किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया है कि थाना शंकरगढ़ के अंतर्गत ग्राम महुआडीह निवासी सुमिता दास के पास से 16 लीटर तथा शैलेन्द्र दास के पास से 8 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त किया गया है। इसी प्रकार विकासखंड वाड्रफनगर के धनवार चेकपोस्ट में वाहन जांच के दौरान उत्तरप्रदेश में बिक्री के लिए लेबल लगा हुआ 21.14 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर जब्त किया गया। उक्त आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण कायम कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी श्री सूर्यवंशी ने बताया है अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन तथा सार्वजनिक जगहों पर मदिरापान और राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्गों के किनारे संचालित होटल, ढाबा में शराब रखने, पीने एवं पिलाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। साथ ही आबकारी अधिकारी ने बताया है कि अवैध मदिरा के संबंध में आबकारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07831-299241 एवं टोल फ्री नम्बर 14405 पर सूचित किया जा सकता है।

ढोढरीकला में उतरा मुख्यमंत्री का हेलिकाप्टर। जनहित में की कई घोषणायें ।

तेज हवाओं को दरकिनार करते हुए आज एक हेलिकाप्टर बलरामपुर के जनपद पंचायत शंकरगढ़, ग्राम पंचायत हरगवां के ढोढरीकला, कोरवाटोली नवापारा में उतरा। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय नें शिविर में कई घोषणायें की हरगवा ग्राम पंचायत में 10 लाख की लागत से सीसी रोड़, समुदायिक भवन, झीकी नाला में पुलिया निर्माण, हैंडपंप व बोरवेल आदि की घोषणा की।
इस दौरान सामरी विधायक श्रीमती उद्धेष्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणनजन, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ,प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमनलाल, वनमण्डलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेई, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर मौजूद रहे।

टूटते घर बिलखते लोग प्रशासन की कार्यवाही से लोगों में दहशत।

अतिक्रमण या भेदभाव? कुसमी नगर पंचायत में तोड़े गए घरों से मचा हाहाकार।

बलरामपुर जिले के कुसमी नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासन द्वारा की गई अतिक्रमण कार्रवाई ने क्षेत्र में रोष और चिंता की लहर दौड़ा दी है। कई लोगों का आरोप है कि यह कार्रवाई चयनित और भेदभावपूर्ण ढंग से की जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार एक ओर भूमिहीनों और आवासविहीनों को भूमि और घर मुहैया कराने की योजना चला रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों के वर्षों पुराने घरों को अतिक्रमण के नाम पर तोड़ा जा रहा है।

प्रभावित लोगों में स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र सोमनाथ भगत का नाम प्रमुखता से सामने आया है, जो एक भूतपूर्व पंच भी रह चुके हैं। वे कई वर्षों से अपने घर में निवास कर रहे थे, जिसे प्रशासन ने तोड़ दिया। इसी तरह फहीम खान, जिन्हें कई साल पहले वैध रूप से पट्टा मिला था, अपनी दुकान से आजीविका चला रहे थे। उनकी दुकान भी जमींदोज कर दी गई। स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई न केवल अमानवीय है, बल्कि सरकार की योजनाओं की भावना के भी विपरीत है।

लोगों ने शासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है कि अतिक्रमण के नाम पर की जा रही इन कार्रवाइयों की निष्पक्ष जांच हो और जिनके पास वैध दस्तावेज़ हैं, उन्हें बेघर न किया जाए। साथ ही ऐसी कार्रवाई से पहले पीड़ितों को सुनवाई का उचित मौका दिया जाना चाहिए। यह मामला अब सामाजिक न्याय और प्रशासनिक पारदर्शिता का भी प्रश्न बनता जा रहा है।

रामानुजगंज: एनीकेट का गेट खुलना संदेह के घेरे में ।

बलरामपुर जिले कै रमानुजगंज में कनहर नदी पर बने एनीकेट का गेट अचानक खुल जाना अब संदेह के घेरे में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत माह विभाग द्वारा एनीकेट की मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान किया गया था इसके बाद भी निरंतर रिशाव जारी रहा। अब गेट के अनायास खुल जाने से यह शंका गहराने लगी है कि कहीं फिर से मरम्मत के नाम पर सरकारी धन निकालने की योजना तो नहीं बनाई जा रही।

