Fri. Oct 23rd, 2026

2025

गढ़वा के गोदरमाना में पटाखा दुकान में भीषण धमाका, पांच की मौत, कई घायल

गढ़वा जिले के गोदरमाना में लगभग 12 बजे एक पटाखा दुकान में हुए भीषण धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना स्थानीय व्यापारी कुश कुमार की दुकान में घटी, जहां अचानक हुए धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

मिली जानकारी के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास की दीवारें गिर गईं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में दम घुटने से दुकान के मालिक कुश कुमार समेत एक ग्राहक, दो बच्चे और दुकान में काम करने वाली एक महिला की मौत हो गई। वहीं, कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के तुरंत बाद मानवता का परिचय देते हुए छत्तीसगढ़ बलरामपुर रामानुजगंज प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने बताया कि अभी धमाके के सही कारणों का पता नहीं चल सका है,

प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

पूर्व विधायक सड़क दुर्घटना में हुवे घायल।

मिली जानकारी के अनुसार भटगांव विधानसभा के पूर्व विधायक और पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ओड़गी जा रहे थे।

जानकारी अनुसार, सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के वक्त वह स्वयं वाहन चला रहे थे। दुर्घटना में उनके हाथ में चोट आई है, हालांकि उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया और आगे के इलाज के लिए अंबिकापुर रवाना कर दिया गया।

अंधविश्वास के चलते चाचा ने की भतीजी की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के छातासराई पंचायत में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के कारण एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अंधविश्वास के चक्कर में अपनी ही भतीजी की निर्मम हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राम प्रसाद नाग ने अपने छोटे भाई राजाराम नाग की तीन वर्षीय बेटी खुशी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास में इतना अंधा हो गया था कि उसने मासूम बच्ची को बलि चढ़ाने जैसा जघन्य अपराध कर डाला।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा राम प्रसाद नाग को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गांववालों का कहना है कि अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र की आड़ में इस तरह की घटनाएं पहले भी सुनने में आई हैं, लेकिन इतनी निर्दयता से किसी मासूम की बलि चढ़ाने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पुलिस व प्रशासन लोगों को अंधविश्वास से दूर रहने और जागरूक होने की अपील कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

 

मोहम्मद बख्श की गिरफ्तारी: राजनीतिक दबाव या न्यायिक प्रक्रिया।

रामचंद्रपुर के नव निर्वाचित जनपद सदस्य मोहम्मद बख्श की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी भाजपा समर्थकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और पंचायत चुनाव में धांधली के आरोपों के बाद हुई। ऐसे में यह सवाल उठना लाज़मी है कि क्या यह कार्रवाई कानून के दायरे में की गई, या फिर राजनीतिक दबाव का नतीजा है?
मोहम्मद बख्श पर आरोप है कि उन्होंने मंत्री राम विचार नेताम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इस मामले में भाजपा समर्थकों ने थाना रामानुजगंज में उनके विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा, 23 मार्च को हुए पंचायत चुनाव में उनके खिलाफ धांधली के आरोप लगाते हुए। पीठासीन अधिकारी द्वारा भी कई दिनों के बाद उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई, सवाल यह उठता है कि पीठासीन महोदय को इतने दिनों बाद याद क्यों आई जिससे यह मामला और भी पेचीदा हो गया है।
मोहम्मद बख्श की गिरफ्तारी केवल शिकायतों के आधार पर हुई या फिर इसके पीछे कोई और वजह है, यह स्पष्ट नहीं है। राजनीतिक विरोधियों द्वारा उन पर लगाए गए आरोप और फिर प्रशासन की तेजी से की गई कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। क्या यह मामला केवल कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है, या फिर इसमें राजनीतिक प्रभाव भी शामिल है?

वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा किए गए अमानवीय व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हथकड़ी लगाकर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल तक पैदल ले जाना क्या मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं है? क्या यह एक जनप्रतिनिधि के साथ न्यायोचित व्यवहार था, या फिर उनके प्रति बदले की भावना से किया गया कृत्य?

मोहम्मद बख्श की गिरफ्तारी पर राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच संतुलन की जरूरत है। अगर उनके खिलाफ आरोप सही हैं, तो कानून को निष्पक्ष रूप से काम करना चाहिए, लेकिन अगर यह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है, तो यह लोकतंत्र के लिए एक चिंताजनक संकेत है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और न्यायिक प्रक्रिया पर जनता का भरोसा बना रहे।

 

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतिम तिथि।

बलरामपुर ,भारत सरकार की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना में जिले का बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु पायलट राउण्ड 2.0 में इंटर्नशिप हेतु पंजीकरण भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के वेबसाइट पीएम इंटर्नशिप स्किम डॉट कॉम पर जारी है। पंजीयन हेतु अंतिम तिथि 12 मार्च 2025 निर्धारित है। योजना के बेहतर क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार हेतु जिले के पीएमआईएस नोडल अधिकारी एवं शासकीय पॉलीटेक्निक रामानुजगंज प्राचार्य श्री एस.पी. मिश्रा के द्वारा जिले के विभिन्न कॉलेज एवं सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के साथ ऑनलाइन विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों का पंजीयन कैसे हो इस बारे में मार्गदर्शन कर विस्तृत रूप से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पंजीयन के दौरान किसी भी समस्या के त्वरित निराकरण हेतु शासकीय पॉलीटेक्निक कालेज रामानुजगंज के व्याख्याता श्री उमा शंकर यादव मोबाईल नम्बर 93034-62536 को अधिकृत किया गया है। श्री एस.पी. मिश्रा ने जिले के सभी युवाओं को इस योजना में रजिस्ट्रेशन कराने हेतु आव्हान किया है तथा अभ्यर्थी पंजीयन के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिये 12 मार्च 2025 से पहले शासकीय पॉलीटेक्निक रामानुजगंज में संपर्क कर सकते है।

