Fri. Oct 23rd, 2026

ताजा खबरें

अवैध अफीम की खेती में बलरामपुर भी पीछे नहीं।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी विकासखंड में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद आसपास के गांवों में भी हलचल का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के घोसरा गांव स्थित चुहिदह नामक स्थान पर लगभग 5 से 6 एकड़ भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा खेतों का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों द्वारा संबंधित क्षेत्र का जायजा लिया जा रहा है और खेती से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार जिस भूमि पर अफीम की खेती होने की बात सामने आई है, उसके मालिक रुकदेव भगत और कवसल भगत बताए जा रहे हैं। यह भी जानकारी सामने आई है कि उक्त जमीन किसी बाहरी व्यक्ति को उपयोग के लिए दी गई थी, जिसके बाद वहां इस तरह की खेती किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी अवैध अफीम की खेती से जुड़ा मामला सामने आया था, जिसके बाद प्रशासन की सतर्कता और बढ़ गई है।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। क्षेत्र के लोग अब प्रशासन की आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अभाविप द्वारा जागरूकता कार्यक्रम।

रामानुजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला बलरामपुर की रामानुजगंज इकाई द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “ऋतुमति अभियान” के तहत ग्राम पुरषोत्तमपुर में जरूरतमंद छात्राओं एवं महिलाओं के बीच सैनिटरी नैपकिन का वितरण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा उनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अभाविप की छात्रा कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और छात्राओं को मासिक धर्म के समय स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही जानकारी और स्वच्छता के अभाव में कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए इस विषय पर खुलकर चर्चा करना और जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है।

नगर सह मंत्री श्रेया ठाकुर ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य समाज के स्वस्थ और समृद्ध भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने से महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
अभाविप के विकास महतो ने बताया कि परिषद समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जागरूकता लाने तथा सेवा कार्यों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर छात्रा कार्यकर्ता नीतू गुप्ता, मंजू प्रजापति, अंजलि मरावी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।

बलात्कारी शिक्षक को आरोप के आधार पर किया गया निलंबित DEO।

बलरामपुर–रामानुजगंज। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड में पदस्थ एक शिक्षक पर गंभीर आपराधिक आरोप लगने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा) सरगुजा संभाग, अम्बिकापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला बरतीकला में पदस्थ शिक्षक प्रतोष कुमार चंदेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी वाड्रफनगर तथा थाना बंसतपुर से प्राप्त पत्र और प्रथम सूचना रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत के अनुसार शिक्षक प्रतोष कुमार चंदेल पर आरोप है कि उन्होंने रात के समय एक महिला के घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया तथा घटना की जानकारी किसी को देने या शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित महिला द्वारा इस घटना की सूचना 6 मार्च 2026 को थाना बंसतपुर में दी गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 331(4) और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। इसके बाद 7 मार्च 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव ने बताया कि आरोपी शिक्षक का यह कृत्य एक शासकीय सेवक की गरिमा के विपरीत है और नैतिक पतन को दर्शाता है। साथ ही यह महिला सम्मान के भी खिलाफ है। घटना की खबर सोशल मीडिया में प्रसारित होने से विभाग की छवि भी धूमिल हुई है। उन्होंने बताया कि यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 तथा 3-ख का स्पष्ट उल्लंघन है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(ख) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान प्रतोष कुमार चंदेल का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलरामपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

रामानुजगंज में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 10 मार्च को।

बलरामपुर,जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी दी है कि जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय प्लेसमेंट कैंप का आयोजन 10 मार्च 2026 को शासकीय आई.टी.आई रामानुजगंज में किया जा रहा है। प्लेसमेंट कैंप में श्री क्वालिटी सर्विस एवं सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट कंपनी द्वारा 608 विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