सूत्रों की मानें तो विभागीय अधिकारियों ने इस घटना की जिम्मेदारी अज्ञात लोगों पर डाल दी है। उनका कहना है कि किसी ने गुप्त रूप से गेट को क्षति पहुंचाई है, जिससे वह खुल गया। लेकिन बड़ा सवाल यह उठता है कि जब एनीकेट का गेट विभागीय निगरानी में रहता है और उसकी चाबी केवल अधिकृत कर्मचारियों के पास होती है, तो फिर बिना अनुमति के वह कैसे और क्यों खुला?

स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर संदेह है। उनका कहना है कि यदि वास्तव में कोई छेड़छाड़ हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह एक सुनियोजित प्रयास हो सकता है जिससे एनीकेट की दोबारा मरम्मत दिखाकर पुनः बजट स्वीकृत करवाया जा सके। यह घटना विभागीय लापरवाही की ओर भी इशारा करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी पारदर्शिता से कार्य करता है और जनता की शंकाओं को कैसे दूर करता है।

मोबाइल गेम की लत में 12 वर्षीय बच्चे ने की आत्महत्या।

छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ मोबाइल गेम की लत ने एक मासूम की जान ले ली। वार्ड क्रमांक 22 आमखेरवा के केंवट मोहल्ले में रहने वाले 12 वर्षीय आकाश लकड़ा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सेंट पैट्रिक स्कूल में छठवीं कक्षा का छात्र आकाश अपने चचेरे भाई से मोबाइल मांग रहा था। मोबाइल न मिलने पर वह आहत हो गया और घर जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

आकाश के पिता विजय लकड़ा मजदूरी करते हैं, जबकि मां कुंशिता लकड़ा मुंबई में काम करती हैं। उसकी एक बड़ी बहन भी है जो पढ़ाई कर रही है। परिवार वालों के अनुसार, आकाश मोबाइल पर घंटों गेम खेलने और यूट्यूब पर रील्स देखने का आदी हो गया था। स्कूल से लौटने के बाद वह ज़्यादातर समय मोबाइल पर ही बिताता था। घरवाले उसे बार-बार समझाते थे और मोबाइल से दूर रखने की कोशिश करते थे, लेकिन आकाश किसी न किसी तरह मोबाइल हासिल कर ही लेता था।

घटना के दिन जब चचेरे भाई ने मोबाइल नहीं दिया, तो वह घर लौट गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने देखा कि आकाश ने फांसी लगा ली है। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यह घटना मोबाइल की बढ़ती लत और बच्चों पर इसके गंभीर मानसिक प्रभावों को लेकर समाज के लिए एक चेतावनी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर नियंत्रण और संवाद बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं रोकी जा सकें।

 

रामानुजगंज: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और वीर जवानों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा

ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक सफलता और देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से रामानुजगंज मुख्य नगर पालिका अधिकारी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर, कुमार, राजस्व अधिकारी मनोज पैकरा,कन्हैयालाल अग्रवाल, अरुण केसरी, शैलेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, एवं नगर के हर वर्ग, हर आयु के लोग उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। यह यात्रा गांधी मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भारत माता चौक पहुंची जहां पर मोमबत्ती जलाकर 2 मिनट का मौन धारण कर भारत के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस तिरंगा यात्रा में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक नीति का प्रतीक बनी।

रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा हमारे जवानों के साहस, पराक्रम और बलिदान को सम्मान देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “जिस प्रकार भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया, वह पूरी दुनिया के लिए एक संदेश है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अब भारत आतंक के खिलाफ किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी देवेंद्र प्रधान ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पूरे देश में हर्ष का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारत के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

पूरे नगर में तिरंगों की शोभा से वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जय हिंद और भारत माता की जय के नारों से गूंजता वातावरण हर नागरिक में गर्व और सम्मान की भावना भरता रहा।

रामचंद्रपुर- अनिरुद्धपुर मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई ।

छत्तीसगढ़ शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, रामचंद्रपुर में कई स्थानों पर पक्के मकान बनाकर अतिक्रमण किया जा रहा था।

