Fri. Oct 23rd, 2026

ताजा खबरें

कनहर नदी के जल प्रवाह रोकने वालों पर सख्ती, संयुक्त टीम ने कि कई मोटर जब्त।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कनहर नदी के जल प्रवाह को अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज के मार्गदर्शन में तहसीलदार, नगरपालिका, जल संसाधन विभाग (WRD), पंचायत एवं विद्युत विभाग की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान विद्युत अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज किए गए तथा नदी से अवैध रूप से पानी खींचने में उपयोग हो रही कई मोटर पंप जब्त किए गए।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ग्रामीण क्षेत्र के कुछ लोग गर्मी के मौसम में फसल सिंचाई के लिए कनहर नदी का जल प्रवाह रोक रहे हैं। इसके लिए अस्थायी बांध बनाकर पानी को रोक लिया जाता है, जिससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो रहा है। इसका सीधा असर रामानुजगंज नगर की पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। जल स्तर घटने से शहर में जल संकट गहराने लगा है, वहीं पशुओं को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
कलेक्टर ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सख्त निर्देश जारी किए थे कि नदी के प्रवाह में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों के बाद गठित टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण किया और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों मे विशेष ग्राम सभा।

बलरामपुर,रामानुजगंज अनुसूचित क्षेत्र की ग्रामसभा (गठन सम्मिलन की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन) नियम 1998 के नियम 06 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष 24 अप्रैल 2026 को ग्राम सभा आयोजन करने के निर्देश दिये हैं।
छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 6 (2) (क) के तहत् गणपूर्ति के साथ-साथ ग्राम सभा में सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति करवाने का दायित्व सचिव, सरपंच एवं पंच का होगा। ग्राम सभा की कार्यवाही छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 129 ख (3) (4) अनुसार संचालित होगी। ग्राम सभा की बैठक में उप मुख्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के रिकार्डेड ऑडियो संदेश का श्रवण, ग्राम संपदा ऐप में ग्राम के समस्त परिसंपत्तियों के अपलोड किये जाने का संकल्प एवं वाचन, ग्राम को स्वच्छ बनाने हेतु संकल्प, मोर गांव-मोर पानी अंतर्गत जल संरक्षण के प्रयासों पर चर्चा, लखपति दीदियों को सम्मानित तथा जनगणना 2027 के संबंध में सभी ग्रामवासियों को आवश्यक जानकारी एवं स्व-गणना तथा जनगणना प्रगणकों को आवश्यक सहयोग किये जाने पर चर्चा किया जाएगा।

जल संरक्षण से खेती के लिए साल भर मिल रही सिंचाई सुविधा।

बलरामपुर,रामानुजगंज जिले के राजपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत उफिया में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत सुई थोपा नाला पर बना चेकडैम ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। चेकडैम जल संरक्षण का माध्यम बनने के साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
चेक डैम के निर्माण से वर्षा जल का संरक्षण संभव हुआ है, जिससे क्षेत्र में भू-जल स्तर में वृद्धि हुई है। पहले जहां पानी की कमी के कारण किसान सीमित खेती कर पाते थे, वहीं अब सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। मनरेगा के अंतर्गत इस निर्माण कार्य में स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार मिला, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
चेकडैम से लगभग 16 एकड़ कृषि भूमि सिंचित हो रही है, जिससे 7 किसान सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं और गेंहू, सरसों, मक्का, धान, सब्जियां जैसे बहुफसली खेती कर आय अर्जित कर रहे हैं। साथ ही आस-पास के लगभग 25 से 30 अन्य किसान भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। सिंचाई सुविधा मिलने से किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर बहुफसली खेती अपना रहे हैं। चैक डेम बनने के पश्चात जल संरक्षण से किसानों के साथ-साथ मवेशियों को भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है।

