Fri. Oct 23rd, 2026

July 2026

गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट एवं बाल अधिकारों की दी गई जानकारी

बलरामपुर रामानुजगंज महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा  ग्राम सनावल स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को पाक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्राओं को पाक्सो अधिनियम के प्रावधानों एवं बाल अधिकारों से अवगत कराते हुए किसी भी प्रकार के शोषण अथवा असुरक्षित स्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। साथ ही गुड टच एवं बैड टच की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा लैंगिक समानता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस दौरान बाल विवाह, बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इनके उन्मूलन में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्य एवं बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के महत्व की जानकारी भी साझा की गई।

राजस्व, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य की गहन समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

बलरामपुर, रामानुजगंज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सेवा सेतु से जुड़ी प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति लाकर जिले की रैंकिंग बेहतर बनाए। कलेक्टर ने पीजी पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेते हुए सभी विभागों को शिकायतों एवं आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर. एस. लाल,चेतन बोरघरिया, आर.एन. पाण्डेय, सहित सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

अभाविप, रामानुजगंज की नवीन नगर कार्यकारिणी घोषित, सत्यम प्रजापति बने नगर मंत्री।

रामानुजगंज, विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की रामानुजगंज नगर इकाई की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा सोमवार को अभाविप कार्यालय, महामाया मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अभाविप के जिला संयोजक श्री विकाश महतो उपस्थित रहे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं आगामी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं समाजहित में निरंतर कार्य करती है। सभी नवदायित्वधारी कार्यकर्ताओं से अपेक्षा है कि वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सत्यम प्रजापति को रामानुजगंज नगर इकाई का नगर मंत्री घोषित किया गया। साथ ही संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं को भी विभिन्न दायित्व प्रदान किए गए। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में रामानुजगंज नगर इकाई संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।

 

पारिवारिक विवाद में शिक्षक की धारदार हथियार से हत्या, क्षेत्र में सनसनी

रामानुजगंज,तिरकुंडा। पारिवारिक विवाद ने सोमवार सुबह एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब एक शिक्षक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधानगर निवासी शिक्षक जयकरण सिंह सोमवार सुबह अपनी बाइक से विद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे एक रिश्तेदार ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर शिक्षक के चाचा का बेटा है। उसने शिक्षक की गर्दन पर वार किया, जिससे जयकरण सिंह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक जयकरण सिंह ग्राम कुम्हियापारा, धमनी के निवासी थे। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक एवं घरेलू विवाद कारण हो सकता है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त सजा दी जानी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त वर्षा प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता।

बलरामपुर, रामानुजगंज जिले में विकासखंड राजपुर के ग्राम मांकड़ और उफिया के बीच स्थित निर्माणाधीन पुल लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की।
तहसीलदार श्रीमती कावेरी मुखर्जी, डॉ. फिरोज, संबंधित पटवारी सहित प्रशासनिक अमला ग्राम माकड़ पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर हालात की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्राप्त जानकारी अनुसार गांव में पेयजल, राशन एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा माकड़ गांव से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से ग्राम के निकट अलखडीह एवं जिगड़ी उपस्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध हैं, जहां आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सकती है।
साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त पुल के समीप जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले में वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 3 वाहनों पर की गई चालानी कार्रवाई।

बलरामपुर, रामानुजगंज जिले में सड़क सुरक्षा, यात्री सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। ताकि ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों पर सवारी तथा स्कूली वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
इसी कड़ी में वाड्रफनगर क्षेत्र में संयुक्त जांच के दौरान मालवाहक के रूप में पंजीकृत दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ले जाते पाए जाने पर उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 5,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही रामानुजगंज क्षेत्र में जांच के दौरान एक स्कूल वैन में परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 5,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। उक्त कार्यवाही के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर कुल 10,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही वाहन चालकों को सभी सुरक्षा मानकों एवं परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने समझाईष दी गई।

आईटीआई रामानुजगंज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 24 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन।

रामानुजगंज। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) रामानुजगंज में प्रशिक्षण सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। संस्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विभिन्न ट्रेडों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु 17 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 24 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे।
संस्थान के प्राचार्य के अनुसार अभ्यर्थी स्वयं अथवा निकटतम लोक सेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से विभागीय वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश विवरणिका-2026 का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
संस्था के अनुसार ऑनलाइन आवेदन के बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार दस्तावेजों का सत्यापन, प्रवेश आवंटन एवं संस्थान स्तर पर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग द्वारा जारी अस्थायी काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जुलाई एवं अगस्त माह में विभिन्न चरणों में प्रवेश कार्य संपादित होंगे।
संस्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रवेश से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा तकनीकी सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रामानुजगंज से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही सभी इच्छुक युवाओं से समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि वे तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकें।

बलरामपुर डीईओ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो प्रयोगशाला सहायकों को किया निलंबित।

बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने शासकीय स्कूलों में अनुशासनहीनता के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। विकासखंड वाड्रफनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में पदस्थ दो प्रयोगशाला सहायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रयोगशाला सहायक विजय कुमार यादव तथा अवधेश प्रसाद यादव पर विद्यालय के प्राचार्य एवं एक व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार और मर्यादा के विपरीत आचरण करने का आरोप है। जांच प्रतिवेदन में यह उल्लेख किया गया कि दोनों कर्मचारियों के व्यवहार से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच अनुशासन एवं शासकीय सेवा की गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने मामले को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में विजय कुमार यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय वाड्रफनगर तथा अवधेश प्रसाद यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी की इस सख्त कार्रवाई को शिक्षा विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता, अमर्यादित व्यवहार अथवा शासकीय सेवा की गरिमा के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर के निर्देश पर स्कूलों में विद्यार्थियों को मिल रही आय, जाति प्रमाण-पत्र।

बलरामपुर, रामानुजगंज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले के विद्यार्थियों को समय पर जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है इसी कड़ी में मंगलवार को विकासखंड शंकरगढ़ के विभिन्न विद्यालयों में शिविर आयोजित किया गया। जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरतपुर में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर में राजस्व विभाग के पटवारी, शिक्षा विभाग के संकुल समन्वयक, शिक्षक एवं विद्यार्थियों के पालकों की उपस्थिति में आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। शिविर में लगभग 34 प्रमाण पत्र बनाया गया। साथ ही शेष आवेदनों पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
कलेक्टर के निर्देशन में प्रशासन द्वारा ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति एवं प्रवेश संबंधी कार्यों में समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो सकें।

श्री राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन।

बलरामपुर–रामानुजगंज। श्री राम मंदिर अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को रामानुजगंज में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यदि मंदिर के चढ़ावे अथवा वित्तीय लेन-देन में किसी प्रकार की कथित अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की सच्चाई सार्वजनिक करने तथा धार्मिक संस्थानों की वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कथित वित्तीय अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि आम लोगों का विश्वास कायम रहे।
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता, मोहन सिंह, समीर सिंह देव, देवनारायण मरावी, मोनिश अब्दुल्ला, रामदेव जागते, अजय सोनी, अजय गुप्ता, अशोक जायसवाल, मोहम्मद बख्श, व्यास मुनि यादव, अशोक गोंड़, सनोज दास, प्रतीक सिंह, प्रेम सागर सिंह, चंदेश्वर यादव, ज्ञानती गुप्ता, रूपवंती जायसवाल, सुधा जायसवाल, अजय यादव, कृष्ण सिंह, जयलाल यादव, विकास दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी मांगों को दोहराया और पूरे मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।