रामचंद्रपुर से अनिरुद्धपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं

सूत्रों के अनुसार, यह अतिक्रमण एक प्रभावशाली राजनीतिक पार्टी से जुड़े लोगों द्वारा किया जा रहा था, जिनके प्रभाव और दबाव के चलते स्थानीय अधिकारी व कर्मचारी कार्रवाई करने से कतरा रहे थे। प्रशासन पर दबाव बनाए रखने के लिए लगातार धौंस और धमकी का भी सहारा लिया जा रहा था।

लेकिन आज जिला कलेक्टर के निर्देशन में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए साहसिक कदम उठाया। अनुविभागीय अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी निशांत सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अतिक्रमण स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों। यह कदम क्षेत्र में कानून व्यवस्था की बहाली की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

अंबिकापुर 152वां उर्स पाक के मौके पर जलसे के साथ कव्वाली का शानदार मुकाबला।

सरगुजा जिले के अंबिकापुर ग्राम तकिया शरीफ में सूफी संत हजरत सैयद बाबा मुरादाबाद वाली शाह और मोहब्बत शाह वली रहमतुल्लाह अलैह की मजार शरीफ पर 152वां उर्स पाक बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा।

इस मुबारक प्रोग्राम की शुरुआत 20 मई को उल्मा दिन की तकरीर से होगी, जबकि 21 और 22 मई को शानदार कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया गया है। कव्वाली मुकाबले में उत्तर प्रदेश के साकिब साबरी कव्वाल और दिल्ली के जरा वारसी कव्वाल अपनी गायकी से शमां बांधेंगे। 22 मई को मुंबई के हामिद हुसैन कव्वाल के साथ जरा वारसी के साथ मुकाबला कव्वाली का शानदार प्रोग्राम रखा गया है।

उर्स पाक के आयोजन को लेकर कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष दानिश रफीक ने बताया कि इस बार अंबिकापुर के इतिहास में पहली बार नगर की सभी मस्जिदों की कमेटियाँ एक साथ आकर इस महत्वपूर्ण प्रोग्राम का हिस्सा बन रही हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में लगभग 60 हजार जायरीनों की हाजिरी का अनुमान है।

यह मजार शरीफ सभी धर्मों और जातियों के लोगों के लिए अकीदत का केंद्र है। यहां पर बाबा मुराद शाह वली साह और मोहब्बत शाह वली की मजार के साथ एक छोटी मजार भी है, जिसे “तोते की मजार” कहा जाता है। लोग यहां आकर चादर चढ़ाते हैं और मन्नत मांगते हैं। मान्यता है कि यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है।

इस बार के उर्स पाक में हजारों अकीदत मंद लोग शामिल होकर इन महान सूफी संतों की दरगाह पर चादर चढ़ाकर अपने मुरादों से फैज याब होंगे

डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भवरमाल का बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में मंगलवार को घोषित हुए बोर्ड परीक्षा परिणाम में डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भवरमाल ने एक बार फिर से अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।

कक्षा 12वीं के परिणाम:

अर्पना दुबे ने विज्ञान संकाय में 86% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 10वीं के परिणाम:

शुभ गुप्ता ने 95.20% अंकों के साथ कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

– अन्य मेधावी छात्रों में अभय गुप्ता (93.4%), हर्ष कुमार गुप्ता (92.6%), आयुषी दुबे (90%), आयुषी गुप्ता (89.2%), आरव कुमार रवि (88.4%), अंशु गुप्ता (87.6%) और तनीषी केसरी (79.4%) शामिल हैं।

 

सभी छात्र-छात्राओं ने अपने बेहतर परिणाम के लिए अपने माता-पिता का आशीर्वाद और डी ए वी विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को श्रेय दिया।

विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेंद्र बाजपेई ने बताया कि इस वर्ष भी डी ए वी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भवरमाल के छात्रों ने बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का नाम रोशन किया है।

छात्र-छात्राओं के परीक्षा के इस परिणाम से पालकों ने खुशियां जाहिर करते हुए बताया कि डी ए वी विद्यालय पर उनका विश्वास और भी अधिक मजबूत हुआ है।

विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।