शिक्षा विभागकी बड़ी कार्रवाई निजी स्कूलों में हड़कंप।

शिक्षा विभाग ने बिना मान्यता संचालित एक निजी स्कूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान सामने आया कि अंबिकापुर में स्वरंग एकेडमी” नामक स्कूल बिना किसी सरकारी मान्यता के संचालित किया जा रहा था। यह खुलासा प्रशासन के लिए भी चौंकाने वाला रहा, क्योंकि लंबे समय से स्कूल में बच्चों का प्रवेश और पढ़ाई जारी थी।
मामले की प्रारंभिक जांच में स्कूल की प्राचार्या ने आरोपों को निराधार बताते हुए किसी भी अनियमितता से इनकार किया था। हालांकि, जब विभागीय टीम ने दस्तावेजों और संचालन प्रक्रिया की गहन जांच की, तो सच्चाई सामने आ गई। जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल प्रबंधन ने कुछ मामलों में बच्चों को प्रवेश देने से मना करने की बात स्वीकार की, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
शिक्षा विभाग ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल संचालक पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही, स्कूल के संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद विभाग ने जिले के अन्य निजी स्कूलों की भी जांच शुरू कर दी है। मान्यता, फीस संरचना और संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं को रोका जा सके। इस घटना के बाद अभिभावकों और आम लोगों के मन में शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

पीएटी-2026 के माध्यम से उद्यानिकी एवं वानिकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर।

बलरामपुर,प्रदेश में उद्यानिकी एवं वानिकी विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित प्री एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी) 2026-27 के माध्यम से महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग में संचालित बी.एससी. ऑनर्स उद्यानिकी एवं बी.एससी. ऑनर्स वानिकी के चार वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। पीएटी परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए इच्छुक विद्यार्थी 27 अप्रैल 2026 तक व्यावसायिक परीक्षा मंडल के वेबसाइट में जाकर आवेदन कर सकते है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश पूर्णतः पीएटी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश हेतु व्यापम द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
बी.एससी. ऑनर्स उद्यानिकी पाठ्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय से संबद्ध 16 शासकीय एवं 3 निजी महाविद्यालयों में कुल 1240 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं बी.एससी. ऑनर्स वानिकी पाठ्यक्रम हेतु 1 महाविद्यालय में 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा संचालित इन पाठ्यक्रमों में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जाता है। वर्तमान में उद्यानिकी एवं वानिकी क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, विशेषकर फल, सब्जी, पुष्प उत्पादन, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती तथा वन संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्रों में विशेषज्ञों की मांग निरंतर बढ़ रही है।
जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर व्यापम के अधिकृत पोर्टल vyapamcg.cgstate.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर परीक्षा में सम्मिलित हों एवं इस अवसर का लाभ उठाएं।

एक अधिकारी कई कार्यालय की जिम्मेदारी लगे भ्रष्टाचार के आरोप।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जल संसाधन विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें विभाग के एक अधिकारी पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लग ते रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जल संसाधन विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता सुजीत कुमार गुप्ता, जिनका मूल पदस्थापन पेंड्रा-मरवाही में बताया जाता है, वर्तमान में बलरामपुर में पदस्थ हैं। आश्चर्य की बात यह है कि उन्हें यहां एक से अधिक कार्यालयों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

सूत्रों के अनुसार, रामानुजगंज में पदस्थ कार्यपालन अभियंता द्वारा भी उन्हें अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि उनके कार्यकाल के दौरान कई बार भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

विभाग के एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुजीत कुमार गुप्ता द्वारा किए गए कथित भ्रष्टाचार के कई प्रमाण मौजूद हैं। आरोप है कि वर्ष 2022-23 में उन्होंने फर्जी तरीके से चपरासी बनकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बलरामपुर से लाखों रुपये का गबन किया। इतना ही नहीं, वर्तमान समय में भी कार्यपालन अभियंता के साथ मिलकर लगभग 20 लाख रुपये के गबन का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।

इस पूरे मामले ने विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे विभाग की छवि और अधिक खराब हो सकती है। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