जिसमें क्वालिटी इंस्पेक्टर के 50, सिक्योरिटी गार्ड के 100, सुरक्षा गार्ड के 200, सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 50, फिल्ड ऑफिसर के 2, अकाउंटेंट के 2, मार्केटिंग मैनेजर के 2, टीआरजी ऑफिसर के 2 एवं लेबर के 200 पद शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला रोजगार अधिकारी ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार रोजगार मेला/प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन वर्तमान में अनिवार्यतः ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाईन मेला/प्लेसमेंट कैम्प क्रिएट कर किया जा रहा है, इसमें अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए आधार अपडेटेड जीवित रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। जिन आवेदकों का वर्तमान में जीवित रोजगार पंजीयन नहीं हुआ है, वो ऑनलाईन रोजगार मेला/प्लेसमेंट कैम्प में आवेदन हेतु  erojgar.cg.gov.in या ई-रोजगार एप के माध्यम से पहले रोजगार पंजीयन करना सुनिश्चित करें, तत्पश्चात मेला/प्लेसमेंट कैम्प हेतु उपलब्ध कराये गए लिंक में जाकर, रोजगार पंजीयन के आधार पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर दूरभाष नंबर 96856-72368, 78312-99158 पर संपर्क किया जा सकता है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा वितरण की गई निर्धन बच्चों को होली सामग्री ।

रामानुजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की इकाई रामानुजगंज द्वारा होली पर्व के अवसर पर ग्रामीण अंचल के निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच होली सामग्री का वितरण किया गया। परिषद के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर बच्चों को रंग, गुलाल, पिचकारी एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की, ताकि वे भी उत्साह और उमंग के साथ होली का त्योहार मना सकें।

इस अवसर पर नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक इसकी खुशियां पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण त्योहार की आवश्यक सामग्री जुटाने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे में परिषद द्वारा किया गया यह सेवा कार्य सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। बच्चों की मुस्कान देखकर कार्यकर्ताओं में भी विशेष ऊर्जा और संतोष का भाव देखने को मिला। परिषद के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक, शैक्षिक एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस सेवा गतिविधि में बलरामपुर जिला के जिला संयोजक विकास महतो, नगर सह मंत्री अनूप पाल, लवकुश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा वितरण की गई निर्धन बच्चों को होली सामग्री ।

रामानुजगंज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की इकाई रामानुजगंज द्वारा होली पर्व के अवसर पर ग्रामीण अंचल के निर्धन एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच होली सामग्री का वितरण किया गया। परिषद के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर बच्चों को रंग, गुलाल, पिचकारी एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की, ताकि वे भी उत्साह और उमंग के साथ होली का त्योहार मना सकें।

इस अवसर पर नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक इसकी खुशियां पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार आर्थिक तंगी के कारण त्योहार की आवश्यक सामग्री जुटाने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे में परिषद द्वारा किया गया यह सेवा कार्य सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। बच्चों की मुस्कान देखकर कार्यकर्ताओं में भी विशेष ऊर्जा और संतोष का भाव देखने को मिला। परिषद के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक, शैक्षिक एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

इस सेवा गतिविधि में बलरामपुर जिला के जिला संयोजक विकास महतो, नगर सह मंत्री अनूप पाल, लवकुश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बलरामपुर जल जीवन मिशन की बैठक 06 मार्च को ।

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक 06 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बैठक प्रातः 11 बजे से संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न होगी, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला जल स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष राजेन्द्र कटारा करेंगे।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत जल जीवन मिशन के कार्यों की अद्यतन प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति तथा विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले जल उत्सव पखवाड़ा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने, उस पर चर्चा करने एवं अनुमोदन प्रदान करने के लिए भी विचार-विमर्श होगा।

जिला प्रशासन द्वारा समिति के सभी सदस्यों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि योजनाओं के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित किया जा सके।

मंत्री रामविचार नेताम ने विकास कार्यों की दी सौगात।

बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने ग्राम पंचायत महादेवपुर में कुल 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो प्रमुख कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 25 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा 25 लाख रुपये की लागत से पण्डो समाज के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। पुलिया निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसी प्रकार 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाला पण्डो समाज का सामुदायिक भवन सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। जहां समाज की बैठकें, सामाजिक आयोजन और अन्य कार्यक्रम संपन्न हो सकेंगे। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक भवन में समतलीकरण के लिए 5 लाख की घोषणा भी की।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पण्डो समाज जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार और कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न।

