Fri. Oct 23rd, 2026

September 2026

सास-दामाद की लव स्टोरी: 21 साल के दामाद पर आया सास का दिल,

मैनपुरी। सास और दामाद के कथित प्रेम संबंध का मामला सामने आने के बाद परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के विरोध और समझाइश के बावजूद महिला और युवक एक-दूसरे से अलग होने को तैयार नहीं हैं। दोनों ने साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई है। मामला बढ़ने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस दोनों की काउंसिलिंग कर रही है।
सूत्रों से जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर में महिला की बहन की बेटी की शादी करीब दो वर्ष पहले दूसरे मोहल्ले के 19 वर्षीय युवक से हुई थी। शादी के बाद युवक का अपनी ससुराल के साथ-साथ अपनी मौसिया सास के घर भी आना-जाना था। इसी दौरान महिला और युवक के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात परिवार के सामने आई। परिजनों के अनुसार, करीब छह माह पहले दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध शुरू हुआ।
मामले की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को होने के बाद उन्होंने दोनों को समझाने का प्रयास किया। महिला के पांच बच्चों को भी जब कथित संबंध की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद परिवार में विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि परिवार और पंचायत स्तर पर समझाइश के बावजूद दोनों अपने फैसले पर कायम रहे।

परिजनों के अनुसार, महिला और युवक दोनों साथ रहने तथा शादी करने की इच्छा पर अड़े हुए हैं। युवक ने पुलिस के समक्ष भी महिला के साथ रहने की बात कही है। बताया जा रहा है कि युवक महिला के पांचों बच्चों को भी साथ रखने के लिए तैयार है।
मामले को लेकर परिजनों द्वारा पुलिस से संपर्क किए जाने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया के मुताबिक, महिला और उसकी बहन के दामाद के बीच कथित प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा दोनों की काउंसिलिंग की जा रही है और परिवार के सदस्यों को भी समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े लोगों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पुलिस की काउंसिलिंग और पारिवारिक समझाइश के स्तर पर है।

नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ी अब कर सकते हैं ऑनलाइन नामांकन

बलरामपुर, रामानुजगंज स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार इंस्पायर-अवार्ड मानक (INSPIRE-MANAK) योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत नामांकन आमंत्रित करने की अंतिम तिथि सक्षम प्राधिकारी द्वारा बढ़ाई गई है। अब इच्छुक विद्यालय 10 अक्टूबर 2026 तक विद्यार्थियों के नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे।

इंस्पायर-मानक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर नवाचार की प्रतिभा को पहचानना एवं प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से छात्र-छात्राओं की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा नवाचार क्षमता को विकसित किया जाता है, जिससे प्रतिभाओं की पहचान होकर राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सुनिश्चित हो सके।

जिला शिक्षा विभाग ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय प्रमुखों से आग्रह किया है कि वे अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों एवं नवाचारी परियोजनाओं का नामांकन निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, जिससे जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थी इस राष्ट्रीय स्तर की योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। विद्यार्थियों को भी समय पर नामांकन कराकर अपनी नवाचार की सोच को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया है।

स्वास्थ्य शिक्षा की नई नींव, मंत्री बोले, अब जिले में ही तैयार होंगे स्वास्थ्य सेवा के सिपाही।

बलरामपुर, रामानुजगंज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय बलरामपुर में नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन हुआ। प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन की आधारशिला रखी। 60 सीटों वाले इस महाविद्यालय का भवन मरियम पारा में आवंटित 2 एकड़ 80 डिसमिल भूमि पर बनेगा। यह पहल जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नेताम ने कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय बनने से जिले में चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। अब तक यहां के विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जबकि अब यह अवसर उन्हें अपने ही जिले में मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षित युवा सीधे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ेंगे और ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों तक बेहतर उपचार पहुंचाने में सहभागी बनेंगे। मंत्री श्री नेताम ने नर्सिंग को मानवता की सेवा का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय जिले की बेटियों और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के साथ समाज सेवा का अवसर भी देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर विस्तार का उल्लेख किया और इस पहल को सेवा संकल्प की भावना का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति श्री ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री धीरज सिंहदेव और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्री गौतम सिंह, श्री गोपाल मिश्रा, श्री अजीत सिंह, श्री विजय प्रताप सिंह, श्रीमती स्वर्णलता प्रीतम, श्री मुकेश गुप्ता और श्री एस.एन. चौबे सहित गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। स्वास्थ्य विभाग सीएमएचओ डॉ. विजय सिंह व अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू हुई यह पहल जिले की बेटियों के स्वावलंबन और सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत नींव बनेगी।