झारखण्ड ले जा रहे भैंसों को जप्त कर आरोपियों को भेजा गया जेल।

जिला बलरामपुर, अनुविभागीय अधिकारी कुसमी के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए चार भैंसों को जप्त कर आरोपियों को भेजा गया जेल।

आरोपीगण 1. सरफुद्दीन उर्फ बंग्लू पिता फजलहक उम्र 50 वर्ष साकिन कुसमी थाना कुसमी जिला बलरामपुर रा.गंज 2. इस्लामउद्दीन अंसारी पिता स्व. रहीमबकस मिया उम्र 55 वर्ष साकिन सेमरा थाना चैनपुर जिला पलामू झारखण्ड 3. इनायत अंसारी पिता अजमेर अंसारी उम्र 40 वर्ष साकिन बीरबांध थाना गढ़वा झारखण्ड 4.शेखर पैकरा पिता मगजू पैकरा उम्र उम्र 40 वर्ष साकिन जिगनिया थाना कुसमी जिला बलरामपुर – रा. ग, 5. जगदीश पैकरा पिता स्व. जयना उम्र 59 वर्ष साकिन जिगनिया थाना कुसमी जिला बलरामपुर-रा.गंज छ.ग. को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है । मामले की कार्यवाही में उप निरीक्षक

डाकेश्वर सिंह, प्र. आर. प्रांजुल कश्यप, आर. धीरेन्द्र चंदेल का सराहनीय योगदान रहा।

लापरवाही व कोताही बर्दाश्त नहीं जिला कलेक्टर

कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष श्री राजेंद्र कटारा ने
कार्यपालन अभियंता को निर्देश देते हुए कहा कि जो ठेकेदारी रेडिमेड कार्य में कोताही बरत रहे है उन्हें ब्लैक लिस्टेड करें तथा ऐसे ठेकेदार जिनकी कार्य में रूची नहीं है उनका अनुबंध निरस्त किया जाए साथ ही शासकीय कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा पहुंचाने वाले के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करें।

नल जल योजना बना नल छल योजना

कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में वाड्रफनगर एवं रामानुजगंज विकासखंड में कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए सब इंजीनियरों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभाग द्वारा तकनीकी स्वीकृति, प्रशासकीय मंजूरी पर अनुमोदन सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, पीएचई कार्यपालन अभियंता श्री पंकज जैन सहित सदस्यगण व ठेकेदार उपस्थित थे।

जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का किया गया आयोजन

बलरामपुर, राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर के निर्देशन में जिले में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एन.मिश्र एवं जिला मिशन समन्वयक श्री राम प्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में जिला ग्रंथालय में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में जिले के 06 विकासखण्ड से चयनित कुल 18 विद्यार्थियों ने सहभागीेता दी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में गणित एवं विज्ञान से संबंधित मौखिक, लिखित एवं क्रिएटिव गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता कराया गया। जिसमें विकासखण्ड बलरामपुर के माध्यमिक शाला दलधोवा की कुमारी प्रतिमा यादव ने प्रथम स्थान, विकासखण्ड शंकरगढ़ के कन्या माध्यमिक शाला की कुमारी काजल पैकरा ने द्वितीय स्थान एवं विकासखण्ड कुसमी के विश्वकर्मा माध्यमिक शाला चान्दो के राहुल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों को मोमेंटो, स्कूल बैग, मेडल एवं प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्री राम प्रकाश जायसवाल के द्वारा बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए ग्रामीण अंचल के बच्चों को अपने प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ए.पी.सी. श्री आनन्द प्रकाश गुप्ता, श्री शिवकुमार उपाध्याय, जिला ग्रंथालय प्रभारी श्री राजकुमार शर्मा एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

हीरामुनि निकुंज बनी अध्यक्ष,वहीं धीरज सिंह देव उपाध्यक्ष।

बलरामपुर जिले में भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्विरोध चयन पर हर्ष की लहरब

लरामपुर जिले में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की बड़ी जीत के साथ ही जिले में खुशी का माहौल है। हाल ही में हुए जिला पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्रीमती हीरामुनि निकुंज को जिला पंचायत अध्यक्ष चुना गया, वहीं धीरज सिंह देव को निर्विरोध जिला पंचायत उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके इस शानदार निर्वाचन पर पूरे जिले में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई है।

भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह

श्रीमती हीरामुनि निकुंज और धीरज सिंह देव की जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक क्षण को पार्टी की नीतियों और संगठन की मजबूत रणनीति का परिणाम बताया। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि भाजपा सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों को देखते हुए जनता ने एक बार फिर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों पर विश्वास जताया है।

नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और जिले के गणमान्य नागरिकों ने दोनों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पदीय कार्यों में स्वेच्छाचारिता बरतने पर निलंबित

बलरामपुर जिले में , विकासखण्ड वाड्रफनगर के तहसील रघुनाथनगर अंतर्गत पटवारी  पन्नेलाल सोनवानी के द्वारा पदीय दायित्वों में स्वेच्छाचारिता बरतने एवं छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 (1) (2) (3) एवं नियम 23 (क) (ख) (ग) के उल्लंघन के फलस्वरूप मिली जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर के द्वारा श्री सोनवानी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9(1) (क) के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित कर इनका मुख्यालय तहसील कार्यालय वाड्रफनगर में नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।