बलरामपुर, राज्य शासन के निर्देशानुसार ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के सभी विभागों एवं कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली, ई-एचआरएमएस और स्पैरो पोर्टल से संबंधित बारीकियों की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में  पारदर्शिता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

राज्य स्तर से आए मास्टर ट्रेनर विनोद देवांगन एवं निखिल साहू ने ई-ऑफिस के संचालन की तकनीकी बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ई-ऑफिस के अंतर्गत डिस्पैच, पत्राचार, नोटशीट, डिजिटल हस्ताक्षर और फाइल ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग, ई-एचआरएमएस प्रणाली के तहत अवकाश, पदस्थापना आदि का ऑनलाइन प्रबंधन, स्पैरो पोर्टल के माध्यम से वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन की प्रविष्टि और मूल्यांकन प्रक्रिया, अचल संपत्ति विवरण प्रस्तुत करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। कार्यालयीन प्रक्रियाओं को डिजिटल, पारदर्शी, त्वरित और पेपर मुक्त बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता, अभिषेक गुप्ता सहित काफी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

भंवरमाल पंचायत में पूर्व सरपंच द्वारा विकास कार्यों की राशि के कथित दुरुपयोग पर जांच समिति गठित।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम पंचायत भंवरमाल में पूर्व सरपंच श्रीमती रेवती सिंह (पति – नेपाल सिंह) के कार्यकाल के दौरान स्वीकृत विकास कार्यों की राशि के कथित दुरुपयोग को लेकर ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मामले की जांच हेतु समिति का गठन कर दिया है।

ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायत में मुख्य रूप से दो कार्यों — हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्षा निर्माण तथा हनुमान मंदिर चबूतरा निर्माण — के लिए स्वीकृत शासकीय राशि के उपयोग पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित कार्यों के लिए राशि आहरित किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हुआ है।

हाई स्कूल अतिरिक्त कक्षा निर्माण का मामला

ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2022-23 में हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्षा निर्माण के लिए स्वीकृत राशि निकाली गई थी। आरोप है कि लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है। इस संबंध में 27 दिसंबर 2024 को ग्रामीणों एवं पंचगण द्वारा कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर जांच की मांग की गई थी। शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया था कि यदि शासकीय धनराशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।

हनुमान मंदिर चबूतरा निर्माण पर भी प्रश्न।

इसी प्रकार ग्राम भंवरमाल स्थित हनुमान मंदिर के चबूतरा निर्माण हेतु स्वीकृत राशि के उपयोग को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई है। आरोप है कि राशि निकासी के बावजूद स्थल पर निर्माण कार्य प्रारंभ या पूर्ण नहीं हुआ। इस संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों ने इस विषय को आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है।

मंत्री स्तर से निर्देश

ग्रामीणों का कहना है कि मामले को क्षेत्रीय मंत्री श्री रामविचार नेताम के संज्ञान में भी लाया गया था, जिसके पश्चात 31 दिसंबर 2025 को एसडीएम रामानुजगंज को जांच टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अब तक जांच की प्रगति या निष्कर्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।

पुत्र की भूमिका को लेकर भी आरोप

शिकायत में पूर्व सरपंच के पुत्र नरेंद्र सिंह की कथित भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मामलों में उनका हस्तक्षेप रहा है तथा प्रशासनिक स्तर पर प्रभाव डालने का प्रयास किया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाए गए हैं कि संबंधित कार्यों से जुड़ी भुगतान प्रक्रिया में उनकी भूमिका रही हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

जांच समिति का गठन

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शिकायत की निष्पक्ष जांच के लिए अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है, जिसे निर्धारित अवधि में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक स्थिति

वर्तमान में मामले की जांच प्रचलित है और किसी भी प्रकार की अंतिम निष्कर्षात्मक टिप्पणी जांच पूर्ण होने के पश्चात ही संभव होगी। संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी प्राप्त नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने अपेक्षा जताई है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होगी तथा यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब सबकी निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।