नवोदय के नन्हे आविष्कारकों से मिलीं कलेक्टर: अटल टिंकरिंग लैब के शुभारंभ

बलरामपुर,पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, टांगरमहरी में आज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) और मल्टी-फाउंडेशनल स्किल लैब का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए तकनीकी और वैज्ञानिक मॉडलों का एक-एक कर अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने रेन डिटेक्टर, स्मार्ट डस्टबिन, लेजर सिक्योरिटी सिस्टम, वायरलेस पावर ट्रांसफर, टच सेंसर, क्लैप सर्किट, डिजिटल मल्टीमीटर, आर्डुइनो आधारित ऑब्स्टेकल डिटेक्शन सिस्टम और ऑडिटरी रोबोट जैसे उपयोगी प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से पूछा कि उन्होंने ये मॉडल किस समस्या को ध्यान में रखकर बनाए हैं और ये कैसे काम करते हैं। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता बताई। जनहित से जुड़े इन नवाचारों से प्रभावित होकर कलेक्टर ने बच्चों को भविष्य का वैज्ञानिक बताया और उनकी खुले मन से सराहना की।

लैब शुभारंभ के बाद कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। प्राचार्य ने सत्र 2025-26 की प्रगति, शिक्षकों व स्टाफ की स्थिति और परीक्षा परिणाम की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एम आर यादव, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ श्री अजय कुर्रे, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य, पालक प्रतिनिधि, समिति के सदस्य और विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

विद्यालय में125 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा।

बलरामपुर रामानुजगंज,छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायपुर के निर्देशन में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बलरामपुर में ओजोन परत संरक्षण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर निबंध, चित्रकला, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें 125 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

निबंध प्रतियोगिता में मनीषा कुमारी प्रथम, रोशनी द्वितीय और सुमन तृतीय रहीं। चित्रकला में आरती सिंह एवं पायल सिंह ने संयुक्त रूप से प्रथम, प्राजंलि एवं जाहनेआरा ने द्वितीय तथा ज्योति प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अरविंद यादव ने बाजी मारी, जबकि लकी राम दूसरे और प्रमिला तीसरे स्थान पर रहीं। क्विज में भी मनीषा कुमारी ने पहला स्थान हासिल कर दोहरी सफलता अर्जित की। इस स्पर्धा में पूजा सिंह द्वितीय और प्रमिला सिंह तृतीय रहीं।

संस्था के प्राचार्य श्री चंद्रशेखर प्रसाद गुप्ता और प्रभारी श्री रविशंकर श्रीवास ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने और ओजोन परत की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी को गिरफ्तार भेजा गया जेल।

बलरामपुर-रामानुजगंज वन विभाग द्वारा अवैध वनोपज के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वनपरिक्षेत्र बलरामपुर की टीम ने अवैध रूप से साल चिरान का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाहन क्रमांक CG30D1479 की जांच के दौरान उसमें साल प्रजाति के चिरान के 07 नग, जिसकी मात्रा लगभग 0.141 घनमीटर बताई गई, अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया। वन विभाग की टीम ने वाहन सहित वनोपज को जब्त कर लिया।
मामले में वन विभाग द्वारा वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22044/11, दिनांक 15.09.2026 दर्ज करते हुए भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई। प्रकरण में मदन गुप्ता पिता स्व. रामकेवल गुप्ता एवं आयुष गुप्ता पिता मदन गुप्ता, दोनों निवासी बलरामपुर थाना-रामानुजगंज, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।
वन-पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
उक्त प्रकरण की जब्ती एवं कार्रवाई के दौरान बलरामपुर पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई में प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना (रा.व.से.), उपवन परिक्षेत्राधिकारी दुर्गाल,  रामकुमार यादव, वनपाल श्री रामलाल यादव, वनरक्षक श्री अजीत कुमार, श्री शिखाराम सिंह, श्री प्रणय चंद्र वनरक्षक, श्री राजेश्वर राम वनरक्षक एवं श्री संजीव सिंह वनरक्षक सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनों से अवैध कटाई, वनोपज के अवैध परिवहन एवं वन संपदा के दोहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी को गिरफ्तार भेजा गया जेल।