रामानुजगंज वन वाटिका में आब देनी होगी शुल्क।

वन वाटिका रामानुजगंज में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नौका विहार का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क का भी शुभारंभ किया, जिससे क्षेत्रवासियों एवं बच्चों में हर्ष का माहौल है।
मंत्री नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकास केवल पुल, पुलिया एवं भवन निर्माण तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह लोगों की आवश्यकताओं एवं समय के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार से जुड़ा होता है।
वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी ने कहा कि वन वाटिका रामानुजगंज एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है, जहां प्रशासन क्षेत्र के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि यहां नौका विहार का शुभारंभ किया गया है तथा आगामी समय में कार्ययोजना के तहत इसका विस्तारीकरण किया जाएगा, जिससे राज्य के पर्यटन मानचित्र पर इस स्थल को विशेष पहचान दिलाने का प्रयास रहेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस क्षेत्र का कुल रकबा लगभग 250 हेक्टेयर है, जिसमें से 5 एकड़ क्षेत्र में वन वाटिका विकसित की गई है। वर्ष 2009 से इस स्थल का संचालन वन प्रबंधन समूह के माध्यम से किया जा रहा है और यह क्षेत्र पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना चुका है तथा वर्तमान में भी इसका संचालन समूह द्वारा ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन वाटिका के संचालन की जिम्मेदारी विश्वास महिला स्व-सहायता समूह को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
वनमण्डलाधिकारी ने बताया कि यहां बच्चों के मनोरंजन हेतु विभिन्न प्रकार के झूले उपलब्ध हैं तथा भविष्य में और भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही वन वाटिका में प्रवेश एवं नौका विहार के लिए निर्धारित दरें तय की गई हैं, जिससे सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर रामानुजगंज रेंज अधिकारी कर्मचारी एवं ओम प्रकाश जायसवाल, सुनील तिवारी, बी डी लाल गुप्ता, अरुण केसरी, अश्वनी गुप्ता, अजय यादव, कमल विश्वास सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

फाउंडेशन द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती सह सम्मान समारोह का आयोजन।

रामानुजगंज के गांधी मैदान में माली मालाकार कल्याण संघर्ष मोर्चा इंडिया फाउंडेशन द्वारा समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य महात्मा फुले के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में शिक्षा और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ व्यापारी सुभाष जायसवाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता, अजय प्रजापति, मुकेश गुप्ता सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा स्कूल और प्राथमिक शाला कोईरी टोला के छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं शिक्षक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण बन गया।

फाउंडेशन के डायरेक्टर प्रकाश मालाकार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया और शिक्षा को हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि महात्मा फुले की प्रेरणा से उनकी पत्नी माता सावित्रीबाई फुले ने देश में महिलाओं के लिए पहला स्कूल खोलकर एक नई दिशा दी, जिससे समाज में जागरूकता और परिवर्तन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने महात्मा फुले के विचारों को अपनाने और समाज में समानता, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा का वातावरण बना रहा, जिसने उपस्थित लोगों को समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश प्रारंभ,

बलरामपुर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बलरामपुर में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभिभावक एवं विद्यार्थी 10 अप्रैल से 05 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए राज्य शासन की आधिकारिक वेबसाइट cgschool.in के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विद्यालय प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 1ली से लेकर कक्षा 12वीं तक विभिन्न कक्षाओं में सीमित सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा 1ली में 50 सीट, कक्षा 2री में 21 सीट, कक्षा 3री में 17 सीट, कक्षा 4थी में 10 सीट, कक्षा 5वीं में 08 सीट, कक्षा 6वीं में 05 सीट, कक्षा 7वीं में 05 सीट, कक्षा 8वीं में 05 सीट, कक्षा 9वीं में 03 सीट तथा कक्षा 10वीं में 04 सीट निर्धारित की गई हैं।
वहीं कक्षा 11वीं में जीव विज्ञान, गणित एवं वाणिज्य संकाय के लिए 50-50 सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन मंगाए गए हैं। विद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए प्राथमिकता दी जाएगी।
विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।

आबकारी विभाग की कार्रवाई में अवैध विदेशी मदिरा जब्त।

बलरामपुर,कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन पर जिला आबकारी अधिकारी एस.एन. साहू के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के भंडारण एवं परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग द्वारा कार्यवाही करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब जब्त किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया है कि आबकारी जांच चौकी धनवार में संजय प्रसाद के द्वारा उत्तरप्रदेश राज्य के बिक्री के बियर 12 बल्क लीटर विदेशी मदिरा के साथ 1 दो पहिया वाहन जब्त किया गया। उक्त आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण कायम कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस दौरान विवेचना अधिकारी अभिषेक कुमार राजवाड़े, आबकारी उपनिरीक्षक चन्द्रदीप भगत, आबकारी मुख्य आरक्षक गिरजा शंकर शुक्ला सहित टीम मौजूद रही। जिला आबकारी अधिकारी साहू ने बताया है अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन तथा सार्वजनिक जगहों पर मदिरापान और राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्गों के किनारे संचालित होटल, ढाबा में शराब रखने, पीने एवं पिलाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। साथ ही आबकारी अधिकारी ने बताया है कि अवैध मदिरा के संबंध में आबकारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07831-299241 एवं टोल फ्री नम्बर 14405 पर सूचित किया जा सकता है।