बलरामपुर-रामानुजगंज वन विभाग द्वारा अवैध वनोपज के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वनपरिक्षेत्र बलरामपुर की टीम ने अवैध रूप से साल चिरान का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाहन क्रमांक CG30D1479 की जांच के दौरान उसमें साल प्रजाति के चिरान के 07 नग, जिसकी मात्रा लगभग 0.141 घनमीटर बताई गई, अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया। वन विभाग की टीम ने वाहन सहित वनोपज को जब्त कर लिया।

मामले में वन विभाग द्वारा वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22044/11, दिनांक 15.09.2026 दर्ज करते हुए भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 41 एवं 52 तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई। प्रकरण में मदन गुप्ता पिता स्व. रामकेवल गुप्ता एवं आयुष गुप्ता पिता मदन गुप्ता, दोनों निवासी बलरामपुर थाना-रामानुजगंज, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।

वन-पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

उक्त प्रकरण की जब्ती एवं कार्रवाई के दौरान बलरामपुर पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई में प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी बलरामपुर निखिल सक्सेना (रा.व.से.), उपवन परिक्षेत्राधिकारी दुर्गाल, रामकुमार यादव, वनपाल श्री रामलाल यादव, वनरक्षक श्री अजीत कुमार, श्री शिखाराम सिंह, श्री प्रणय चंद्र वनरक्षक, श्री राजेश्वर राम वनरक्षक एवं श्री संजीव सिंह वनरक्षक सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनों से अवैध कटाई, वनोपज के अवैध परिवहन एवं वन संपदा के दोहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गणेश विसर्जन सूर्यास्त से पूर्व कराने,तथा स्थलों पर गोताखोर तैनात रखने के निर्देश।

बलरामपुर, रामानुजगंज कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून व्यवस्था, जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर संबंधित विभागों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव, अपर कलेक्टर श्री आर.एन. पाण्डेय, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गणेश उत्सव एवं विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पंडाल स्थलों पर सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए, जिससे भीड़ की स्थिति प्रभावी रूप से नियंत्रित रह सके। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों से शांति समिति की बैठकों की जानकारी ली और कहा कि विसर्जन यथासंभव सूर्यास्त से पूर्व सुनिश्चित किया जाए। विसर्जन स्थलों पर राजस्व एवं पुलिस अमले की मॉनिटरिंग के साथ गोताखोरों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। स्वयंसेवकों तथा पंडाल समितियों के पदाधिकारियों के संपर्क नम्बर संधारित रखने और विसर्जन के उपरांत जल स्रोतों की सफाई कराने का दायित्व नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव ने निरंतर गश्त, सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने तथा राजस्व एवं पुलिस अमले के मध्य बेहतर समन्वय पर बल दिया।
एनकॉर्ड समिति की बैठक में जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में अवैध शराब, गांजा तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों के व्यापार, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नशा एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि संपूर्ण परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। उन्होंने पुलिस एवं आबकारी विभाग को ‘‘जीरो टॉलरेंस’’ नीति अपनाते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों तथा संदिग्ध ठिकानों पर सतत चेकिंग एवं संयुक्त छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए। ड्रग इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण का दायित्व देते हुए कहा गया कि चिकित्सकीय पर्चे के बिना नशीली अथवा प्रतिबंधित दवाओं का विक्रय करने वालों पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकतानुसार लाइसेंस निलंबित किए जाएं। शाला, महाविद्यालय एवं कोचिंग संस्थानों के आसपास तंबाकू सहित नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से सेमिनार, रैली और कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों की काउंसलिंग एवं पुनर्वास व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी तथा ड्रग इंस्पेक्टर सहित समिति के सदस्य शामिल हुए।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सुरक्षा मानकों के अनुपालन, वाहन जांच, चालकों के प्रशिक्षण एवं सड़क संकेतकों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित वाहन जांच, प्रशिक्षित चालक, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन और आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता अनिवार्य है। उन्होंने वाहन चालकों तथा आम नागरिकों के मध्य सतत जागरूकता अभियान संचालित करने और सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ आवश्यक उपाय क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने की आत्महत्या, दो आरोपी गिरफ्तार।

सनावल। बलरामपुर रामानुजगंज जिला अंतर्गत थाना सनावल क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में थाना सनावल में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 80, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को एक नवविवाहिता दोपहर करीब 2 बजे घास काटने के लिए पियाह नाला की ओर गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की। इसी दौरान गांव के समीप स्थित एक बाउली (छोटे तालाब) में झगड़ डालकर तलाश करने पर वह पानी में फंसी हुई मिली। घटना की सूचना थाना सनावल में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की।

मर्ग जांच के दौरान परिजनों एवं अन्य गवाहों के कथन दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई कि शादी के करीब एक माह बाद से ही दहेज में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी नहीं दिए जाने की बात को लेकर मृतिका को कथित तौर पर पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा विवाद और मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस जांच के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने 9 सितंबर को गांव के दीवाकर यादव के खेत के समीप स्थित बाउली में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सनावल में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने दिलीप कुमार यादव (26), पिता सुरेश यादव तथा सुरेश यादव (53), पिता विंधेश्वर यादव, दोनों निवासी ग्राम सेमरवा, थाना सनावल, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराने के बाद 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

समस्त कार्रवाई में एसडीओपी बाजीलाल सिंह, थाना प्रभारी सनावल निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज, सउनि गौटिया राम मरावी, सउनि कपिल साय, आरक्षक क्रमांक 257 प्रेमलाल कुजूर एवं आरक्षक क्रमांक 766 अमृत सोनवानी का विशेष योगदान रहा।

सेवा संकल्प कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम

रघुनाथनगर,बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रघुनाथनगर मंडल में सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं जिले से नियुक्त मंडल प्रभारी एवं भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शैलेश गुप्ता, सह प्रभारी रामकुमार कुशवाहा सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल प्रभारी शैलेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा के संकल्प के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ एवं मंडल स्तर तक सेवा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर कार्यकर्ता अपने घरों के साथ-साथ क्षेत्र में निवासरत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों एवं आम नागरिकों के घरों में दीप प्रज्वलित करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
शैलेश गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क कर उनके अनुभवों को सामने लाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए उनके छोटे-छोटे वीडियो संदेश तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने की अपील की।
उन्होंने मंडल एवं बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने और प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में हुए विकास कार्यों एवं केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के वीडियो संदेश तैयार करने तथा बेहतर एवं प्रभावी वीडियो बनाने वाले कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने की जानकारी दी।

विधायक के संबोधन से बढ़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से मनाना भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा एवं जनसंपर्क से जुड़े सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। विधायक के उद्बोधन से कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
बैठक के दौरान आगामी एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई तथा मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, लाभार्थी संपर्क, सेवा गतिविधियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने सहित विभिन्न कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने पर चर्चा हुई।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष शोभारण कुशवाहा, महामंत्री विनोद जायसवाल, महामंत्री नारद मुनि, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अतुल उपाध्याय, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रवीना गुर्जर, संदीप जायसवाल, देवेंद्र साहू, रजनीकांत जायसवाल, अनिता जायसवाल, रामकुमार जायसवाल सहित वरिष्ठ भाजपा नेता रामनारायण साहू, शंकर जायसवाल, चन्द्रकेत जायसवाल, किशुन प्रसाद देवांगन, कांति सिंह, नर्बदा सिंह, राजेंद्र राही उपस्थित रहे।
इसके अलावा पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवान दास केशरी, पूर्व महामंत्री राजकिशोर शुक्ला, रविचंद्र कुशवाहा, सोशल मीडिया प्रभारी चन्द्रकांत साहू, देवेंद्र साहू, बेचन कुशवाहा, ललित साहू, राजेंद्र साहू, सुरेश वर्मा सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रामकुमार जायसवाल ने किया, जबकि मीडिया संकलन का दायित्व मीडिया प्रभारी चंद्रकेतु जायसवाल ने निभाया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाने का निर्णय लिया।